हालात

दिल्ली की हवा हुई जानलेवा, कई इलाकों में AQI 400 के पार, सांस और आंखों की परेशानी बढ़ी

दिल्ली में वायु प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ रहा है। राजधानी के कई इलाकों में AQI 300 के पार पहुंच गया है, जबकि चांदनी चौक में यह 400 दर्ज किया गया। खराब हवा के कारण लोगों को आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी हो रही है।

फोटो: विपिन
फोटो: विपिन 

दिल्ली में वायु प्रदूषण का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। राजधानी के कई इलाकों में हवा की गुणवत्ता बेहद खराब स्तर पर पहुंच गई है। प्रदूषण के चलते लोगों को आंखों में जलन, खांसी और सांस लेने में दिक्कत जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। चांदनी चौक में AQI 400 दर्ज किया गया, जबकि पूसा में वायु गुणवत्ता सूचकांक 398 तक पहुंच गया। ऐसे हालात ने दिल्लीवासियों की स्वास्थ्य संबंधी चिंताएं बढ़ा दी हैं।

चांदनी चौक का AQI 400 के पार

आंकड़ों पर नजर डालें तो चांदनी चौक दिल्ली का सबसे प्रदूषित इलाका रहा, जहां AQI 400 रिकॉर्ड किया गया। वहीं, पूसा (IITM) में 398, नॉर्थ कैंपस (डीयू) में 376 और सिरी फोर्ट में 375 AQI दर्ज हुआ। इसके अलावा बुराड़ी क्रॉसिंग में 364, आईटीआई दिल्ली और पंजाबी बाग में 361-361, जबकि अया नगर में 360 AQI रहा।

दूसरे इलाकों की स्थिति भी राहत देने वाली नहीं है। मुंडका में AQI 342, आरके पुरम में 327, लोधी रोड में 324, वजीरपुर में 310 और रोहिणी में 307 दर्ज किया गया। वहीं, बदरपुर में 294, आनंद विहार में 292, अशोक विहार में 282, नरेला में 277, जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 272 और अलीपुर में 261 AQI रिकॉर्ड हुआ।

क्या है AQI और कैसे तय होती है हवा की गुणवत्ता?

AQI यानी एयर क्वालिटी इंडेक्स एक ऐसा पैमाना है, जिसके जरिए हवा में मौजूद प्रदूषण की मात्रा और उससे होने वाले स्वास्थ्य प्रभावों का आकलन किया जाता है। भारत में इसे छह श्रेणियों में विभाजित किया गया है।

  • 0 से 50: अच्छा

  • 51 से 100: संतोषजनक

  • 101 से 200: मध्यम

  • 201 से 300: खराब

  • 301 से 400: बहुत खराब

  • 401 से 500: गंभीर

इन मानकों के अनुसार, दिल्ली के अधिकांश इलाकों में हवा की स्थिति बेहद खराब बनी हुई है। कई स्थानों पर AQI गंभीर श्रेणी के करीब पहुंच गया है।

GRAP-3 लागू, इन गतिविधियों पर लगी रोक

बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए दिल्ली-NCR में 6 नवंबर को ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) का तीसरा चरण लागू किया गया था। इसके तहत गैर-जरूरी निर्माण और तोड़फोड़ से जुड़े कार्यों पर रोक लगाई गई है।

इसके अलावा दिल्ली और निर्धारित NCR जिलों में BS-III पेट्रोल और BS-IV डीजल से चलने वाली चार पहिया गाड़ियों के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाया गया है। प्राथमिक कक्षाओं के लिए हाइब्रिड मोड में पढ़ाई का विकल्प भी दिया गया है।

GRAP के पहले और दूसरे चरण के तहत लागू उपाय भी जारी हैं। इनमें सड़कों की मशीनों से सफाई, नियमित पानी का छिड़काव और धूल को नियंत्रित करने जैसे कदम शामिल हैं।

प्रदूषण सेहत के लिए खतरा, बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी की जरूरत

विशेषज्ञों का कहना है कि लंबे समय तक प्रदूषित हवा में सांस लेने से स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ सकता है। इससे खांसी, गले में खराश, आंखों में जलन और सांस संबंधी परेशानियां बढ़ सकती हैं। बच्चों, बुजुर्गों और अस्थमा के मरीजों को इस दौरान खास सतर्क रहने की जरूरत है।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सलाह है कि AQI अधिक होने पर खुले में दौड़ने, टहलने और व्यायाम करने से बचें। बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें और बाहर जाते समय अच्छी फिटिंग वाला N95 मास्क पहनें। प्रदूषण के इस दौर में सावधानी बरतना ही स्वास्थ्य को सुरक्षित रखने का सबसे बेहतर तरीका है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए