हालात

दम घोंटती हवा! दिल्ली-NCR में घना स्मॉग, ओझल हुआ इंडिया गेट, कई इलाकों में AQI 350 पार

सुबह 8 बजे आनंद विहार का एक्यूआई 424 था, जो 'गंभीर' श्रेणी के करीब पहुंच चुका था। वहीं, वजीरपुर में तो हवा का एक्यूआई 447 तक पहुंच गया, जो किसी भी शहर के लिए बेहद खतरनाक स्थिति है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

दिल्ली में सर्दी की शुरुआत होते ही हवा में प्रदूषण का स्तर अचानक बढ़ गया है। राजधानी के कई इलाकों में शनिवार सुबह लोग भारी धुंध, आंखों में जलन और सीने में घुटन का सामना कर रहे थे। इंडिया गेट, जहां हर सुबह लोग टहलने आते थे, इस दिन मोटी स्मॉग की चादर के पीछे लगभग गायब दिखा। सुबह 8 बजे यहां एक्यूआई 369 दर्ज हुआ, जो 'बेहद खराब' श्रेणी में आता है।

वहीं आनंद विहार, जो हर साल प्रदूषण का मुख्य हॉटस्पॉट बनता है, में स्थिति और भी गंभीर रही। सीपीसीबी के आंकड़ों के मुताबिक, सुबह 8 बजे आनंद विहार का एक्यूआई 424 था, जो 'गंभीर' श्रेणी के करीब पहुंच चुका था। वहीं, वजीरपुर में तो हवा का एक्यूआई 447 तक पहुंच गया, जो किसी भी शहर के लिए बेहद खतरनाक स्थिति है।

Published: undefined

लोधी रोड, नजफगढ़, करोल बाग और आईजीआई एयरपोर्ट के आसपास भी हवा की गुणवत्ता बहुत खराब रही। हवा में मौजूद धूल, धुआं और नमी ने मिलकर स्मॉग की मोटी परत बना दी है, जिससे दृश्यता भी काफी घट गई। एनसीआर के अन्य हिस्सों में भी हालात बेहतर नहीं हैं। नोएडा के सेक्टर-1 का एक्यूआई 387 और गुरुग्राम के सेक्टर-51 में 285 दर्ज हुआ।

इस जहरीली हवा का सबसे ज्यादा असर बच्चों, बुजुर्गों और पहले से सांस की बीमारियों या हृदय रोगों से पीड़ित लोगों पर हो रहा है। उन्हें सांस लेने में परेशानी, आंखों में जलन, सिर दर्द और गले में खराश जैसी समस्याएं महसूस हो रही हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि लंबे समय तक इस स्तर की हवा में रहने से फेफड़ों पर स्थायी प्रभाव पड़ सकता है, और कैंसर जैसे गंभीर रोगों का खतरा भी बढ़ सकता है।

Published: undefined

दिल्ली की हवा की गुणवत्ता लगातार बिगड़ती जा रही है और यह समस्या हर सर्दी में और भी विकट रूप ले रही है। फिलहाल, सरकारी एजेंसियां स्थिति पर नजर रख रही हैं, लेकिन दिल्ली में रहने वाले लोगों के लिए यह प्रदूषण बेहद चिंताजनक है।

Published: undefined

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

Published: undefined