
दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव के चार केंद्रीय पदों के लिए शनिवार सुबह 8 बजे से नॉर्थ कैंपस में मतगणना जारी है।
मतगणना केंद्र और संवेदनशील इलाकों में पुलिस व अर्धसैनिक बलों के 2,000 से अधिक जवान तैनात हैं। प्रमुख सड़कों पर आवाजाही भी प्रतिबंधित है।
अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव पदों पर एबीवीपी, एनएसयूआई और आइसा-एसएफआई गठबंधन के उम्मीदवारों के बीच मुकाबला है।
इस बार कुल मतदान करीब 40 से 45 फीसदी रहने का अनुमान है, चार केंद्रीय पदों के लिए कुल 20 उम्मीदवार मैदान में हैं।
दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) चुनाव के लिए मतगणना शनिवार सुबह आठ बजे से शुरू हो गई है। भारी सुरक्षा के बीच वोटों की गिनती हो रही है, विश्वविद्यालय परिसर में पुलिस एवं अर्धसैनिक बल के 2,000 से अधिक जवान तैनात किए गए हैं। मतों की गिनती जारी रहने के मद्देनजर प्रमुख सड़कों पर आवाजाही प्रतिबंधित की गई है और मतगणना केंद्र के आसपास भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
आपको बता दें, अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव के चार केंद्रीय पदों के लिए मतगणना ‘नॉर्थ कैंपस’ स्थित विश्वविद्यालय खेल स्टेडियम के हॉल में हो रही है। इस चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) और अखिल भारतीय छात्र संगठन (आइसा)-स्टूडेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) के वाम गठबंधन समेत प्रमुख छात्र संगठनों के बीच मुकाबला है।
इससे पहले 2025 के चुनाव में अध्यक्ष पद समेत केंद्रीय पैनल के चार में से तीन पद पर अभाविप ने जीत हासिल की थी जबकि एनएसयूआई ने उपाध्यक्ष पद पर विजय हासिल की थी।
शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, इस बार कुल मतदान करीब 40 से 45 फीसदी के बीच रहने का अनुमान है। सुबह की पाली में करीब 39.77 फीसदी मतदान हुआ। एनएसयूआई, एबीवीपी, आइसा और एएसएपी के उम्मीदवारों के बीच हुए मुकाबले में सुबह मतदान की शुरुआत अपेक्षाकृत धीमी रही। कैंपस और आउटर कॉलेजों में शुरुआती घंटों में मतदान केंद्रों पर छात्रों की भीड़ कम दिखाई दी, लेकिन सुबह 11 बजे के बाद मतदान में तेजी आई।
डीयू के मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो. राज किशोर शर्मा ने बताया कि चुनाव के लिए कुल 1,000 ईवीएम का इस्तेमाल किया गया, जिनमें से 960 मशीनों को मतदान के लिए लगाया गया था, जबकि 40 मशीनें रिजर्व रखी गई थीं। मतदान के दौरान 12 कंट्रोल रूम संचालित किए गए। तकनीकी खराबी की स्थिति से निपटने के लिए विशेषज्ञों को भी उपलब्ध रखा गया था। हालांकि, कहीं से भी ईवीएम में खराबी की शिकायत नहीं मिली।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मतगणना और नतीजों की घोषणा शांतिपूर्ण ढंग से सुनिश्चित करने के लिए मतगणना केंद्र और अन्य संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। अधिकारी ने बताया कि महत्वपूर्ण स्थानों पर पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं और परिसरों में पैदल गश्ती दल, मोटरसाइकिल दस्ते और पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) के वाहन लगातार गश्त कर रहे हैं। बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था के तहत प्रमुख स्थानों पर अर्धसैनिक बलों के जवान भी तैनात किए गए हैं।
मतदान केंद्रों के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है ताकि विद्यार्थियों और उम्मीदवारों के समर्थकों की आवाजाही नियंत्रित की जा सके, भीड़भाड़ एवं लोगों को अनधिकृत रूप से एकत्र होने से रोका जा सके और झड़प जैसी घटनाएं नहीं हों। पुलिस के दल संवेदनशील स्थानों पर कड़ी नजर रख रहे हैं। खासकर उन इलाकों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जहां मतगणना आगे बढ़ने और नतीजों की घोषणा के दौरान विद्यार्थियों एवं समर्थकों की अधिक आवाजाही होने की संभावना है।
डूसू के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव इन चार केंद्रीय पदों के लिए कुल 20 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। अध्यक्ष पद पर सात, उपाध्यक्ष पद पर पांच, जबकि सचिव और संयुक्त सचिव पद पर चार-चार उम्मीदवारों ने अपनी किस्मत आजमाई।
एनएसयूआई की ओर से अध्यक्ष पद पर विजय शंकर मीणा, उपाध्यक्ष पद पर वीर चतरथ, सचिव पद पर नम्रता चौधरी और संयुक्त सचिव पद पर गोपाल चौधरी उम्मीदवार हैं। एबीवीपी ने अध्यक्ष पद के लिए यश डबास, उपाध्यक्ष के लिए इशू मौर्य, सचिव पद के लिए रिया छाबड़ी और संयुक्त सचिव पद के लिए लक्ष्यराज सिंह को प्रत्याशी बनाया है।
वहीं आइसा-एसएफआई गठबंधन की ओर से अध्यक्ष पद पर अनन्या रतूड़ी, उपाध्यक्ष पद पर अक्षत शिखर, सचिव पद पर स्टैनजिन डेसक्यॉन्ग और संयुक्त सचिव पद पर बी. पारीजात चुनाव लड़ रहे हैं। इसके अलावा अन्य छात्र संगठनों ने भी विभिन्न पदों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं।
मुख्य प्रतियोगिता किनके बीच है?
प्रेसिडेंट पद:
एबीवीपी: यश डबास
एनएसयूआई: विजय शंकर मीना
आइसा-एसएफआई: अनन्या रतूड़ी
उपाध्यक्ष:
एबीवीपी - ईशू मौर्य
एनएसयूआई - वीर चतरथ
आइसा-एसएफआई - अक्षत शिखर
सचिव:
एबीवीपी - रिया छावड़ी
एनएसयूआई - नम्रता चौधरी
आइसा-एसएफआई - स्टैनज़िन डेस्कयोंग
संयुक्त सचिव:
एबीवीपी - लक्ष्यराज सिंह
एनएसयूआई - गोपाल चौधरी
आइसा-एसएफआई - बी पारिजात
PTI के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए