हालात

DUSU चुनावः NSUI ने प्रत्याशियों की घोषणा की, अध्यक्ष पद के लिए विजय शंकर मीणा मैदान में

डूसू चुनाव के लिए मतदान 18 सितंबर को होगा। सुबह की पाली वाले कॉलेज के छात्र सुबह साढ़े आठ बजे से अपराह्न एक बजे तक और शाम की पाली वाले कॉलेज के छात्र अपराह्न तीन बजे से शाम साढ़े सात बजे तक वोट डाल सकते हैं। मतगणना 19 सितंबर को होगी।

DUSU चुनावः NSUI ने प्रत्याशियों की घोषणा की, अध्यक्ष पद के लिए विजय शंकर मीणा मैदान में
DUSU चुनावः NSUI ने प्रत्याशियों की घोषणा की, अध्यक्ष पद के लिए विजय शंकर मीणा मैदान में फोटोः NSUI

कांग्रेस के छात्र संगठन एनएसयूआई ने दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) चुनाव 2026-27 के चार प्रमुख पदों के लिए शुक्रवार को अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी जिसमें विजय शंकर मीणा को अध्यक्ष पद का प्रत्याशी बनाया गया है। वहीं वीर चतरथ को उपाध्यक्ष का उम्मीदवार घोषित किया गया है।

छात्र हितों को सर्वोपरि रखने का आह्वान

कांग्रेस से संबद्ध छात्र संगठन एनएसयूआई की ओर से सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर की गई एक पोस्ट के अनुसार, विजय शंकर मीणा अध्यक्ष पद के लिए मैदान में हैं, जबकि वीर चतरथ को उपाध्यक्ष, नम्रता चौधरी को सचिव और गोपाल चौधरी को संयुक्त सचिव पद का उम्मीदवार बनाया गया है। एनएसयूआई ने ‘‘छात्र हितों को सर्वोपरि’’ रखने का आह्वान करते हुए कहा, ‘‘आइए, एक समृद्ध, सुरक्षित और बेहतर दिल्ली विश्वविद्यालय के निर्माण में एनएसयूआई का हाथ मजबूत करें।’’

अध्यक्ष के लिए 7, उपाध्यक्ष पद के लिए 5 उम्मीदवार

इसी के साथ डूसू चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए सात, जबकि उपाध्यक्ष पद के लिए पांच उम्मीदवार मैदान में हैं। विश्वविद्यालय की ओर से शुक्रवार को जारी अंतिम अस्थायी सूची में यह जानकारी दी गई। अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों के नाम अनन्या रतूड़ी, अश्मित कुमार, एजाज मंसूरी, समर्थ बेनीवाल, समीर कुमार, विजय शंकर मीणा और यश डबास हैं।

वहीं, उपाध्यक्ष पद के लिए अरन्या सिंह राठौड़, दीपांशु शोकीन, ईशु मौर्य, वीर चतरथ और अक्षत शिखर चुनाव लड़ रहे हैं। विश्वविद्यालय ने कहा कि शिकायत निवारण प्रकोष्ठ की सिफारिश के बाद शिखर का नामांकन वैध पाया गया। सचिव पद के लिए चार उम्मीदवारों के नाम नम्रता चौधरी, पंकज कुमार, रिया छावड़ी और स्टैंजिन डेसक्यॉन्ग हैं। संयुक्त सचिव पद के लिए बी. पारिजात, गोपाल चौधरी, लक्ष्य राज सिंह और विशेष यादव उम्मीदवार हैं।

18 सितंबर को मतदान होगा

मुख्य चुनाव अधिकारी द्वारा जारी सूचियां अस्थायी हैं और दस्तावेजों की विस्तृत जांच की जानी है। विश्वविद्यालय ने कहा कि उम्मीदवारों द्वारा दी गई जानकारी में कोई गड़बड़ी पाए जाने पर नामांकन रद्द किया जा सकता है।

यह घोषणा दिल्ली विश्वविद्यालय के निर्वाचन अधिकारियों द्वारा नामांकन पत्रों की जांच के बाद उम्मीदवारों की अनंतिम सूची जारी किए जाने के एक दिन बाद आई है। विश्वविद्यालय ने उम्मीदवारों को शुक्रवार दोपहर 12 बजे तक अपना नामांकन वापस लेने की अनुमति दी है जिसके बाद उम्मीदवारों की अंतिम सूची प्रकाशित की जाएगी।

मतगणना 19 सितंबर को होगी

डूसू चुनाव के लिए मतदान 18 सितंबर को होना है। सुबह की पाली वाले कॉलेज के छात्र सुबह साढ़े आठ बजे से अपराह्न एक बजे तक और शाम की पाली वाले कॉलेज के छात्र अपराह्न तीन बजे से शाम साढ़े सात बजे तक वोट डाल सकते हैं। मतगणना 19 सितंबर को होगी और संभवतः उसी दिन नतीजे घोषित किए जाएंगे।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए