हालात

अफसोस है कि इस्तीफे के आठ महीने बाद भी धनखड़ के लिए विदाई समारोह नहीं हुआ: कांग्रेस

जयराम रमेश ने कहा कि दुर्भाग्यपूर्ण है कि 8 महीने बीत जाने के बाद भी राज्यसभा के पूर्व सभापति और उपराष्ट्रपति श्री जगदीप धनखड़, जिन्हें 21 जुलाई 2025 को अनिवार्य रूप से सेवानिवृत्त किया गया था, उनके लिए कोई विदाई समारोह आयोजित नहीं किया गया।

पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़
पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़  फोटोः Getty Images

कांग्रेस ने राज्यसभा में सेवानिवृत्त हो रहे कई सदस्यों को विदाई दिए जाने का उल्लेख करते हुए बुधवार को कहा कि अफसोस की बात है कि पूर्व सभापति जगदीप धनखड़ के लिए उप राष्ट्रपति पद से इस्तीफा देने के आठ महीने बाद भी कोई विदाई समारोह आयोजित नहीं हुआ।

धनखड़ ने पिछले साल संसद के मानसून सत्र की शुरुआत में ही स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद हुए चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के उम्मीदवार सी पी राधाकृष्णन नए उपराष्ट्रपति निर्वाचित हुए।

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘आज राज्यसभा में अगले तीन महीने में सेवानिवृत्त होने वाले सांसदों के लिए विदाई समारोह था। यह लगभग 6 घंटे तक चला, जिसमें प्रधानमंत्री लगभग एक घंटे तक शामिल हुए।’’

उन्होंने कहा, ‘‘अफसोस की बात है कि 21 जुलाई 2025 को अनिवार्य रूप से सेवानिवृत्त हुए पूर्व उपराष्ट्रपति और राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ के लिए 8 महीने बाद भी कोई विदाई समारोह नहीं हुआ है।’’

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए