हालात

'मोदी सरकार में ‘सब चंगा सी’ से ‘सब महंगा सी’ हो गया, आसमान छू रहे जरूरी वस्तुओं के दाम', जयराम का आरोप

कांग्रेस नेता ने कहा कि दूध, चावल, आटा, दाल, खाद्य तेल, प्याज, आलू, टमाटर, चीनी और घी समेत रोजमर्रा की जरूरी वस्तुओं के दाम आसमान छू रहे हैं। उन्होंने कहा कि अमूल और मदर डेयरी ने भी एक बार फिर दूध की कीमतें बढ़ा दी हैं।

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश  फोटोः सोशल मीडिया

  • जयराम ने कहा कि अच्छे दिन का वादा किया गया था, लेकिन, हर दिन महंगाई का नया वार किया जा रहा है।

  • उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने पहले ‘सब चंगा सी’ का दावा किया था, लेकिन अब स्थिति यह है कि ‘सब महंगा सी’ हो गया है।

  • कांग्रेस नेता ने कहा कि दूध, चावल, आटा, दाल, खाद्य तेल, प्याज, आलू, टमाटर, चीनी और घी समेत रोजमर्रा की जरूरी वस्तुओं के दाम आसमान छू रहे हैं

कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने महंगाई को लेकर मोदी सरकार पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पहले ‘सब चंगा सी’ का दावा किया था, लेकिन अब स्थिति यह है कि ‘सब महंगा सी’ हो गया है।

'हर दिन महंगाई का नया वार'

पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने गुरुवार को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि अच्छे दिन का वादा किया गया था, लेकिन, हर दिन महंगाई का नया वार किया जा रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि महंगाई के खिलाफ वोट मांगकर सत्ता में आई सरकार के कार्यकाल में महंगाई का खामियाजा मध्यम और गरीब वर्ग को भुगतना पड़ रहा है। रसोई से लेकर रोजमर्रा के उपभोक्ता उत्पादों तक की बढ़ती कीमतों ने हर घर का बजट बिगाड़ दिया है।

रोजमर्रा की जरूरत चीजें आम आदमी की पहुंच से बाहर!

कांग्रेस नेता ने कहा कि दूध, चावल, आटा, दाल, खाद्य तेल, प्याज, आलू, टमाटर, चीनी और घी समेत रोजमर्रा की जरूरी वस्तुओं के दाम आसमान छू रहे हैं। उन्होंने कहा कि अमूल और मदर डेयरी ने भी एक बार फिर दूध की कीमतें बढ़ा दी हैं।

जयराम ने दावा किया कि दीपावली के बाद से हिंदुस्तान यूनिलीवर जैसे बड़े ब्रांड ने डिटर्जेंट और होम केयर उत्पादों के दाम 11 प्रतिशत तक बढ़ा दिए हैं। उन्होंने कहा कि सर्फ एक्सेल, रिन, व्हील और मोती गुलाब साबुन जैसे रोजमर्रा की जरूरत के उत्पाद भी आम आदमी की पहुंच से बाहर होते जा रहे हैं।

उन्होंने सवाल किया कि जब सरकार का दावा है कि देश में चीनी का उत्पादन चार गुना तक बढ़ गया है और 36 लाख टन पुराना भंडार भी मौजूद है, तो आम जनता को महंगाई से राहत क्यों नहीं मिल रही है? उन्होंने कहा कि दालों के मामले में भी ऐसी ही स्थिति है।

E20 को लेकर पीएम मोदी से सवाल

कांग्रेस महासचिव ने पेट्रोल में ई20 (20 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल) को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने पूछा, ‘‘क्या पेट्रोल में ई20 की मिलावट की दोहरी मार हमें बढ़ती महंगाई और मिलावटी पेट्रोल के रूप में भुगतनी पड़ रही है?’’

जयराम ने कहा कि जनता जानना चाहती है कि आखिर कब तक झूठे दावों के पीछे छिपकर उसकी जेब पर बोझ डाला जाता रहेगा। उन्होंने कहा, ‘‘देश की जनता को सरकारी दावे और नीतियों के वादे नहीं चाहिए, हमारी मांग है कि महंगाई पर प्रभावी अंकुश लगे।’’

उन्होंने प्रधानमंत्री पर तंज कसते हुए कहा, ‘‘प्रधानमंत्री जी, आपने पहले कहा था- सब चंगा सी, लेकिन अब तो- सब महँगा सी!’’

पीटीआई के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए