हालात

उत्तराखंड से आई दिल दहला देने वाली खबर, सड़क हादसों में 17 लोगों की मौत, 38 गंभीर रूप से घायल!

टिहरी जिले में ही सोमवार रात से मंगलवार सुबह तक चार सड़क हादसे हुए जिनमें 13 व्यक्तियों की मृत्यु हुई। अलग-अलग सड़क हादसों में 17 लोगों की मौत हो गई और 38 अन्य घायल हो गए।

फोटो: PTI
फोटो: PTI 

उत्तराखंड में अलग-अलग सड़क हादसों में 17 लोगों की मौत हो गई और 38 अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों के मुताबिक, टिहरी जिले में ही सोमवार रात से मंगलवार सुबह तक चार सड़क हादसे हुए जिनमें 13 व्यक्तियों की मृत्यु हुई।

पुलिस ने बताया कि टिहरी जिले के मुनि की रेती क्षेत्र में मंगलवार सुबह करीब सवा पांच बजे गूलर बाजार के समीप एक बस पुल से करीब 100 मीटर नीचे गदेरा (बरसाती नदी) में गिर गई, जिससे उसमें सवार नौ यात्रियों की मौत हो गई और 25 अन्य लोग घायल हो गए।

पुलिस ने बताया कि ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए इस हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ), स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंचीं तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया ।

इसने बताया कि हादसे में सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और दो अन्य व्यक्तियों ने ऋषिकेश के एम्स में दम तोड़ दिया। मृतकों में रुद्रप्रयाग का रहने वाला बस चालक राजेंद्र सिंह (48) और टिहरी जिले के शिवपुरी का रहने वाला परिचालक अनुज भंडारी (27) भी शामिल है ।

टिहरी जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के मुताबिक, अन्य मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश के संभल जिले के चंदौसी के विक्की (37) एवं रोहित कश्यप (37), पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी के राज रॉय, उत्तराखंड के टिहरी जिले के मैखंडी निवासी पुन्नू (55), चमोली जिले के गोपेश्वर निवासी सुशील प्रताप सिलोडी (55), मध्यप्रदेश के दीपक गुप्ता (55) एवं विकास गुप्ता के रूप में हुई है ।

केंद्र ने बताया कि हादसे के समय बस में 34 यात्री सवार थे और वह हरिद्वार से चमोली जिले के जोशीमठ जा रही थी ।

इसने बताया कि घायलों का एम्स ऋषिकेश में उपचार जारी है । घायल यात्रियों में उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों के अलावा झारखंड, बिहार, असम, दिल्ली, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के लोग भी शामिल हैं। घायलों में तीन वर्षीय बच्ची आयरा और उसकी मां नूरजहां (26)भी शामिल हैं जो गुवाहाटी की रहने वाली हैं ।

टिहरी की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्वेता चौबे ने बताया कि यह हादसा प्रात: एक तीक्ष्ण मोड़ पर हुआ। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने एम्स ऋषिकेश पहुंचकर गूलर बस दुर्घटना के घायलों का जाना हालचाल जाना और चिकित्सकों को घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश दिए । उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस दुःखद घटना से प्रभावित लोगों एवं उनके परिजनों के साथ खड़ी है। इस मौके पर उनके साथ राज्यसभा सदस्य एवं उत्तराखंड भाजपा के अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट भी मौजूद थे।

मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता, गंभीर रूप से घायलों को एक-एक लाख तथा सामान्य घायलों को चालीस-चालीस हजार रुपए की राहत राशि प्रदान करने की घोषणा की है।

उन्होंने टिहरी की जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल एवं देहरादून के क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) को प्रधानमंत्री राहत योजना के अंतर्गत राहत राशि भी शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए ।

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, दूसरा हादसा टिहरी जिले के पावकीदेवी क्षेत्र में सोमवार रात हुआ जब बांसकाटल के पास एक ‘यूटिलिटी कैंपर’ अनियंत्रित होकर 60 मीटर नीचे गहरी खाई में गिर गया जिससे उसमें सवार 50 वर्षीय वीर सिंह की मृत्यु हो गयी तथा सात अन्य घायल हो गए । दुर्घटना के शिकार सभी व्यक्ति बांसकाटल के रहने वाले थे ।

केंद्र ने बताया कि एक अन्य हादसा, सोमवार देर रात टिहरी जिले के शिवपुरी क्षेत्र में हुआ जहां एक स्कूटर अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया ।

उसने कहा कि इस हादसे में स्कूटर पर सवार दो युवकों की मौत हो गयी जिनकी पहचान टिहरी जिले के दोगी क्षेत्र के रहने वाले आशीष सिंह (25) और प्रेम सिंह (32) के रूप में हुई है ।

टिहरी जिले में चौथा हादसा सोमवार देर रात घनसाली क्षेत्र में चमियाला-बूढ़ाकेदार मार्ग पर भटेडी बैंड के पास हुआ जहां एक स्कूटर और ट्रक की आपसी भिडंत में स्कूटर सवार व्यक्ति सुरेंद्र सिंह (35) की मृत्यु हो गयी ।

एक अन्य हादसा, सोमवार देर रात रुद्रप्रयाग जिले के ऊखीमठ क्षेत्र में बांसवाड़ा-मोहनखाल मार्ग पर हुआ जहां पोखरी से रांसी जा रहा एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया जिससे उसमें सवार चार लोगों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए।

पुलिस ने बताया कि हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंचीं तथा रातभर राहत एवं बचाव अभियान चलाकर वाहन में सवार लोगों को खाई से बाहर निकाला।

पुलिस के अनुसार, हादसे में चार लोगों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए। घायलों में से चार को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उच्चतर स्वास्थ्य केंद्र के लिए रेफर कर दिया गया।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए