हालात

दिल्ली, UP समेत 13 राज्यों में होगी भारी बारिश, IMD ने जारी किया रेड-यलो का अलर्ट, लोगों को सतर्क रहने की सलाह

मौसम में बदलाव की बड़ी वजह बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र है। यह सिस्टम अब उत्तर-पश्चिम और पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के साथ दक्षिण ओडिशा और उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटों के आसपास सक्रिय है।

फोटोः IANS
फोटोः IANS 

दिल्ली-NCR समेत देश के कई हिस्सों में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। कई राज्यों में बारिश का दौर शुरू हो गया है, वहीं भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आने वाले दिनों में भी बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग के मुताबिक, करीब 13 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम में बदलाव की बड़ी वजह बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र है। यह सिस्टम अब उत्तर-पश्चिम और पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के साथ दक्षिण ओडिशा और उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटों के आसपास सक्रिय है। इसके प्रभाव से कई इलाकों में बारिश और तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है।

दिल्ली-NCR में तेज बारिश और हवाओं का असर

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को मौसम अचानक बदला और कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हुई। बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। हालांकि, तेज बारिश के कारण कुछ इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक प्रभावित होने की आशंका भी बनी हुई है।

IMD ने दिल्ली में रात तक बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली-NCR में रविवार तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। इस दौरान कुछ इलाकों में तेज बारिश के साथ हवाएं चलने की भी संभावना है।

इन राज्यों में भी बारिश की संभावना

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक वीकेंड के दौरान उत्तर प्रदेश, दिल्ली-NCR, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ और राजस्थान के कुछ हिस्सों में रुक-रुककर मध्यम बारिश हो सकती है। उत्तर भारत के कई इलाकों में बादल छाए रहने और बीच-बीच में बारिश होने की संभावना है।

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में सक्रिय मौसम प्रणाली के कारण नमी वाली हवाओं का प्रभाव बढ़ा है। इसका असर देश के अलग-अलग हिस्सों में देखने को मिल सकता है।

लोगों को सतर्क रहने की सलाह

मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। तेज बारिश और हवाओं के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने के साथ खुले स्थानों, पेड़ों और कमजोर ढांचों के आसपास जाने से बचने को कहा गया है।

दिल्ली-NCR में अगले कुछ दिन मौसम के लिहाज से अहम रहने वाले हैं। बारिश का असर सड़क यातायात, दैनिक आवाजाही और जनजीवन पर पड़ सकता है। ऐसे में लोगों को घर से निकलने से पहले मौसम और ट्रैफिक की स्थिति की जानकारी लेने की सलाह दी गई है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए