हालात

भारी बारिश से दिल्ली-एनसीआर में विमान सेवा प्रभावित, कई उड़ानों का मार्ग बदला गया, एयरलाइंस ने जारी की एडवाइजरी

भारी बारिश के चलते सोमवार को दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में भारी जलजमाव और ट्रैफिक जाम हो गया, जिससे आम जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया। खराब मौसम का असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ा। हालात को देखते हुए एयरलाइन ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है।

भारी बारिश से दिल्ली-एनसीआर में विमान सेवा प्रभावित, कई उड़ानों का मार्ग बदला गया, एयरलाइंस ने जारी की एडवाइजरी
भारी बारिश से दिल्ली-एनसीआर में विमान सेवा प्रभावित, कई उड़ानों का मार्ग बदला गया, एयरलाइंस ने जारी की एडवाइजरी फोटोः IANS

दिल्ली-एनसीआर में सोमवार को भारी बारिश के चलते कई इलाकों में भारी जलजमाव और ट्रैफिक जाम हो गया, जिससे आम जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया। खराब मौसम का असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ा और सोमवार को एक दर्जन से अधिक उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा। हालात को देखते हुए एयरलाइन ने एडवाइजरी जारी करते हुए यात्रियों को एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले उड़ान का स्टेटस चेक करने को कहा है।

कई फ्लाइट डायवर्ट, दर्जनों उड़ानों में देरी

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज तेज बारिश और कुछ हिस्सों में तेज आंधी चली। खराब मौसम के कारण इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर खराब मौसम के कारण दर्जनों उड़ानों में देरी हुई, वहीं कुछ को रद्द कर दिया गया। वहीं दिल्ली हवाई अड्डे पर कम से कम 15 उड़ानों का मार्ग परिवर्तित किया गया। एक अधिकारी ने बताया कि 12 उड़ानों को जयपुर, दो को चंडीगढ़ और एक उड़ान को लखनऊ भेजा गया।

एयर इंडिया इंडिगो ने जारी की एडवाइजरी

सोशल मीडिया पर एयरलाइन कंपनियों ने कहा कि कठिन मौसमी परिस्थितियों के कारण विमान के ऑपरेशन और शेड्यूल प्रभावित हुए हैं। इंडिगो ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में खराब मौसम के कारण उड़ानें प्रभावित हुई हैं और कंपनी स्थिति पर नजर रख रही है। इंडिगो ने यात्रियों को सलाह दी कि वे फ्लाइट के रियल-टाइम अपडेट चेक करें और ट्रैफिक की वजह से होने वाली देरी को ध्यान में रखते हुए यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर चलें।

इसी तरह, एयर इंडिया ने चेतावनी दी कि मौसम की वजह से दिल्ली आने-जाने वाली फ्लाइट्स पर असर पड़ सकता है और यात्रियों से कहा कि वे एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस जरूर चेक कर लें। एयरलाइन ने कहा, "खराब मौसम की वजह से आज दिल्ली आने-जाने वाली उड़ानों पर असर पड़ सकता है।"

अकासा एयर ने जारी की एडवाइजरी

आकासा एयर ने बताया कि दिल्ली में खराब मौसम से उसके नेटवर्क की कुछ उड़ानें प्रभावित हुई हैं, वहीं स्पाइसजेट ने चेतावनी दी कि इन हालात के कारण उड़ानों के आने-जाने और कनेक्टिंग उड़ानों में देरी हो सकती है। आकासा एयर ने एक्स पर पोस्ट किया, "दिल्ली में खराब मौसम के कारण हमारे नेटवर्क की कुछ उड़ानें प्रभावित हुई हैं। हम समझते हैं कि इससे आपकी यात्रा की योजनाओं में परेशानी हो सकती है और हम आपसे धैर्य और समझदारी की उम्मीद करते हैं। हालांकि यह स्थिति पूरी तरह से हमारे नियंत्रण से बाहर है, लेकिन आप निश्चिंत रहें कि हमारी टीमें आपकी मदद के लिए हमेशा तैयार हैं।"

इसे भी पढ़ेंः दिल्ली-NCR में जमकर बरसे बादल, कई इलाकों में रेड अलर्ट, आंधी-बिजली के साथ भारी बारिश की चेतावनी

कुछ हिस्सों में भारी बारिश, आंधी-तूफान का अलर्ट

इस बीच, भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली के लिए मौसम संबंधी अलर्ट जारी किया है, जिसमें राजधानी के कुछ हिस्सों में भारी बारिश, आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया गया है। इससे पहले, एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआई) ने यात्रियों के लिए यात्रा संबंधी दिशानिर्देश जारी किए थे। एएआई ने एक्स पर कहा, "यात्रा करने से पहले, अपने प्रस्थान और आगमन वाले शहरों में मौसम की स्थिति के बारे में जानकारी रखें।"

इसे भी पढ़ेंः उत्तर प्रदेश में बाढ़ की मार, प्रयागराज में गंगा-यमुना उफान पर, बड़े हनुमान मंदिर की दहलीज तक पहुंचा पानी