
राष्ट्रीय राजधानी में बृहस्पतिवार को हुई मूसलाधार बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव हो गया और व्यस्त समय के दौरान प्रमुख सड़कों एवं राजमार्गों पर लंबा यातायात जाम लग गया। यात्रियों को कई मार्गों पर काफी देर प्रतीक्षा करनी पड़ी।
अरुणा आसफ अली मार्ग, शहीद जीत सिंह मार्ग, बेर सराय, जेएनयू गेट-जिया सराय मार्ग, गुरुग्राम की ओर धौला कुआं और रजोकरी फ्लाई ओवर के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग-48, कालिंदी कुंज तथा दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर वाहनों की गति बेहद धीमी रही।
कई लोगों ने सोशल मीडिया पर लंबे जाम की शिकायत की। कुछ लोगों ने कहा कि जिन मार्गों पर सामान्य तौर पर कम समय लगता है, वहां उन्हें करीब एक घंटे तक फंसे रहना पड़ा। कुछ लोगों ने यूसुफ सराय मार्केट और जेएनयू गेट के पास यातायात प्रबंधन की कमी की भी शिकायत की।
ग्रीन पार्क मेट्रो स्टेशन और अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के आसपास भी यातायात प्रभावित रहा, जहां सुबह के व्यस्त समय में वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं।
पूर्वोत्तर दिल्ली के शास्त्री पार्क इलाके में जलभराव की सूचना मिली। वहां वर्षा का पानी कुछ दुकानों में घुस गया, जिससे व्यापारियों और स्थानीय लोगों को परेशानी हुई।
सैनिक फार्म में भी सड़कों पर पानी भर जाने से वाहनों की आवाजाही बाधित रही। वहीं, रोहतक रोड पर भी बारिश के बाद जलभराव की स्थिति देखी गई। यात्रियों ने इसकी जानकारी सोशल मीडिया पर साझा की।
यात्रियों के अनुसार, कालिंदी कुंज में भी जलभराव के कारण वाहनों की रफ्तार धीमी रही।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी करते हुए कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी दी है। वहीं, गुरुग्राम और फरीदाबाद के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है।
रुक-रुक कर हो रही बारिश के बीच सुबह के समय शहर के कई मार्गों पर बड़ी देर तक यातायात जाम की स्थिति बनी रही।
पीटीआई के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए