हालात

अगर मोदी सरकार सही है तो छात्रों के आंदोलन पर संसद में बहस कराए: खड़गे

खड़गे ने हलद्वानी के रामलीला मैदान से पार्टी के चुनावी अभियान का ‘विजय शंखनाद’ करते हुए कहा कि बार-बार प्रश्नपत्र लीक होने से छात्र परेशान हैं और जब वे अपनी मांगों को लेकर जंतर-मंतर पर आंदोलन करते हैं तो उनके साथ दमनात्मक रवैया अपनाया जाता है।

अगर मोदी सरकार सही है तो छात्रों के आंदोलन पर संसद में बहस कराए: खड़गे
अगर मोदी सरकार सही है तो छात्रों के आंदोलन पर संसद में बहस कराए: खड़गे फोटोः @INCIndia

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने शनिवार को उत्तराखंड के हलद्वानी में एक जनसभा में राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) के प्रश्नपत्र लीक मामले में केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए शप्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को चुनौती दी कि अगर वे सही हैं तो छात्रों के आंदोलन के मुद्दे पर संसद में बहस कराएं।

कांग्रेस के चुनावी अभियान का ‘विजय शंखनाद’

खड़गे ने हलद्वानी के रामलीला मैदान से पार्टी के चुनावी अभियान का ‘विजय शंखनाद’ करते हुए कहा कि बार-बार प्रश्नपत्र लीक होने से छात्र परेशान हैं और जब वे अपनी मांगों को लेकर जंतर-मंतर पर आंदोलन करते हैं तो उनके साथ दमनात्मक रवैया अपनाया जाता है। उन्होंने कहा कि संसद में विपक्ष ने नहीं बल्कि खुद सरकार ने सदन को चलने नहीं दिया।

कांग्रेस कार्यकर्ता किसी दबाव से डरने वाले नहीं

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, “मोदी जी, तुमसे और तुम्हारे शाह से नहीं डरते। 56 इंच की छाती सिकुड़ गई क्या? विद्यार्थियों से बात नहीं कर सकते क्या?” उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता किसी दबाव से डरने वाले नहीं हैं और पार्टी संविधान, लोकतंत्र, गरीबों, महिलाओं और छात्रों के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष कर रही है। उन्होंने भारत जोड़ो यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि राहुल गांधी ने कन्याकुमारी से कश्मीर तक संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए पदयात्रा की।

खड़गे ने बेरोजगारी के मुद्दे को लेकर केंद्र पर निशाना साधते हुए कहा कि 2014 में हर साल दो करोड़ रोजगार देने का वादा किया गया था। उन्होंने सवाल किया कि युवाओं को कितनी नौकरियां मिलीं? खड़गे ने दावा किया, “देश में करीब 30 लाख सरकारी पद रिक्त हैं लेकिन उन्हें भरा नहीं जा रहा। ऐसे में विकसित भारत की बात कैसे की जा सकती है।”

कांग्रेस के पास रोजगार और विकास का विजन

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास रोजगार और विकास को लेकर विजन और योजना है। कांग्रेस अध्यक्ष ने वादा किया कि कांग्रेस सत्ता में आई तो योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरी देने की व्यवस्था को मजबूत करेगी। उन्होंने उत्तराखंड के युवाओं को होनहार बताते हुए अल्मोड़ा के युवा आविष्कारक रवि टम्टा का भी जिक्र किया और कहा कि उन्होंने अपने दम पर उड़ने वाली कार तैयार की है।

खड़गे ने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कहा कि कांग्रेस नेताओं को भ्रष्टाचार के आरोप में जेल भेजने की बात करने के बाद बीजेपी उन्हीं आरोपों से घिरे नेताओं को शामिल कर लेती है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि बीजेपी ने ऐसे नेताओं को ‘वॉशिंग मशीन’ में डालकर साफ करने का काम शुरू कर दिया है।

उत्तराखंड सरकार सभी मोर्चों पर विफल

खड़गे ने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता में रहते हुए खाद्य सुरक्षा कानून और मनरेगा जैसे कानून बनाए जबकि बीजेपी के पास गरीबों और युवाओं के लिए ठोस योजना नहीं है। उन्होंने दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के कार्यकाल का भी जिक्र किया और कहा कि उस समय कांग्रेस सरकार ने किसानों का करीब 62 हजार करोड़ रुपये का कर्ज माफ किया था।

खड़गे ने महात्मा गांधी द्वारा शुरू किए गए ‘भारत छोड़ो आंदोलन’ का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि बीजेपी और संघ का आजादी के आंदोलन में कोई योगदान नहीं रहा लेकिन वे आज कांग्रेस को देशभक्ति का पाठ पढ़ा रहे हैं। उन्होंने उत्तराखंड सरकार पर सभी मोर्चों पर विफल रहने का आरोप लगाया और कहा कि वह राज्य में सड़कों के गड्ढे तक नहीं भर पा रही है। उन्होंने कहा कि जनता वर्तमान सरकार से परेशान है और उन्होंने दावा किया कि अगले चुनाव के बाद प्रदेश में कांग्रेस की ही सरकार बनेगी।

सभा में आ रहे कांग्रेस नेताओं की गाड़ी रोकने पर बवाल

खड़गे की जनसभा से पहले कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को लेकर आ रही बसों और वाहनों को रोके जाने का आरोप लगाते हुए हल्द्वानी में एसएसपी कार्यालय के बाहर धरना दिया था। इस दौरान, कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष गणेश गोदियाल और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य भी कार्यकर्ताओं के साथ धरने पर बैठे।

आर्य ने पुलिस प्रशासन पर ‘सरकार के एजेंट’ के रूप में काम करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सभा में पहुंचने से रोकने के लिए बेवजह वाहनों की जांच की जा रही है। हल्द्वानी से कांग्रेस विधायक सुमित हृदयेश ने ‘फेसबुक’ लाइव के जरिए नैनीताल के एसएसपी मंजूनाथ टीसी पर आरोप लगाया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की सभा में आने वाले लोगों की गाड़ियों को जबरन रोका जा रहा है। उन्होंने पुलिस की कार्यशैली के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी भी दी।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए