हालात

IIT बॉम्बे छात्र साहिल आत्महत्या मामला, प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला से 10 घंटे तकहुई पूछताछ

अधिकारियों ने बताया कि बृहस्पतिवार को हुई पूछताछ के दौरान डूला ने सभी आरोपों से इनकार किया। पुलिस ने उनका आधिकारिक बयान दर्ज कर लिया है।

आईआईटी बॉम्बे के छात्र अपने साथी की मौत से गुस्से में हैं
आईआईटी बॉम्बे के छात्र अपने साथी की मौत से गुस्से में हैं 

  • आईआईटी बॉम्बे के छात्र साहिल वाकोडे आत्महत्या मामले में प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला से पूछताछ

  • साहिल वाकोडे को 18 सितंबर को IIT के पवई कैंपस में हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटका पाया गया था।

  • छात्र के माता-पिता ने डूला पर साहिल को प्रताड़ित करने और जातिगत भेदभाव का आरोप लगाया

मुंबई स्थित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) के छात्र साहिल वाकोडे (22) की कथित आत्महत्या के मामले में मुंबई पुलिस ने संस्थान के प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला से करीब 10 घंटे तक पूछताछ की। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

छात्र के माता-पिता ने डूला पर साहिल को प्रताड़ित करने और जातिगत भेदभाव का आरोप लगाया है।

अधिकारियों ने बताया कि बृहस्पतिवार को हुई पूछताछ के दौरान डूला ने सभी आरोपों से इनकार किया। पुलिस ने उनका आधिकारिक बयान दर्ज कर लिया है।

अधिकारियों के अनुसार, ऊर्जा विज्ञान एवं इंजीनियरिंग विभाग के बीटेक द्वितीय वर्ष का छात्र वाकोडे (22) 18 सितंबर की शाम आईआईटी मुंबई के पवई परिसर स्थित छात्रावास के कमरे में पंखे से लटका मिला था। यह घटना उसके मध्यावधि परीक्षा के दौरान कथित तौर पर चैटजीपीटी और मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते वक्त पकड़े जाने के कुछ घंटे बाद हुई।

पवई पुलिस ने छात्र के पिता की शिकायत के आधार पर प्रोफेसर डूला के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।

अपने बेटे के लिए न्याय की मांग को लेकर दक्षिण मुंबई के आजाद मैदान में भूख हड़ताल पर बैठे साहिल के माता-पिता ने देश के इस नामी संस्थान पर जातिगत भेदभाव का आरोप लगाया है। वे प्रोफेसर डूला और आईआईटी मुंबई के निदेशक शिरीष केदारे की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच कर रही अपराध शाखा अब तक माता-पिता, छात्रों, दोस्तों और संस्थान व हॉस्टल के कर्मचारियों समेत करीब 40 लोगों के बयान दर्ज कर चुकी है।

उन्होंने बताया कि पुलिस इस मामले में जल्द ही आईआईटी मुंबई के निदेशक शिरीष केदारे को भी समन भेजकर बयान दर्ज करने के लिए बुला सकती है।

इससे पहले आईआईटी मुंबई के बोर्ड ने छात्र की मौत की परिस्थितियों की जांच के लिए 10 सदस्यीय समिति का गठन किया था।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए