हालात

मौसम अपडेट: दिल्ली, यूपी और बिहार समेत 12 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, IMD ने जारी की बड़ी चेतावनी

मौसम विभाग ने 7 अगस्त के लिए 12 राज्यों में भारी बारिश, आंधी और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में 70 किमी/घंटा तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

देशभर में मॉनसून का असर लगातार तेज हो रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 7 अगस्त के लिए बड़ा अलर्ट जारी करते हुए अगले 10 घंटे के भीतर 12 राज्यों में मूसलाधार बारिश, तेज आंधी और वज्रपात की चेतावनी दी है। कई इलाकों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन और निचले इलाकों में जलभराव की आशंका भी जताई है। किसानों, नदी किनारे रहने वाले लोगों और मछुआरों से अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील की गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक, सक्रिय मॉनसूनी सिस्टम और अलग-अलग स्थानों पर बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण उत्तर, पूर्व और पश्चिम भारत के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहेगा। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, राजस्थान, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, जम्मू-कश्मीर के साथ हरियाणा और ओडिशा में भी मौसम का असर देखने को मिल सकता है।

दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार में कहां ज्यादा असर रहेगा?

दिल्ली: राजधानी में आज बारिश और तेज हवाओं की संभावना है। 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 32 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

उत्तर प्रदेश: मेरठ, गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, मिर्जापुर, सोनभद्र, चंदौली, कानपुर, प्रयागराज, देवरिया, वाराणसी और गोरखपुर में भारी बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। लखनऊ में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

बिहार: रोहतास, भोजपुर, बक्सर, अरवल, औरंगाबाद, गया, पटना, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज, खगड़िया और बेगूसराय में भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है। हवा 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है। पटना में अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

झारखंड, उत्तराखंड, हिमाचल और पश्चिम बंगाल में कैसा रहेगा मौसम?

झारखंड: बोकारो, सिमडेगा, खूंटी, देवघर, हजारीबाग, रांची, जमशेदपुर, पलामू और धनबाद में भारी बारिश का अलर्ट है। कुछ स्थानों पर 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक तेज हवाएं चल सकती हैं। रांची में अधिकतम तापमान 27 और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

उत्तराखंड: नैनीताल, हरिद्वार, ऋषिकेश, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और अल्मोड़ा में भारी बारिश के साथ 60 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। देहरादून में अधिकतम तापमान 27 और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

हिमाचल प्रदेश: कुल्लू, शिमला, सिरमौर, कांगड़ा, सोलन, बिलासपुर और मंडी में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मनाली में अधिकतम तापमान 12 और न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

पश्चिम बंगाल: हावड़ा, पुरबा बर्धमान, बांकुड़ा, जलपाईगुड़ी, कालिम्पोंग, अलीपुरद्वार, मालदा और कोलकाता में भारी बारिश के साथ 55 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और मध्य प्रदेश के लिए क्या चेतावनी है?

पंजाब: होशियारपुर, चंडीगढ़, बठिंडा, अमृतसर, बरनाला, पठानकोट, फरीदकोट, फिरोजपुर और लुधियाना में तेज बारिश और आंधी की संभावना है। हवा 60 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक चल सकती है।

हरियाणा: मौसम विभाग ने राज्य में 7 अगस्त के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। कई इलाकों में बारिश और गरज-चमक के साथ मौसम बिगड़ सकता है। लोगों को मौसम विभाग की सलाह का पालन करने और खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की गई है।

राजस्थान: दौसा, भरतपुर, करौली, सवाई माधोपुर, चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, अजमेर और अलवर में हल्की से मध्यम बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। जयपुर में अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

मध्य प्रदेश: भोपाल, बालाघाट, शहडोल, खरगोन, मांडला, देवास, रायसेन, पन्ना, दमोह, नीमच, आगर मालवा, विदिशा, सिवनी, खंडवा और शिवपुरी में बारिश और तेज हवा का येलो अलर्ट जारी किया गया है। भोपाल में अधिकतम तापमान 27 और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

जम्मू-कश्मीर और ओडिशा में भी सतर्क रहने की सलाह

जम्मू-कश्मीर: जम्मू, पुंछ, कुलगाम, कठुआ, शोपियां, गांदरबल, बांदीपोरा, राजौरी और किश्तवाड़ में बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है। श्रीनगर में अधिकतम तापमान 29 और न्यूनतम 18 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

ओडिशा: मौसम विभाग के अनुसार राज्य के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। कुछ इलाकों के लिए येलो चेतावनी भी जारी की गई है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की गई है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए