हालात

मौसम अपडेट: यूपी, MP, हरियाणा और उत्तराखंड में भारी बारिश-आंधी की चेतावनी, पंजाब के पटियाला में रेड अलर्ट

आईएमडी ने पंजाब, यूपी समेत कई राज्यों के लिए नाउकास्ट अलर्ट जारी किया है। अगले 2-3 घंटे आंधी, बिजली, तेज हवाएं और भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया 

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मंगलवार को कई राज्यों के लिए जिलेवार 'नाउकास्ट' यानी तत्काल मौसम चेतावनी जारी की है। विभाग ने अगले दो से तीन घंटों के दौरान कई इलाकों में आंधी-तूफान, बिजली गिरने, तेज हवाएं और भारी बारिश की आशंका जताई है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और मौसम खराब होने पर सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।

पटियाला में रेड अलर्ट, घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह

आईएमडी ने पंजाब के पटियाला जिले के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार यहां गरज-चमक के साथ आंधी-तूफान, करीब 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और 15 मिमी प्रति घंटे से अधिक की भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने लोगों से बिना जरूरी काम के घर से बाहर न निकलने और यात्रा से बचने की अपील की है।

इन राज्यों के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने कई राज्यों के जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है। इन इलाकों में गरज-चमक, बिजली गिरने, 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और 5 से 15 मिमी प्रति घंटे या उससे अधिक की मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है।

ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में पंजाब के फतेहगढ़ साहिब, लुधियाना, संगरूर और एसएएस नगर शामिल हैं। उत्तर प्रदेश में अमेठी, अयोध्या, बाराबंकी, फतेहपुर, हरदोई, कानपुर देहात, कानपुर नगर, लखनऊ, प्रतापगढ़, रायबरेली और उन्नाव के लिए चेतावनी जारी की गई है।

इसके अलावा केरल के कासरगोड, कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़, शिवमोग्गा और उडुपी, मध्य प्रदेश के भिंड, दतिया, ग्वालियर, मुरैना, श्योपुर कलां और शिवपुरी, मणिपुर के जिरीबाम, कामजोंग, नोनी, सेनापति और तामेंगलोंग, पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर, नागालैंड के लोंगलेंग, मोकोकचुंग, मोन और वोखा, असम के गोलाघाट, जोरहाट, माजुली और शिवसागर, हरियाणा के अंबाला, फरीदाबाद, गुरुग्राम, कैथल और कुरुक्षेत्र तथा उत्तराखंड के बागेश्वर, देहरादून, पिथौरागढ़, टिहरी गढ़वाल और उत्तरकाशी में भी ऑरेंज अलर्ट लागू किया गया है।

IMD ने की ये अपील

मौसम विभाग ने कहा है कि मौसम से जुड़ी ताजा जानकारी, जिलेवार नाउकास्ट और येलो अलर्ट सहित सभी अपडेट आईएमडी के आधिकारिक मौसम पोर्टल पर उपलब्ध हैं। विभाग लगातार बदलते मौसम की निगरानी कर रहा है और लोगों से अपील की गई है कि वे केवल आधिकारिक माध्यमों से जारी जानकारी पर भरोसा करें और मौसम संबंधी सलाह का पालन करें।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए