हालात

मौसम अपडेट: यूपी, बिहार, राजस्थान और गुजरात में भारी बारिश का अलर्ट, 21 राज्यों में बरसेंगे बादल

IMD ने 31 जुलाई को 21 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। असम में बाढ़, उत्तराखंड में भूस्खलन और कई राज्यों में फ्लैश फ्लड का खतरा बना हुआ है।

फोटो: विपिन
फोटो: विपिन 

देश के कई हिस्सों में लगातार हो रही बारिश के बीच भारत मौसम विभाग (IMD) ने 31 जुलाई के लिए बड़ा अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार 21 राज्यों में हल्की से लेकर भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है। वहीं, असम में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है, जबकि उत्तराखंड में भूस्खलन की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।

आईएमडी के मुताबिक, अगले 3 से 4 दिनों तक उत्तर-पश्चिम और पश्चिम-मध्य भारत में मानसून सामान्य से अधिक सक्रिय रहेगा। इसके अलावा पूर्वी और पश्चिमी मध्य प्रदेश, विदर्भ, गुजरात, मध्य महाराष्ट्र और पूर्वी राजस्थान के कई जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान फ्लैश फ्लड की आशंका जताई गई है। अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के कई समुद्री इलाकों में खराब मौसम को देखते हुए मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है।

दिल्ली में तीन दिन तक बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार, 31 जुलाई को दिल्ली में सुबह, दोपहर और रात तीनों समय गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। 1 अगस्त को अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। आर्द्रता 95 से 75 प्रतिशत के बीच रह सकती है। 2 अगस्त को भी बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना बनी रहेगी।

यूपी में 5 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट

आईएमडी के अनुसार, 31 जुलाई को पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और बिजली गिरने की भी आशंका है। मौसम विभाग ने 3 से 5 अगस्त तक राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

बिहार में बारिश के साथ तेज हवाओं की चेतावनी

बिहार के अधिकांश हिस्सों में 31 जुलाई से 5 अगस्त तक गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। कई स्थानों पर भारी वर्षा भी हो सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को निचले इलाकों और जलभराव वाले क्षेत्रों में सतर्क रहने की सलाह दी है।

राजस्थान में भारी से अति भारी बारिश का अनुमान

दक्षिण-पश्चिम मानसून के असर से राजस्थान में बारिश का दौर जारी रहेगा। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार जयपुर, भरतपुर, अजमेर और उदयपुर संभाग में अगले कुछ दिनों तक मानसून सक्रिय रहेगा। वहीं जोधपुर संभाग के दक्षिणी हिस्सों में 31 जुलाई से 2 अगस्त के बीच भारी से अति भारी बारिश होने की संभावना है।

गुजरात के कई जिले हाई अलर्ट पर

आईएमडी के भारी बारिश के पूर्वानुमान के बाद गुजरात सरकार ने संवेदनशील जिलों के अधिकारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। 31 जुलाई से 2 अगस्त के बीच राज्य में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है। सूरत, वडोदरा, अहमदाबाद, भावनगर, भरूच, आणंद, नर्मदा, तापी, डांग, छोटा उदेपुर, पंचमहल, दाहोद और महीसागर जिलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।

असम में बाढ़ के बीच फिर बारिश की चेतावनी

असम में कई इलाकों में जलस्तर कम हुआ है, लेकिन बाढ़ की स्थिति अब भी गंभीर बनी हुई है। अधिकारियों के मुताबिक, राज्य में अब तक 78 लोगों की मौत हो चुकी है और तीन लाख से अधिक लोग प्रभावित हैं। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक असम, अरुणाचल प्रदेश और नागालैंड के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। 31 जुलाई और 1 अगस्त को तिनसुकिया, धेमाजी और लखीमपुर जिलों में भारी बारिश की संभावना है।

हिमाचल में 5 अगस्त तक बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, पूरे हिमाचल प्रदेश में 31 जुलाई से 5 अगस्त तक गरज-चमक, बिजली गिरने और व्यापक बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कई इलाकों में भारी बारिश का भी अलर्ट जारी किया गया है।

उत्तराखंड में भूस्खलन का खतरा बरकरार

आईएमडी के अनुसार, 31 जुलाई से 5 अगस्त तक उत्तराखंड में व्यापक बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना है। पूरे राज्य में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और अचानक जलभराव की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।  

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए