
देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवात ‘अर्नब’ के प्रभाव से भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने विभिन्न राज्यों में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है। चक्रवात के आंध्र प्रदेश के तट से टकराने के बाद इसका असर दूसरे राज्यों में भी देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले तीन से चार दिनों तक कई इलाकों में मौसम खराब रहने की संभावना है।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बुधवार को दोपहर या शाम के समय आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में 29 अक्टूबर और फिर 30 अक्टूबर को गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश में 28 से 31 अक्टूबर के बीच बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। खासकर पूर्वी उत्तर प्रदेश में 29 और 30 अक्टूबर को बड़े इलाके में बारिश हो सकती है। वहीं, बिहार के 13 जिलों में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किए जाने की जानकारी दी गई है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
चक्रवात अर्नब का असर पूर्वी भारत के राज्यों में भी दिखाई दे सकता है। झारखंड में 30 अक्टूबर तक बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है। कुछ क्षेत्रों में हवा की गति 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। गांगेय पश्चिम बंगाल में 28 और 29 अक्टूबर को, जबकि उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 29 और 30 अक्टूबर को व्यापक बारिश की संभावना है। ओडिशा में भी अगले दो से तीन दिनों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। कई स्थानों पर तेज हवाओं और बिजली गिरने का खतरा भी बना हुआ है।
मध्य भारत के कई राज्यों में भी मौसम का असर देखने को मिल सकता है। पश्चिमी मध्य प्रदेश में 28 अक्टूबर से 2 नवंबर तक अलग-अलग स्थानों पर बारिश की संभावना है। पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 28 अक्टूबर तथा 31 अक्टूबर से 2 नवंबर के बीच बारिश हो सकती है। विदर्भ में 28 और 30 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर वर्षा का अनुमान है। छत्तीसगढ़ में 28 और 29 अक्टूबर को तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका जताई गई है।
राजस्थान के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में 28 अक्टूबर को तेज हवाएं चलने की संभावना है। पूर्वी राजस्थान में 29 से 31 अक्टूबर के दौरान कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है। पंजाब में 29 से 31 अक्टूबर के बीच और हरियाणा तथा चंडीगढ़ में 28 अक्टूबर से 1 नवंबर तक बारिश होने के आसार हैं।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, कोंकण, गोवा और मराठवाड़ा में 28 से 30 अक्टूबर के दौरान, जबकि मध्य महाराष्ट्र में 28 से 31 अक्टूबर तक कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। गुजरात क्षेत्र में 29 और 30 अक्टूबर तथा सौराष्ट्र और कच्छ में 30 अक्टूबर को वर्षा की संभावना है।
पहाड़ी राज्यों की बात करें तो उत्तराखंड में 28 अक्टूबर से 2 नवंबर तक कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। हिमाचल प्रदेश में 29 अक्टूबर से 2 नवंबर और जम्मू-कश्मीर में 29 तथा 30 अक्टूबर को बारिश के आसार हैं।
पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में भी अगले कुछ दिनों तक बारिश होने की संभावना है। असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 28 अक्टूबर से 2 नवंबर के बीच अलग-अलग स्थानों पर वर्षा हो सकती है। असम और मेघालय में 28 और 29 अक्टूबर को गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका है। वहीं, अरुणाचल प्रदेश में 29 अक्टूबर से 2 नवंबर तक बारिश होने का अनुमान है।
दक्षिण भारत में चक्रवात अर्नब के प्रभाव से कई राज्यों में बारिश की संभावना जताई गई है। रायलसीमा, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 28 अक्टूबर से 2 नवंबर तक अलग-अलग स्थानों पर बारिश हो सकती है। केरल और माहे में 28 अक्टूबर से 1 नवंबर तक, जबकि लक्षद्वीप में 28 अक्टूबर और 2 नवंबर को वर्षा की संभावना है।
तटीय कर्नाटक और दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक में 29 अक्टूबर तथा 1 और 2 नवंबर को बारिश हो सकती है। उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में 29 अक्टूबर से 2 नवंबर तक वर्षा का अनुमान है। तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में 30 अक्टूबर से 2 नवंबर के बीच, जबकि तेलंगाना में 28, 29 और 30 अक्टूबर को बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग की सलाह: तेज हवाओं, बिजली गिरने और भारी बारिश की आशंका वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोग मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर रखें। खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास जाने से बचें तथा स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए