हालात

पश्चिम एशिया में तनाव का असर: दुबई और कई बड़े हवाई अड्डों पर सैकड़ों भारतीय फंसे, सोशल मीडिया छलका दर्द

दुबई में फंसे लोगों में ओलंपिक पदक विजेता पी.वी. सिंधु, अभिनेत्री सोनल चौहान, कर्नाटक से जेडीएस के विधान परिषद सदस्य एसएल भोजेगौड़ा और उनका परिवार, बंगाली अभिनेत्री सुभाश्री गांगुली अपने बेटे के साथ, पर्यटक और छात्र समूह शामिल हैं।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

ईरान पर अमेरिका और इजराइल के हमलों के बाद पश्चिम एशिया से आने-जाने वाली उड़ानें बाधित होने के कारण सैकड़ों भारतीय दुबई और अन्य प्रमुख हवाई अड्डों पर फंसे हुए हैं, जिनमें से कई लोग सहायता के लिए भारत सरकार से अपील करने के लिए सोशल मीडिया का सहारा ले रहे हैं।

दुबई में फंसे लोगों में ओलंपिक पदक विजेता पी.वी. सिंधु, अभिनेत्री सोनल चौहान, कर्नाटक से जेडीएस के विधान परिषद सदस्य एसएल भोजेगौड़ा और उनका परिवार, बंगाली अभिनेत्री सुभाश्री गांगुली अपने बेटे के साथ, पर्यटक और छात्र समूह शामिल हैं।

Published: undefined

ट्रैवल एजेंट संगठन के एक पदाधिकारी ने रविवार को बताया कि मध्य प्रदेश के दो पूर्व विधायकों सहित 700 से अधिक लोग उड़ान रद्द होने के कारण संयुक्त अरब अमीरात में फंसे हुए हैं। ट्रैवल एजेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अमोल कटारिया ने बताया कि वे पर्यटन और व्यापारिक उद्देश्यों से यूएई गए थे। कटारिया ने कहा कि पूर्व विधायक और बीजेपी नेता संजय शुक्ला भी दुबई में फंसे लोगों में शामिल हैं।

Published: undefined

अमेरिका और इजराइल द्वारा किए गए हमले के बाद, ईरान ने जवाबी सैन्य हमले शुरू किए, जिसमें इजराइल और संयुक्त अरब अमीरात, कतर, कुवैत, बहरीन और जॉर्डन सहित पूरे क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया। कर्नाटक से जेडीएस के विधान परिषद सदस्य एस.एल. भोजेगौड़ा और उनका परिवार दुबई में फंसे लोगों में शामिल हैं।

Published: undefined

कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने कहा कि उनकी सरकार लोगों को सुरक्षित वापस लाने के प्रयासों के संबंध में विदेश मंत्रालय के संपर्क में है। सिद्धरमैया ने कहा, “मैंने भोजेगौड़ा से बात की। उन्होंने बताया कि वे सुरक्षित हैं और एक होटल में ठहरे हुए हैं।”

मुख्यमंत्री ने कहा, “हम विदेश मंत्रालय के भी संपर्क में हैं। हम सभी को बिना किसी असुविधा के सुरक्षित वापस लाने के प्रयास कर रहे हैं। ये सभी कन्नड़ भाषी हैं। बल्लारी से लगभग 35 लोग फंसे हुए हैं। अन्य राज्यों के लोगों को मिलाकर कुल संख्या 52 है। हम उन सभी को वापस लाने का प्रयास करेंगे।”

Published: undefined

केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि केंद्र भारतीयों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा, “वर्तमान में वहां स्थिति अशांत है। वहां विमान उड़ाना भी खतरनाक है।”

दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पी.वी. सिंधु और उनके कोच दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उस समय फंस गए जब हवाई सेवाएं निलंबित कर दी गईं। ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप के लिए बर्मिंघम जाते समय दुबई हवाई अड्डे पर उनके ठहरने की जगह के पास हुए एक विस्फोट में इंडोनेशियाई कोच इरवानस्याह आदि प्रतामा बाल-बाल बच गए। सिंधु ने रविवार सुबह सोशल मीडिया पर तनावपूर्ण क्षणों का वर्णन किया।

Published: undefined

उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, “यह स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है तथा हर घंटे हालात और भी भयावह होते जा रहे हैं। कुछ घंटे पहले, हवाई अड्डे पर जहां हम छिपे हुए थे, उसके पास ही एक विस्फोट हुआ।”

लोकप्रिय बंगाली अभिनेत्री सुभाश्री गांगुली और उनके बेटे युवान दुबई में फंसे हुए हैं। उनके पति, फिल्म निर्देशक-निर्माता और तृणमूल कांग्रेस विधायक राज चक्रवर्ती ने यह जानकारी दी।अभिनेत्री और उनका बेटा फिलहाल पाम जुमेराह के एक होटल में ठहरे हुए हैं। चक्रवर्ती ने कहा, “उनके होटल के पास एक विस्फोट हुआ। वहां के अधिकारियों ने लोगों को घर से बाहर न निकलने के निर्देश जारी किए हैं।”

Published: undefined

पंजाब के बठिंडा स्थित एसएसडी गर्ल्स कॉलेज की प्राचार्य नीरू गर्ग ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ शारजाह में हैं और उनके पास न तो नकदी है और न ही आवश्यक दवाएं।उन्होंने शनिवार को सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक वीडियो में कहा, “यह पांच दिन की यात्रा थी, और यह सोचकर कि यात्रा का आखिरी दिन (शनिवार) है, हमने इंडिगो की अमृतसर जाने वाली उड़ान से वापस लौटने की तैयारी में अपना सारा पैसा (दिरहम मुद्रा) खर्च कर दिया था।”

गर्ग ने केंद्र सरकार से अपील की कि वह उन्हें और अन्य भारतीय यात्रियों को निकालने में तत्काल सहायता प्रदान करे। उन्होंने और कुछ अन्य भारतीय यात्रियों ने बताया कि वे शारजाह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर फंसे हुए हैं।

गर्ग ने कहा, “हमने सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली थीं, लेकिन जब हम दोपहर 1:30 बजे सुरक्षा जांच के लिए आए, तो उन्होंने हमें अपराह्न 2:30 बजे आने के लिए कहा। दो बजे, उन्होंने हमें सूचित किया कि सभी उड़ानें रद्द कर दी गई हैं।”

Published: undefined

उन्होंने दावा किया कि जब उन्होंने हवाई अड्डे के अधिकारियों से पूछा कि उन्हें कहां ठहरना चाहिए, क्योंकि आवास की कोई व्यवस्था नहीं थी, तो उन्हें कोई और जानकारी नहीं दी गई।

गर्ग ने कहा, “हम भारत सरकार से निवेदन करते हैं कि हमारी बात सुनें, क्योंकि कई यात्री फंसे हुए हैं और दहशत का माहौल है। लोगों को परेशान किया जा रहा है, कई लोग बीमार हैं, लेकिन यहां कोई हमारी बात नहीं सुन रहा है।”

Published: undefined

पुणे स्थित इंदिरा स्कूल ऑफ बिजनेस स्टडीज (आईएसबीएस) के 84 एमबीए छात्र, जो वार्षिक पांच दिवसीय अध्ययन दौरे के हिस्से के रूप में दुबई गए थे, हवाई क्षेत्र बंद होने के कारण वापस नहीं लौट पाए हैं।

आईएसबीएस के डीन जनार्दन पवार ने बताया कि आईएसबीएस के छात्र सुरक्षित हैं और उन्हें एक होटल में स्थानांतरित कर दिया गया है।

Published: undefined

इस बीच, विदेश मंत्रालय ने पश्चिम एशिया में हो रहे घटनाक्रमों के कारण भारत में फंसे विदेशी नागरिकों के लिए एक सलाह जारी की है, जिसमें उनसे कहा गया है कि यदि उन्हें वीजा विस्तार में सहायता की आवश्यकता हो या अपने प्रवास को नियमित करने की आवश्यकता हो तो वे अपने निकटतम विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (एफआरआरओ) से संपर्क करें।

Published: undefined

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia

Published: undefined