
उत्तर प्रदेश के मेरठ के भावनपुर थाना क्षेत्र में हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां पर भाई ने अपनी बहन की गोली मारकर सिर्फ इसलिए हत्या कर दी, क्योंकि बहन ने कुत्तों की रोटी बनाने से इनकार कर दिया। वारदात को अंजाम देकर आरोपी ने खुद ही पुलिस को फोन किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
यह मामला गंगासागर के पास कैलाश वाटिका कॉलोनी का है। युवती का भाई आशीष पालतू कुत्तों की खरीद-फरोख्त का काम करता है। खबरों के मुताबिक, सोमवार की रात आशीष ने अपनी बड़ी बहन, जिसकी उम्र 26 साल है, उससे कुत्तों के लिए रोटी बनाने के लिए कहा। लेकिन किसी अन्य काम में व्यस्त बहन ने रोटी बनाने से मना कर दिया। इस बात से भाई आग बबूला हो गया और उसने तमंचा निकालकर अपनी बहन के सिर में गोली मार दी। बहन की मौके पर ही मौत हो गई।
गोली की आवाज सुनते ही घर के बाहर भारी भीड़ जमा हो गई। घर पर उनकी मां नहीं थी। वह किसी काम से घर के बाहर गई हुई थी। मां जब घर पर लौटी तो उसने जमीन पर पड़े बेटी के शव को देखते ही बेहोश गई। उधर, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी आशीष ने खुद पुलिस को फोनकर अपनी बहन की हत्या की सूचना दी। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आगे की कार्रवाई की।
एसपी देहात केशव कुमार ने कहा वारदात के बारे में जानकारी दी है। उन्होंने कहा, “भावनपुर इलाके में 25 वर्षीय एक व्यक्ति ने अपनी बहन की गोली मारकर हत्या कर दी। हर दिन आरोपी अपनी बहन से अपने 20 पालतू कुत्तों के लिए रोटियां बनाने के लिए कहता था। आज जब उसने इनकार किया तो उसकी गोली मारकर हत्या कर दी।”
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए