हालात

परिसीमन विधेयक पर INDIA गठबंधन की बैठक, लोकसभा की मौजूदा सीटें बरकरार रखने समेत रखीं तीन बड़ी मांगें

INDIA गठबंधन की बैठक में परिसीमन विधेयक को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। विपक्षी दलों ने विधेयक को लेकर अपनी तीन प्रमुख मांगें सामने रखीं।

फोटो: @INCIndia
फोटो: @INCIndia  

  • परिसीमन विधेयक पर मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर हुई INDIA गठबंधन की बैठक

  • लोकसभा की मौजूदा सदस्य संख्या 543 ही बरकरार रखने की मांग

  • महिला आरक्षण को सीटों की संख्या बढ़ाए बिना मौजूदा 543 सीटों के आधार पर ही लागू किया जाए- कांग्रेस

  • अगले 25 वर्षों तक लोकसभा में विभिन्न राज्यों के बीच सीटों का मौजूदा अनुपात बरकरार रखा जाए- कांग्रेस

कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की मौजूदगी में INDIA गठबंधन के फ्लोर लीडर्स की बैठक हुई। बैठक में परिसीमन विधेयक को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। विपक्षी दलों ने विधेयक को लेकर अपनी तीन प्रमुख मांगें सामने रखीं।

विपक्ष की पहली मांग है कि लोकसभा की मौजूदा सदस्य संख्या 543 ही बरकरार रखी जाए। दूसरी मांग है कि महिला आरक्षण को सीटों की संख्या बढ़ाए बिना मौजूदा 543 सीटों के आधार पर ही लागू किया जाए। तीसरी मांग है कि अगले 25 वर्षों तक लोकसभा में विभिन्न राज्यों के बीच सीटों का मौजूदा अनुपात बरकरार रखा जाए।

दरअसल, केंद्र सरकार परिसीमन के साथ लोकसभा की सीटों की संख्या बढ़ाकर अधिकतम 850 करने और महिला आरक्षण को लागू करने की तैयारी में है। प्रस्तावित विधेयक में लोकसभा और राज्य विधानसभाओं की सीटों में 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी का प्रावधान है।

वहीं, विपक्षी दलों का आरोप है कि परिसीमन के जरिए राज्यों के राजनीतिक प्रतिनिधित्व और निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं में बदलाव हो सकता है। इसी मुद्दे को लेकर INDIA गठबंधन के नेताओं ने संयुक्त रणनीति पर चर्चा की और सरकार से महिला आरक्षण को मौजूदा सीटों के आधार पर लागू करने की मांग की। संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से शुरू होना है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए