हालात

राष्ट्रपति से आज रात 8 बजे मिलेंगे इंडिया ब्लॉक के सांसद, मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की करेंगे मांग, सौंपेंगे ज्ञापन

इंडिया ब्लॉक के सांसद आज रात 8 बजे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात कर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग वाला ज्ञापन सौंपेंगे।

फोटो: विपिन
फोटो: विपिन 

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे इंडिया ब्लॉक के सांसदों को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात का समय मिल गया है। खबरों के मुताबिक, शुक्रवार यानी आज रात 8 बजे विपक्षी दलों के 10 सांसद राष्ट्रपति से मुलाकात करेंगे और उन्हें ज्ञापन सौंपकर मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाने की मांग करेंगे।

विपक्षी सांसद लंबे समय से राष्ट्रपति से मिलने का समय मांग रहे थे। कांग्रेस समेत विपक्षी दल पिछले तीन दिनों से दिल्ली में ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। आज प्रदर्शन का चौथा दिन है।

15 सांसदों के प्रतिनिधिमंडल की अनुमति चाहता है विपक्ष

राष्ट्रपति भवन की ओर से फिलहाल 10 सांसदों के प्रतिनिधिमंडल को मुलाकात की अनुमति मिली है। हालांकि, इंडिया ब्लॉक चाहता है कि प्रतिनिधिमंडल में 15 नेताओं को शामिल होने की अनुमति दी जाए, ताकि सभी सहयोगी दलों का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित हो सके।

ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग वाला ज्ञापन सौंपेगा विपक्ष

विपक्षी दल राष्ट्रपति को एक ज्ञापन सौंपने की तैयारी कर रहे हैं, जिसमें मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग की जाएगी। इससे पहले शुक्रवार दोपहर तीन बजे इंडिया ब्लॉक के सभी सांसद सेंट्रल हॉल में एकत्र होंगे। यहां ज्ञापन पर सांसदों के हस्ताक्षर कराए जाएंगे, जिसके बाद इसे राष्ट्रपति को सौंपा जाएगा।

दिल्ली में 20 हजार से अधिक पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवान तैनात

विपक्ष के प्रस्तावित मार्च को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। अधिकारियों के मुताबिक, राजधानी में पुलिस और अर्धसैनिक बलों के 20 हजार से अधिक जवान तैनात किए गए हैं। वहीं, कॉकरोच जनता पार्टी ने शनिवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ एक और प्रदर्शन करने की घोषणा की है। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने कहा है कि पार्टी को प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी गई है। (पूरी खबर के लिए यहां क्लिक करें)

दिल्ली मेट्रो के 57 स्टेशन आज रात 9 बजे से होंगे बंद? प्रदर्शन के चलते पुलिस ने DMRC को लिखा पत्र

उधर, दिल्ली पुलिस ने ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) के शनिवार को प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) से शुक्रवार रात नौ बजे से शनिवार तक 57 मेट्रो स्टेशनों को बंद रखने का अनुरोध किया है।

पुलिस ने इन इलाकों में ‘‘भीड़ के जुटने’’ की आशंका को देखते हुए यह कदम उठाया है। (पूरी खबर के लिए यहां क्लिक करें)

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए