राष्ट्रपति से मुलाकात, संविधान सदन में बैठक और उसके बाद..., ‘इंडिया’ गठबंधन का क्या है आज का प्लान?
कांग्रेस के संगठन महासचिव के. सी. वेणुगोपाल ने कहा था कि ‘इंडिया’ गठबंधन ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात का समय मांगा है और वह राष्ट्रपति भवन से जवाब की प्रतीक्षा कर रहा है।

विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन के सांसद शुक्रवार को संविधान सदन के केंद्रीय कक्ष में बैठक करेंगे और फिर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और कथित ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर प्रदर्शन कर सकते हैं।
इंडिया गठबंधन का क्या है आज का प्लान?
सूत्रों के अनुसार, गठबंधन के सांसद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात के लिए राष्ट्रपति भवन से समय मिलने का इंतजार कर रहे हैं। विपक्षी गठबंधन ने राष्ट्रपति से मिलने का समय मांगा है। यदि शुक्रवार तक मुलाकात के लिए समय नहीं मिलता है, तो ‘वोट चोरी’ के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन के सभी विकल्प खुले रखे गए हैं। विपक्षी सांसदों को अपराह्न तीन बजे संविधान सदन के केन्द्रीय कक्ष में बुलाया गया है।
छावनी में तब्दील हुई दिल्ली, कांग्रेस ने साधा निशाना
इस बीच, कांग्रेस ने कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के 10 अक्टूबर को यहां प्रस्तावित विरोध-प्रदर्शन के चलते भारी सुरक्षा बल की तैनाती को लेकर सरकार पर निशाना साधा और कहा कि यह ‘इंडिया’ गठबंधन के पिछले कुछ दिन के प्रदर्शन के बाद सरकार के ‘घबराहट’ के स्तर को दर्शाता है।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बृहस्पतिवार को बताया कि सीजेपी के प्रदर्शन से पहले दिल्ली में पुलिस और अर्द्धसैनिक बल के 20,000 से अधिक कर्मी तैनात किए गए हैं।
उनका कहना है कि जंतर मंतर पर किसी तरह के प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी गई है। उन्होंने लोगों से किसी अनधिकृत तरीके से आयोजित सभा में भाग नहीं लेने की अपील की।
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘यह स्पष्ट रूप से सरकार के घबराहट के स्तर को दर्शाता है।’’
के. सी. वेणुगोपाल ने क्या कहा?
इससे पहले कांग्रेस के संगठन महासचिव के. सी. वेणुगोपाल ने कहा था कि ‘इंडिया’ गठबंधन ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात का समय मांगा है और वह राष्ट्रपति भवन से जवाब की प्रतीक्षा कर रहा है।
वेणुगोपाल के मुताबिक, मुलाकात के लिए पहला अनुरोध पत्र दो अक्टूबर को भेजा गया था। इसके बाद राष्ट्रपति भवन ने बैठक में शामिल होने वाले नेताओं के नाम मांगे थे। इसके अनुरूप गठबंधन ने पांच अक्टूबर को दोबारा अनुरोध भेजकर नेताओं के नाम दिए और सात, आठ या नौ अक्टूबर को मुलाकात के लिए समय मांगा था। उन्होंने कहा था कि शुक्रवार तक जवाब का इंतजार किया जाएगा।
चुनाव आयोग के खिलाफ विपक्ष का मोर्चा
पिछले सप्ताह ‘इंडिया’ गठबंधन ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के मुद्दे पर संयुक्त कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया था। इसके तहत विभिन्न स्थानों पर रैलियां आयोजित करने और ‘लोकतंत्र बचाओ’ मार्च निकालने का फैसला किया गया था।
विपक्षी दल पिछले तीन दिन से हर दिन अलग-अलग तरीके से विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
पीटीआई के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
