
जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव के पहले चरण में आज 24 सीटों पर मतदान संपन्न हो गया। शाम 7 बजे तक 58.85% मतदान दर्ज हुआ है, जो बढ़ सकता है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी पी के पोले ने बताया कि जम्मू कश्मीर में पहले चरण के विधानसभा चुनाव में करीब 59 प्रतिशत मतदान हुआ है। आज दक्षिण कश्मीर के पुलवामा, शोपियां, अनंतनाग और कुलगाम के साथ जम्मू के डोडा, किश्तवाड़ और रामबन में वोटिंग हुई।
जम्मू-कश्मीर चुनाव पर कांग्रेस नेता गुलाम अहमद मीर ने कहा कि लोगों ने शांतिपूर्ण तरीके से वोट डालने का फैसला किया है क्योंकि यहां लोकतंत्र नहीं था। यह महत्वपूर्ण है कि लोग अपने प्रतिनिधि चुनें। भले ही केंद्र शासित प्रदेश में सरकार दिखावे की हो।
निर्वाचन आयोग के अनुसार, जम्मू और कश्मीर विधानसभा चुनाव के पहले चरण में दोपहर 3 बजे तक 50.65% मतदान दर्ज हुआ है। इसमें अनंतनाग में 46.67% डोडा में 61.90% किश्तवाड़ में 70.03% कुलगाम में 50.57% पुलवामा में 36.90% रामबन में 60.04% और शोपियां में 46.84% प्रतिशत मतदान हुआ है।
जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के पहले चरण पर कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा, "यह सीमावर्ती क्षेत्र है और कांग्रेस पार्टी यहां हमेशा मजबूत रही है, हमारे पास गठबंधन के उम्मीदवार हैं... मुझे लगता है कि यहां इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी, बीजेपी खुद चुनाव लड़ रही है और उसने कई प्रॉक्सी उम्मीदवार भी उतारे हैं ताकि वोटों का बंटवारा हो सके लेकिन यहां के मतदाता इस राजनीति को समझते हैं। यहां 10 साल से चुनाव नहीं हुए हैं, लोग बड़ी संख्या में मतदान में हिस्सा ले रहे हैं। जम्मू-कश्मीर में वे चाहे जितनी भी कोशिश कर लें, लोग उन्हें यहां पसंद नहीं कर रहे हैं..."
जम्मू-कश्मीर को बिजबेहरा विधानसभा क्षेत्र से पीडीपी उम्मीदवार इल्तिजा मुफ़्ती ने कहा कि "मुझे खुशी है कि लोग यहाँ अपना वोट डालने आए हैं। मैं सुबह से ही मतदान केंद्रों का दौरा कर रही हूँ और युवा और बुजुर्ग सभी अपना वोट डालने आए हैं। दिल्ली को इस जनादेश का सम्मान करना चाहिए और यह सुनिश्चित करना चाहिए कि यह एक स्वतंत्र और निष्पक्ष पारदर्शी चुनाव हो... हमें जानकारी है कि दूसरी पार्टी गड़बड़ी करने की कोशिश कर रही थी, लेकिन उन दावों की अभी पुष्टि होनी है, लेकिन हमें नेशनल कांफ्रेंस के खिलाफ शिकायत है कि वे लोगों के साथ किस तरह से दुर्व्यवहार कर रहे हैं... इंजीनियर राशिद को रिहा किया जाना चाहिए।"
कहां कितना मतदान हुआ?
अनंतनाग-37.90 फीसदी मतदान
डोडा-50.81 फीसदी मतदान
किश्तवाड़-56.86 फीसदी मतदान
कुलगाम-39.91 फीसदी मतदान
पुलवामा-29.84 फीसदी मतदान
रामबन-49.68 फीसदी मतदान
शोपियां-38.72 फीसदी मतदान
जम्मू-कश्मीर के रामबन विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी उम्मीदवार राकेश ठाकुर ने कहा, "मैंने मतदान किया है। धारा 370 हटने के बाद जम्मू-कश्मीर में सिर्फ विकास के काम हो रहे हैं और चुनाव में उन्हीं विकास के कार्यों को लेकर हम लोगों के बीच में गए। जम्मू-कश्मीर में बीजेपी की सरकार बनेगी।"
जम्मू-कश्मीर के राजपोरा विधानसभा क्षेत्र से नेशनल कॉन्फ्रेंस के उम्मीदवार गुलाम मोहिउद्दीन मीर ने वोट डालने के बाद कहा कि "जनता में काफी उत्साह है और लोग बड़ी संख्या में मतदान करने के लिए निकल रहे हैं। मैं सभी से वोट डालने और अपना प्रतिनिधि चुनने की अपील करता हूं ताकि उनकी चिंताओं को सुना जा सके।"
बनिहाल विधानसभा क्षेत्र से जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस के उम्मीदवार सज्जाद शाहीन ने मतदान केंद्र संख्या 49 पर अपना वोट डाला। उन्होंने कहा, "माहौल बहुत सकारात्मक है। जनता नेशनल कॉन्फ्रेंस को सत्ता में देखना चाहती है। लोगों में खुशी है। उम्मीद है कि हम अच्छे बहुमत से सरकार बनाएंगे।"
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ के पद्दर-नागसेनी विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी उम्मीदवार सुनील शर्मा ने कहा, "मैं मतदाताओं को मबारकबाद देना चाहता हूं। आज जिस प्रकार से लोग घरों से बाहर निकलकर मतदान कर रहे हैं। यह स्पष्ट संकेत है कि लोकतंत्र पर लोगों का बहुत विश्वास है।"
शंगस निर्वाचन क्षेत्र से जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस के उम्मीदवार रियाज अहमदखान ने कहा, "लोगों में उत्साह है। वोट डालने के लिए लंबी कतारें लगी हुई हैं। लोगों को समझ आ गया है कि ये वोट बहुत जरूरी है। आज का वोट खामोश इंकलाब के लिए है। मैं सभी से अपील करता हूं कि घरों से निकलें और वोट करें।"
पुलवामा एसएसपी, पी डी नित्या ने कहा, "पुलवामा जिले में मतदान जारी है और जिले में दो विधानसभा क्षेत्र हैं। 245 मतदान केंद्र हैं। हमें अच्छे मतदान की उम्मीद है। उचित सुरक्षा व्यवस्था की गई है।"
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ उपायुक्त एवं DM राजेश कुमार शवन ने कहा, "विस्तृत सुरक्षा व्यवस्था की गई है। अर्धसैनिक बल की तैनाती की गई है। लोग निडर होकर आएं और अपना मत डालें। कंट्रोल रूम से सब चीजों पर निगरानी की जा रही है।"
नेशनल कॉन्फ्रेंस के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला ने कहा, "हम चाहते हैं कि लोग चुनाव में हिस्सा लें। हर इलाके में नेशनल कॉन्फ्रेंस को भारी संख्या में वोट पड़ रहे हैं और हम कामयाबी की उम्मीद लगाए बैठे हैं। इस चुनाव में बहुत मुद्दे हैं। लोग घरों से निकलें और सोच-समझकर अपने वोट का इस्तेमाल करें।"
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में उपायुक्त अतहर आमिर ने कहा, "सभी जगहों पर अच्छे से मतदान हो रहा है। हम देख रहे हैं कि सुबह से ही काफी जगहों पर लंबी लाइनें लगी हैं और लोग मतदान कर रहे हैं। हम यहां से हर पोलिंग स्टेशन पर निगरानी रख रहे हैं।"
जम्मू-कश्मीर के डोडा में जिला निर्वाचन अधिकारी हरविंदर सिंह ने कहा, "मतदान शुरु हो गया है। लोगों में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। हम स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित कर रहे हैं। मैं लोगों से अपील करूंगा कि वो अपने मत का उपयोग जरूर करें।"
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम सीट से CPI(M) उम्मीदवार मोहम्मद यूसुफ तारिगामी ने कहा, "मेरी तरफ से मतदाताओं से अपील है कि वोट करें, अमन कायम रखें। ये चुनाव अभूतपूर्व परिस्थितियों में हो रहे हैं। 6 साल से जम्मू-कश्मीर में विधानसभा बंद है। हम अमन और गरिमापूर्ण जीवन चाहते हैं।"
जम्मू-कश्मीर की किश्तवाड़ सीट से बीजेपी उम्मीदवार शगुन परिहार ने कहा, "किश्तवाड़ की जनता ने मुझे प्यार और आशार्वाद दिया। वो अपनी बेटी को सेवा का अवसर दें। हम सब बीजेपी की सोच सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, के साथ आगे बढ़ेंगे।"
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव के पहले चरण में लोगों से भारी संख्या में मतदान कर लोकतंत्र को मजबूत करने का आह्वान किया।
प्रधानमंत्री ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के लिए पहले चरण का मतदान शुरू होने के साथ, मैं उन सभी निर्वाचन क्षेत्रों के लोगों से भारी संख्या में मतदान करने और लोकतंत्र के त्योहार को मजबूत करने का आग्रह करता हूं, जो आज इसमें भाग लेने के पात्र हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैं विशेष रूप से युवा और पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं से अपने मताधिकार का प्रयोग करने का आह्वान करता हूं।’’
जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान जारी है। किश्तवाड़ से जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस के उम्मीदवार ने कहा, "10 साल बाद जम्मू-कश्मीर के लोगों को अपनी सरकार चुनने का मौका मिला है। लोगों में खुशी है। ये कतारें महंगाई, बेरोजगारी, अफसरशाही, तानाशाही के खिलाफ लोगों का रोष है।"
जम्मू-कश्मीर के बनिहाल विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी उम्मीदवार सलीम भट ने कहा कि बहुत खुशी हो रही है। इस बार विकास को वोट करना है। मैं लोगों से अपील करता हूं कि घरों से बाहर निकलें और मतदान करें ताकि यहां विकास हो।
जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव के पहले चरण में आज 24 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। मतदान की प्रक्रिया शाम 6 बजे तक चलेगी। पहले चरण में दक्षिण कश्मीर के 4 जिले पुलवामा, शोपियां, अनंतनाग और कुलगाम में तो वहीं, जम्मू के 3 जिलों डोडा, किश्तवाड़ और रामबन में वोटिंग हो रही है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 18 Sep 2024, 7:45 AM IST