
जम्मू-कश्मीर के अखनूर में गुरुवार को एक सड़क दुर्घटना में 21 लोगों की मौत हो गई और 69 अन्य घायल हो गए। जम्मू-कश्मीर के ट्रांसपोर्ट कमिश्नर राजेंद्र सिंह तारा ने बताया, "अखनूर बस दुर्घटना में 21 लोगों की मौत हो गई है जबकि 69 अन्य घायल हो गए।
उत्तर प्रदेश के हाथरस से तीर्थयात्रियों को लेकर आ रही बस के चालक का नियंत्रण हट गया जिसके चलते ये दुर्घटना हुई। इसके चलते जम्मू-पुंछ हाईवे पर अखनूर के चुंगी मोड़ इलाके में रोड से फिसलकर बस 150 फीट गहरी खाई में गिर गई।
इसके बाद राहत एवं बचाव अभियान तत्काल शुरू किया गया। सीनियर सिविल, पुलिस, सेना के अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने इसकी निगरानी की। घायलों को अखनूर अस्पताल पहुंचाया गया। जहां से गंभीर रूप से घायलों को जम्मू शहर के सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भेजा गया। अधिकारियों ने बताया कि इस दुर्घटना में मारे गए लोगों की सही पहचान अभी भी की जा रही है।
इधर, केंद्र सरकार ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए देने की घोषणा की है। वहीं, घायलों को 50 हजार रुपए दिए जाएंगे।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए