हालात

उत्तर प्रदेश में नौकरी, निवेश और रोजगार केवल अखबारों में दिख रहा, बीजेपी देश का सबसे बड़ा संकटः अखिलेश यादव

अखिलेश यादव ने कहा कि नोटबंदी में कहा गया कि भ्रष्टाचार खत्म हो जाएगा, महंगाई पर नियंत्रण होगा और आतंकवाद की घटनाएं नहीं होंगी। लेकिन नोटबंदी के बाद हमारी सीमाएं अधिक असुरिक्षत हो गईं और भ्रष्टाचार और बढ़ गया।

उत्तर प्रदेश में नौकरी, निवेश और रोजगार केवल अखबारों में दिख रहा, बीजेपी देश का सबसे बड़ा संकटः अखिलेश यादव
उत्तर प्रदेश में नौकरी, निवेश और रोजगार केवल अखबारों में दिख रहा, बीजेपी देश का सबसे बड़ा संकटः अखिलेश यादव फोटोः IANS

समाजवादी पार्टी (एसपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए दावा किया कि राज्य में नौकरी, निवेश और रोजगार केवल अखबारों में दिख रहा है। अखिलेश ने यह भी कहा कि किसान और देश के सामने एक ही संकट बीजेपी है क्योंकि बीजेपी ही संकट पैदा कर रही है। इसलिए हर समस्या का एक ही समाधान है कि बीजेपी की सरकार हटाओ।

एसपी प्रमुख अखिलेश यादव शनिवार को लखनऊ में पार्टी मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्‍होंने दावा किया, ''राज्य में नौकरी है नहीं, निवेश आया नहीं और केवल अखबारों में निवेश, नौकरी और रोजगार दिख रहा है।'' उन्‍होंने तंज कसते हुए कहा कि ''आज इतना बड़ा विज्ञापन देखा कि हिसाब-किताब लगाइए तो उत्तर प्रदेश में कोई बेरोजगार बचा ही नहीं है।''

हमें जमीन और डिजिटल मंच पर भी लड़ना पड़ेगा

उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ के नियुक्ति पत्र वितरण के एक कार्यक्रम के बाद एसप प्रमुख पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कहा कि अगले छह महीने में राज्य में एक लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी जाएगी। मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने यूपीपीएससी और उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा विभिन्न विभागों के पदों पर चयनित 818 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरण समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि पूरी पारदर्शिता के साथ साढ़े नौ वर्षों में साढ़े नौ लाख युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए हैं।

अकिलेश यादव ने सवालों का जवाब देते हुए कहा कि ''यह नये तरह का चुनाव है, इसलिए हमें जमीन पर और डिजिटल मंच पर लड़ना पड़ेगा और लड़ाई दोनों तरफ होगी।'' उन्‍होंने कहा कि अगर कंटेंट नहीं बनाएंगे तो एसपी कार्यकर्ता हतोत्साहित हो जाएगा। उन्‍होंने सवाल उठाया कि उनके (सत्तारूढ़ दल) वीडियो कहां से बन रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा, ‘‘हमारे कार्यकर्ताओं ने शानदार वीडियो बनाए हैं और वह उनका जवाब है।’’ संवाददाता सम्मेलन में कार्यकर्ताओं द्वारा बनाया गया जवाबी वीडियो भी दिखाया गया, जो सत्तारूढ़ दल पर निशाना साधते हुए बनाया गया है।

आप पीडीए हैं तो आपको अपमानित किया जाएगा

एसपी प्रमुख ने एसपी के पूर्व विधायक जगराम पासवान के भाई द्वारा कथित तौर पर एक वीडियो साझा करने के बाद उनको गिरफ्तार किये जाने और रायबरेली में ए्सपी छात्र सभा के एक कार्यक्रम में 17 सितंबर को बीजेपी के समर्थकों द्वारा हमला करने का जिक्र करते हुए दावा किया कि बीजेपी के गुंडों ने कार्यक्रम में बाधा डाली और पुलिस उनके पक्ष में रही।

अखिलेश यादव ने संतकबीरनगर में एसपी सांसद लक्ष्मीकांत निषाद के वाहन पर पथराव का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि पुलिस ने उन्हें पर्याप्त सुरक्षा और सम्मान नहीं दिया। उन्होंने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि ‘‘अगर आप उनके स्वजातीय नहीं हैं, पीडीए के लोग हैं तो आपको अपमानित किया जाएगा, डराया-धमकाया जाएगा और झूठे मुकदमे लगाए जाएंगे।’’

घबराए हुए हैं इसलिए नकारात्मक कंटेंट बना रहे हैं

पूर्व मुख्यमंत्री ने बीजेपी पर आरोप लगाते हुए कहा कि इस सरकार के 10 साल में हजारों करोड़ रुपये खर्च हुए हैं कि कैसे दूसरों की छवि खराब की जाए। उन्‍होंने कहा कि शायद दुनिया में इतने नकारात्मक प्रचार के लिए किसी राजनीतिक दल ने इतना कोष नहीं दिया होगा, जितनी बीजेपी की सरकार दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘वह घबराए हुए हैं इसलिए नकारात्मक कंटेंट तैयार कर रहे हैं।’’

पूर्व मुख्यमंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि बीजेपी की हर योजना गरीब का पैसा छीनकर अपनी जेब में डालने की होती है। उन्होंने कहा, ‘‘नोटबंदी में कहा गया कि भ्रष्टाचार खत्म हो जाएगा, महंगाई पर नियंत्रण होगा और आतंकवाद व ऐसी घटनाएं नहीं होगी, सोचिए नोटबंदी के बाद हमारी सीमा असुरिक्षत हो गई और भ्रष्टाचार बढ़ गया।’’

बीजेपी की सरकार में सबसे ज्यादा लूट और भ्रष्टाचार

एक सवाल के जवाब में यादव ने यह भी आरोप लगाया कि पूरे प्रदेश में कहीं पुस्तकालय और किताबें नहीं हैं, जबकि मुख्यमंत्री ने पिछले दिनों दावा किया कि 57 हजार से अधिक ग्राम पंचायतों में डिजिटल पुस्तकालय बन गए हैं। उन्होंने कहा, ‘‘अभी कुछ दिन पहले कॉकरोच जनता पार्टी के सदस्य नोएडा गये थे और सबसे ज्यादा चमक दमक नोएडा में ही है और वहां की लाइब्रेरी में न किताब है, न खिड़कियां है, न कोई बेंच है। उन्होंने कहा कि लाइब्रेरी तो दूर पूरे प्रदेश में कहीं लाइब्रेरी नहीं, किताबें नहीं हैं, आप मुख्यमंत्री जी से क्‍या उम्‍मीद करते हो।''

उन्‍होंने आरोप लगाया कि इतना भ्रष्टाचार कहीं और नहीं हुआ जितना बीजेपी की सरकार में लूट और भ्रष्टाचार है और आखिरी में तो ये बटोरने लगेंगे। एसपी के इस कार्यक्रम में बांदा जिले के पूर्व विधायक पुरुषोत्तम नरेश द्विवेदी के पुत्र मयंक द्विवेदी, श्रावस्ती के नंद किशोर गिरि, पूर्व चेयरमैन जितेंद्र गुप्ता और कानपुर देहात के जुनैद समेत कई नेताओं ने अपने समर्थकों के साथ समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए