हालात

प्रधानमंत्री आवास के सामने धरने में शामिल हों- राहुल गांधी ने हर देशभक्त भारतीय के लिए जारी की अपील

राहुल गांधी ने कहा कि छात्रों पर हमला हर भारतीय परिवार पर हमला है। प्रधानमंत्री मोदी को लगता है कि वो बिना जवाब दिए, बिना किसी नतीजे का सामना किए बच निकलेंगे- नहीं कर पाएंगे, इस बार तो बिल्कुल नहीं। भारत के छात्रों की आवाज को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

प्रधानमंत्री आवास के सामने हमारे धरने में शामिल हों- राहुल गांधी ने हर देशभक्त भारतीय के लिए जारी की अपील (फोटोः विपिन)
प्रधानमंत्री आवास के सामने हमारे धरने में शामिल हों- राहुल गांधी ने हर देशभक्त भारतीय के लिए जारी की अपील (फोटोः विपिन) फोटोः विपिन

दिल्ली में एक दिन पहले छात्रों की बर्बर पिटाई के खिलाफ पीएम मोदी के आवास के पास धरने पर बैठे लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने लोगों से धरने में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मैं हर देशभक्त भारतीय से अपील करता हूं कि प्रधानमंत्री आवास के सामने हमारे धरने में शामिल हों।

राहुल गांधी ने 'एक्स' पर लिखा, "छात्रों पर हमला हर भारतीय परिवार पर हमला है। प्रधानमंत्री मोदी को लगता है कि वो बिना जवाब दिए, बिना किसी नतीजे का सामना किए बच निकलेंगे - नहीं कर पाएंगे, इस बार तो बिल्कुल नहीं। मैं हर उस देशभक्त भारतीय से अपील करता हूं जो मानता है कि हमारे छात्रों को न्याय मिलना चाहिए - प्रधानमंत्री आवास के सामने हमारे धरने में शामिल हों। भारत के छात्रों की आवाज़ को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।"

इससे पहले आज दोपहर छात्रों पर दिल्ली पुलिस के लाठीचार्ज के विरोध में राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस सांसद और कार्यकर्ता प्रधानमंत्री आवास के पास धरने पर बैठ गए। इस दौरान राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रियंका गांधी, पवन खेड़ा, केसी वेणुगोपाल और अन्य सांसदों ने जमीन पर बैठकर प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री का इस्तीफा मांगा। इस दौरान दिल्ली पुलिस ने धरना स्थल को चारों ओर से घेर लिया और के सुरेश, चरणजीत सिंह चन्नी, सुखजिंदर सिंह रंधावा समेत कई कांग्रेस सांसदों को हिरासत में ले लिया।

इसे भी पढ़ेंः पीएम आवास के पास राहुल गांधी कांग्रेस नेताओं के साथ धरने पर बैठे, पुलिस ने कई नेताओं को हिरासत में लिया

विपक्षी सांसदों के इस विरोध-प्रदर्शन को देखते हुए केंद्रीय राज्यमंत्री जितेंद्र सिंह नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मिलने पहुंचे। दोनों नेताओं के बीच कुछ देर तक बातचीत हुई। बताया जाता है कि केंद्रीय राज्यमंत्री जितेंद्र सिंह ने राहुल गांधी से विरोध-प्रदर्शन समाप्त करने की अपील की। वहीं बताया जा रहा है कि राहुल गांधी ने भी मंत्री को विपक्ष की मांग से अवगत कराया।

इसे भी पढ़ेंः छात्रों की पिटाई, पेपर लीक पर को लेकर विपक्ष ने सरकार को घेरा, जवाबदेही तय करने की मांग की

इससे पहले राहुल गांधी ने कहा, “हमने लोकसभा अध्यक्ष से मुलाकात कर संसद में छात्रों के मुद्दे पर चर्चा कराने की मांग की थी। लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि इस पर चर्चा कराने के लिए उन्हें सरकार से अनुमति लेनी होगी। यह छात्रों के भविष्य से जुड़ा गंभीर मुद्दा है। न्याय की मांग कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज किया जा रहा है और उनके साथ मारपीट की जा रही है। प्रधानमंत्री ने अब तक उनसे माफी तक नहीं मांगी है। देश के युवा ध्वस्त हो चुकी शिक्षा व्यवस्था और परीक्षा प्रणाली के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं। प्रधानमंत्री इस पर मौन क्यों हैं? उन्हें छात्रों से माफी मांगनी चाहिए और छात्रों पर हो रहे इस दमन को तत्काल रोकना चाहिए।”

इसे भी पढ़ेंः नेतृत्व की विश्वसनीयता और लोकतंत्र की परीक्षा

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए