कर्नाटक: बीजेपी विधायक ने कहा, अगर मैं गृहमंत्री होता तो देश के बुद्धिजीवियों को मरवा देता गोली
बीजेपी विधायक बसनागौदा पाटिल यतनाल ने कहा कि बुद्धीजीवी इस देश में रहते हैं, यहां की सारी सुविधाओं का इस्तेमाल करते हैं, जिसके लिए हम लोग टैक्स भरते हैं। इसके बाद वे भारतीय सेना के खिलाफ नारेबाजी करते हैं। उन्होंने कहा कि देश को इनसे से ज्यादा खतरा है।
कर्नाटक से बीजेपी विधायक बसनागौदा पाटिल यतनाल ने देश के बुद्धिजीवियों को लेकर विवादित बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अगर मैं देश का गृहमंत्री होता तो बुद्धिजीवियों को गोली मरवा देता। यतनाल करगिल विजय दिवस पर एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा, “बुद्धीजीवी इस देश में रहते हैं, यहां की सारी सुविधाओं का इस्तेमाल करते हैं, जिसके लिए हम लोग टैक्स भरते हैं। इसके बाद वे भारतीय सेना के खिलाफ नारेबाजी करते हैं। हमारे देश को इन बुद्धिजीवीयों और धर्मनिरपेक्ष लोगों से ज्यादा खतरा है। अगर मैं गृहमंत्री होता तो इन्हें गोली मारने का आदेश जारी कर देता।”
इससे पहले भी कई बार बीजेपी विधायक बसनागौदा पाटिल यतनाल विवादित बयान दे चुके हैं। 4 जून को एक कार्यक्रम में विवादित बयान देते हुए बसनागौदा पाटिल यतनाल ने पार्षदों से कहा था कि मुस्लिमों के लिए काम न करें, सिर्फ हिंदुओं के लिए काम करें, क्योंकि हिंदुओं ने ही मुझे वोट दिया है। सोशल मीडिया पर उनका यह बयान वायरल हुआ था।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए