
केरल के सबरीमाला मंदिर में 40 साल की उम्र की दो महिलाओं के प्रवेश के बाद विरोध प्रदर्शन और तेज हो गए हैं। कई हिंदूवादी संगठनों के साथ बीजेपी राज्यव्यापी बंद के दौरान उग्र प्रदर्शन कर रहे हैं। इस बीच मंदिर में महिलाओं के प्रवेश को लेकर हुए हिंसक प्रदर्शन में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। इस व्यक्ति की पहचान 55 वर्षीय चंदन उन्नीथन के रूप में हुई है। दूसरी ओर उग्र प्रदर्शन के दौरान राज्य सचिवालय करीब 5 घंटे तक संघर्ष स्थल में तब्दील हो गया और हिंदूवादी संगठन और बीजेपी के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई और उन्होंने एक दूसरे पर पत्थर फेंके। पुलिस को हालात पर काबू करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े।
Published: 03 Jan 2019, 12:55 PM IST
वहीं सबरीमाला मंदिर में महिलाओं के प्रवेश को लेकर हो रहे विरोध प्रदर्शन पर केरल के सीएम पिनाराई विजयन ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा, “महिलाओं को सुरक्षा प्रदान करना सरकार की जिम्मेदारी है। सरकार ने इस जिम्मेदारी को निभाया है।” उन्होंने आरएसएस पर हमला बोला और कहा कि संघ परिवार सबरीमाला को लड़ाई का मैदान बनाना चाहता है।
Published: 03 Jan 2019, 12:55 PM IST
उन्होंने आगे कहा कि, “इस हिंसा में राज्य परिवहन की 79 बसों को नुकसान पहुंचाया गया, 39 पुलिसकर्मियों पर हमले किए गए जबकि 7 पुलिस वाहन भी क्षतिग्रस्त किए गए हैं। मीडियाकर्मियों पर भी हमले किए गए हैं।”
Published: 03 Jan 2019, 12:55 PM IST
वहीं एर्नाकुलम जिले के ग्रामीण इलाके में ड्यूटी पर तैनात स्पेशल ब्रांच की महिला पुलिसकर्मियों पर हमला करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है और दो लोगों को हिरासत में लिया गया।
Published: 03 Jan 2019, 12:55 PM IST
बता दें कि कल दो महिलाओं ने सबरीमाला मंदिर में प्रवेश किया था और भगवान अयप्पा के दर्शन किए थे जिसके बाद मंदिर को पुजारियों द्वारा बंद कर शुद्धिकरण किया गया था। पिछले साल सिंतबर महीने में सबरीमाला मंदिर में 10 से 50 साल की महिलाओं की एंट्री पर बैन को सुप्रीम कोर्ट ने खत्म कर दिया था लेकिन फिर भी कई संगठनों द्वारा सबरीमाला मंदिर में हर आयु वर्ग की महिलाओं के प्रवेश पर विरोध जारी था। इस विरोध के बाद मंगलवार को महिलाओं ने एकजुट होकर 620 किमी लंबी महिला वॉल बनाई थी।
Published: 03 Jan 2019, 12:55 PM IST
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 03 Jan 2019, 12:55 PM IST