
जयराम रमेश ने महंगाई को लेकर प्रधानंत्री नरेेंद्र मोदी पर साधा निशाना
तीन महीने में 25 प्रतिशत तक बढ़ गया रसोई का बजट, जयराम का दावा
उन्होंने पीएम मोदी से पूछा- कमरतोड़ महंगाई से हमारे देशवासियों को छुटकारा कब मिलेगा?
कांग्रेस नेता का पीएम मोदी पर तंज, बोले- 'प्रवचन मंत्री 'की असंवेदनशीलता की कोई सीमा नहीं
खाद्य पदार्थों की बढ़ती कीमतों को लेकर कांग्रेस मोदी सरकार हमलावर है। पार्टी ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि महंगाई ने मध्यम वर्ग और गरीबों की मुश्किलें बढ़ा दी है, लेकिन 'अच्छे दिन' का वादा करने वाले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी चुप हैं। कांग्रेस ने पीएम मोदी से पूछा कि कमरतोड़ महंगाई से हमारे देशवासियों को छुटकारा कब मिलेगा?
पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने महंगाई से संबंधित खबरों का हवाला देते हुए पीएम मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा- ‘क्या मोदी जी को अहसास है कि महंगाई के इस दौर में यह सारे परिवार अपने घर का बजट कैसे संभाल रहे होंगे?' उन्होंने दावा किया कि रसोई का बजट तीन महीने में 25 प्रतिशत तक बढ़ गया है।
जयराम रमेश ने कहा कि महंगाई सिर्फ बाजार के आंकड़ों में नहीं बढ़ रही, उसका दर्द हर मध्यमवर्गीय और गरीब घर की रसोई में महसूस हो रहा है। उन्होंने बताया कि, "त्योहारों के मौसम में रसोई का बजट तीन महीने में 25 प्रतिशत तक बढ़ गया है।"
कांग्रेस नेता ने खबर में जिक्र महिला के बारे में बात करते हुए कहा कि इस समाचार में एक गृहिणी ने बताया कि उनकी आय सिर्फ 35 हजार रुपए है, और इतनी सीमित आय में रसोई का खर्च संभालना बेहद मुश्किल हो गया है। उन्होंने पीएम से पूछा- "क्या मोदी जी को अहसास है कि महंगाई के इस दौर में यह सारे परिवार अपने घर का बजट कैसे संभाल रहे होंगे?"
जयराम रमेश के मुताबिक, "अरहर दाल 105 रुपए से 140-150 रुपए किलो, मूंग 95 रुपए से 120 रुपए, चावल 42-45 रुपए से 53-55 रुपए और सरसों तेल 165 रुपए से 190 रुपए लीटर पहुंच गया है। सरकार के अपने आंकड़े बताते हैं कि अगस्त में खाद्य महंगाई 5.95 प्रतीशत थी। प्याज 48.27 प्रतीशत, अदरक 73.82 प्रतीशत और लहसुन 43.60 प्रतीशत महंगा हुआ।"
कांग्रेस नेता ने कहा कि दाल, मसाले, सब्जियां, तेल… हर तरफ महंगाई की मार है। सरकार के आंकड़े बताते हैं कि घरेलू बचत घट रही है और परिवारों पर कर्ज बढ़ रहा है। आम परिवार के सामने सवाल सिर्फ बढ़ते खर्च का नहीं, घटती बचत और सीमित आमदनी में घर चलाने का भी है।
जयराम ने कहा कि, सरकार के लिए यह आंकड़े हो सकते हैं, लेकिन जनता के लिए हर महीने बिगड़ता हुआ घरेलू बजट है। उन्होंने पीएम मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि प्रवचन मंत्री की असंवेदनशीलता की कोई सीमा नहीं है, और पूछा- "कमरतोड़ महंगाई से हमारे देशवासियों को छुटकारा कब मिलेगा?"
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए