हालात

कोटा में JEE की तैयारी कर रहा छात्र पीजी में मृत मिला, NEET अभ्यर्थी बाथरूम में बेहोश मिला, अस्पताल में हुई मौत

मौत के असल कारणों की अभी जांच की जा रही है। जानकारी के मुताबिक, परिवार की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। दोनों घटनाओं की जांच चल रही है। पुलिस अभी तक इन मौतों से जुड़े हालात का पता नहीं लगा पाई है।

कोटा में JEE की तैयारी कर रहा छात्र पीजी में मृत मिला, NEET अभ्यर्थी बाथरूम में बेहोश मिला, अस्पताल में हुई मौत
कोटा में JEE की तैयारी कर रहा छात्र पीजी में मृत मिला, NEET अभ्यर्थी बाथरूम में बेहोश मिला, अस्पताल में हुई मौत फोटोः IANS

कोटा में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे दो छात्रों की मौत से सनसनी

जेईई की तैयारी कर रहा छात्र अपने पीजी में फंदे से लटका मिला

नीट अभ्यर्थी कमरे के बाथरूम में बेहोश मिला, बाद में अस्पताल में उसकी मौत हो गई

राजस्थान के कोटा में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे दो छात्रों की अलग-अलग घटनाओं में मौत से सनसनी फैल गई है। रविवार रात जेईई अभ्यर्थी अपने पीजी में फंदे से लटका मिला। वहीं दूसरी घटना में एक नीट अभ्यर्थी अपने हॉस्टल के बाथरूम में बेहोशी की हालत में मिला, बाद में अस्पताल में उसकी मौत हो गई।

पुलिस दोनों मौत के मामले की जांच में जुटी

पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। मध्य प्रदेश के शिवपुरी का रहने वाला 16 वर्षीय जेईई अभ्यर्थी रविवार रात जवाहर नगर थाना क्षेत्र में अपने पीजी (पेइंग गेस्ट) में फंदे से लटका मिला। इसी दिन, बिहार के दरभंगा का रहने वाला 19 वर्षीय नीट अभ्यर्थी अपने हॉस्टल के बाथरूम में बेहोशी की हालत में मिला, बाद में अस्पताल में उसकी मौत हो गई।

मध्य प्रदेश के शिवपुरी का रहने वाला था जेईई अभ्यर्थी

पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है। इन मौतों के पीछे की परिस्थितियां अभी स्पष्ट नहीं हैं। पुलिस उपाधीक्षक मनीष शर्मा के अनुसार, 16 वर्षीय छात्र महावीर नगर-1 में एक पीजी में रह रहा था। वह जॉइंट एंट्रेंस एग्जामिनेशन (जेईई) की तैयारी के लिए लगभग छह महीने पहले कोटा आया था।

जवाहर नगर थाने के एएसआई महेंद्र सिंह ने बताया कि छात्र रविवार को अपने कोचिंग सेंटर में टेस्ट देकर लौटा था। रात 10 बजे उसके सामने वाले कमरे में रहने वाले एक छात्र ने उसे बुलाया तो उसको कोई जवाब नहीं मिला। जब कई बार दरवाजा खटखटाने पर भी उसने कोई जवाब नहीं दिया, तो अन्य छात्रों ने पीजी मैनेजर को जानकारी दी।

बिहार के दरभंगा का रहने वाला था नीट का छात्र

बताया जा रहा है कि मैनेजर ने खिड़की से अंदर देखा तो छात्र फंदे से लटका हुआ था। कमरा अंदर से बंद था। पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लिया और उसे एमबीएस अस्पताल पहुंचाया। छात्र के परिजनों को घटना के बारे में जानकारी दी गई। जानकारी होते ही परिजन तत्काल कोटा पहुंचे। पुलिस ने बताया कि छात्र की मौत के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।

एक अन्य घटना में कुन्हाड़ी थाना क्षेत्र के लैंडमार्क इलाके में 19 वर्षीय नीट अभ्यर्थी अपने हॉस्टल के बाथरूम में बेहोशी की हालत में मिला। एएसआई धनराज के अनुसार, छात्र बिहार के दरभंगा का रहने वाला था और नेशनल एलिजिबिलिटी-कम-एंट्रेंस टेस्ट (नीट) की तैयारी के लिए लगभग दो साल से कोटा में रह रहा था। वह 'श्रीजी रेजिडेंसी' में रहता था।

परिजनों ने मौत के हालात पर संदेह जताया

रविवार दोपहर 1 बजे वह खाना लेकर हॉस्टल लौटा था। बाद में जब अन्य छात्रों ने दरवाजा खटखटाया और कोई जवाब नहीं मिला, तो हॉस्टल प्रबंधन को सूचित किया गया। इसके बाद प्रबंधन ने दरवाजा तोड़ा और उसे बाथरूम में बेहोश पाया। उसे तुरंत एमबीएस अस्पताल ले जाया गया, जहां कुछ घंटों बाद उसकी मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार, उसके कान के पास चोट का एक मामूली निशान दिखा, जो संभवतः बाथरूम में गिरने की वजह से लगा हो।

चोट और मौत के असल कारणों की अभी जांच की जा रही है। मृतक छात्र के परिजनों ने उसकी मौत के हालात पर संदेह जताया है और मामले की गंभीरता से जांच की मांग की है। जानकारी के मुताबिक, परिवार की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। दोनों घटनाओं की जांच चल रही है। पुलिस अभी तक इन मौतों से जुड़े हालात का पता नहीं लगा पाई है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए