हालात

कुलगाम आतंकी हमला: दूसरे मजदूर ने भी तोड़ा दम, 2 गैर-स्थानीय श्रमिकों की मौत के बाद घाटी में हाई अलर्ट, सर्च ऑपरेशन जारी

दक्षिण कश्मीर में सुरक्षाबलों ने कई इलाकों की घेराबंदी कर तलाशी अभियान तेज कर दिया है। खासकर कुलगाम और उसके आसपास के क्षेत्रों में आतंकियों की तलाश के लिए अभियान लगातार जारी है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया  

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में गैर-स्थानीय मजदूरों पर हुए आतंकी हमले में मरने वालों की संख्या बढ़कर दो हो गई है। शुक्रवार को आतंकियों की गोलीबारी में गंभीर रूप से घायल हुए दूसरे मजदूर ने आज इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद श्रीनगर समेत दक्षिण कश्मीर के कई इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।

पूरे इलाके में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

हमले के बाद सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। श्रीनगर और दक्षिण कश्मीर के संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है। कई स्थानों पर अतिरिक्त चेकपोस्ट स्थापित किए गए हैं, जबकि कुलगाम और आसपास के क्षेत्रों में आतंकियों की तलाश के लिए व्यापक तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

हर आने-जाने वाले पर रखी जा रही नजर

सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार, शहर में प्रवेश और निकास मार्गों पर वाहनों की सघन जांच की जा रही है। प्रमुख चौराहों, बाजारों और मुख्य सड़कों पर भी सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ाई गई है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए कई जगहों पर रैंडम वाहन चेकिंग और पहचान पत्रों की जांच की जा रही है।

कुलगाम में घेराबंदी, आतंकियों की तलाश जारी

दक्षिण कश्मीर में सुरक्षाबलों ने कई इलाकों की घेराबंदी कर तलाशी अभियान तेज कर दिया है। खासकर कुलगाम और उसके आसपास के क्षेत्रों में आतंकियों की तलाश के लिए अभियान लगातार जारी है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों को जल्द पकड़ने और घाटी में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

छत्तीसगढ़ के थे दोनों मजदूर

आतंकियों ने कुलगाम में दो गैर-स्थानीय मजदूरों को निशाना बनाया था। हमले में दीपक कुमार की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि गंभीर रूप से घायल भूपिंदर को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शनिवार को इलाज के दौरान भूपिंदर ने भी दम तोड़ दिया। दोनों मजदूर छत्तीसगढ़ के रहने वाले थे। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और राजनीतिक नेताओं ने हमले की कड़ी निंदा की है। फिलहाल सुरक्षाबल हमलावर आतंकियों की तलाश में जुटे हुए हैं।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए