सिक्किम में एक बार फिर प्रकृति का रौद्र रूप देखने को मिला है। पश्चिमी सिक्किम के यांगथांग क्षेत्र के ऊपरी रिम्बी इलाके में गुरूवार देर रात भीषण भूस्खलन की घटना हुई। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि तीन अन्य अब भी लापता बताए जा रहे हैं।
स्थानीय प्रशासन और सुरक्षाबलों की टीम ने तत्परता दिखाते हुए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया, जिसमें दो महिलाओं को गंभीर अवस्था में बचाया गया। हालांकि इनमें से एक महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि दूसरी की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, भूस्खलन इतनी तेजी और तीव्रता से हुआ कि तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मलबे के नीचे दबे इन लोगों को बचाने का कोई मौका ही नहीं मिल सका। स्थानीय लोगों ने बताया कि घटना के समय सभी लोग अपने घरों में सो रहे थे, तभी भारी आवाज के साथ पहाड़ी से मलबा नीचे गिरा और कई घर इसकी चपेट में आ गए।
Published: undefined
भूस्खलन की सूचना मिलते ही पुलिस, एसएसबी (सशस्त्र सीमा बल) और स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल की ओर रवाना हुए। हालांकि, घटनास्थल तक पहुंचना आसान नहीं था, क्योंकि वहां तक जाने के लिए हुमे नदी को पार करना पड़ता है, जो पहले से ही बाढ़ की चपेट में थी।
बचाव दल ने सूझबूझ दिखाते हुए एक पेड़ को गिराकर अस्थायी पुल बनाया, जिसके सहारे वे मलबे तक पहुंच सके। इस रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान दो महिलाओं को गंभीर अवस्था में बाहर निकाला गया और तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने एक महिला को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरी की हालत चिंताजनक बनी हुई है। चिकित्सकों की एक टीम उसकी लगातार निगरानी कर रही है। प्रशासन द्वारा पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता प्रदान की जा रही है।
Published: undefined
पश्चिमी सिक्किम के एसपी गीजिंग शेरपा ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि इस हादसे में तीन लोग अभी भी लापता हैं। लापता लोगों की तलाश के लिए राहत और खोज अभियान जारी है। एनडीआरएफ की टीमों को भी सतर्क रखा गया है, और आवश्यकता पड़ने पर उन्हें मौके पर भेजा जा सकता है।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में प्रशासन हाई अलर्ट पर है। आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि आने वाले दिनों में और भी बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे हालात और बिगड़ सकते हैं। लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
Published: undefined
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
Published: undefined