उत्तराखंड के हरिद्वार में इस बार किसी कांवड़ेये को प्रवेश करने की इजाजत नहीं होगी। हरिद्वार के जिलाधिकारी ने बताया कि हम कड़ी निगरानी रखेंगे और किसी भी 'कांवड़िया' को हरिद्वार में प्रवेश नहीं करने देंगे। अगर कोई 'कांवड़ियां' यहां आया तो उसे अपने खर्च पर 14 दिनों के लिए क्वारंटीन किया जाएगा।
संयुक्त राष्ट्र के मुख्यालय जिनेवा में हांगकांग पर भारत के राजदूत और स्थायी प्रतिनिधि राजीव के चंदर ने कहा कि हांगकांग में रहने वाले भारतीय समुदाय की बड़ी संख्या को देखते हुए भारत हाल के घटनाक्रमों पर कड़ी नजर रखे हुए है।
दिल्ली पुलिस के एक हवलदार का शव आज दिल्ली कैंट से पालम स्टेशन के बीच रेलवे लाइन के पास लटकता हुआ बरामद किया गया। मृतक हवलदार 28 जून से लापता था।
हिमाचल प्रदेश परिवहन निगम ने कल से 100 प्रतिशत यात्रियों के साथ अपनी बस सेवा शुरू करने का फैसला लिया है। परिवहन मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि किसी को भी बसों में खड़े होने की अनुमति नहीं होगी। सामाजिक दूरी का पालन, मास्क पहनना और बसों का सैनेटाइजेशन अनिवार्य रहेगा।
भारतीय सेना ने आज जम्मू और कश्मीर के राजौरी जिले में भीम्बर गली सेक्टर के केरी इलाके में घुसपैठ की एक कोशिश को नाकाम कर दिया। इस ऑपरेशन में एक आतंकवादी मारा गया और दो मैगजीन के साथ एक एके -47 बरामद किया गया।
नेपाल के प्रधानमंत्री के.पी. शर्मा ओली के सीने में दर्द की शिकायत करने के बाद उन्हें काठमांडू के शहीद गंगाजल नेशनल हार्ट सेंटर ले जाया गया।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और सेना प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद नरवणे LAC में चीनी आक्रामकता को देखते हुए शुक्रवार को पूर्वी लद्दाख की सुरक्षा स्थिति की समीक्षा करने के लिए लेह का दौरा करेंगे।
पीएम नरेंद्र मोदी ने 59 चाइनीज ऐप बैन करने के बाद चीनी सोशल मीडिया ऐप वीबो को छोड़ा। डिलीट किए सभी पोस्ट। कुछ साल पहले वीबो पर पीएम ने बनाया था अकाउंट
उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद की वार्षिक परीक्षा 2020 का परिणाम बुधवार को घोषित कर दिया गया। मदरसा बोर्ड द्वारा आयोजित मुंशी, मौलवी, आलिम, कामिल और फाजिल की परीक्षा में 1,82,259 परीक्षार्थियों ने हिस्सा लिया था। इसमें से 1,15,650 परीक्षार्थी पास हुए हैं। इस बार बोर्ड परीक्षा में 81.99 फीसद छात्र-छात्राएं पास हुए हैं।
अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ने बताया कि 10 मेधावी छात्र-छात्राओं को एक-एक लाख रुपये, टैबलेट और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। पहले परिणाम 30 जून को घोषित होना था, लेकिन इसे एक दिन आगे बढ़ा दिया गया। परीक्षार्थी अपना परिणाम मदरसा बोर्ड की वेबसाइट पर चेक कर सकेंगे।
उत्तराखंड उच्च न्यायालय ने योग गुरु रामदेव, दिव्य फार्मेसी, एनआईएमएस विश्वविद्यालय, केंद्र और राज्य सरकार को एक याचिका पर नोटिस जारी किया, जिसमें आयुर्वेदिक चिकित्सा कोरोनिल पर प्रतिबंध लगाने की मांग की गई थी।
उत्तराखंड हाई कोर्ट ने योग गुरु रामदेव, दिव्य फार्मेसी, निम्स विश्वविद्यालय, केंद्र और राज्य सरकार को एक याचिका पर नोटिस जारी किया, जिसमें आयुर्वेदिक चिकित्सा कोरोनिल पर प्रतिबंध लगाने की मांग की गई थी।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, "कॉमन वेल्थ गेम्स विलेज के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 500 बेड तैयार किए गए हैं। ये सेंटर LNJP अस्पताल से जुड़ा होगा और इसमें पुरुष और महिला रोगियों के लिए अलग-अलग वार्ड होंगे।"
असम के स्वास्थ्य मंत्री ने कहा, “हमने अगले 4-5 दिनों में गुवाहाटी में एक प्लाज्मा बैंक स्थापित करने का निर्णय लिया है। हमने पहले ही गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज में प्लाज्मा विभाजक स्थापित कर दिया है। मुझे लगता है कि अगले हफ्ते तक हम प्लाज्मा उपचार शुरू कर पाएंगे।”
चंडीगढ़ में आज कोरोना के 6 नए मामले सामने आए हैं, कुल मामलों की संख्या बढ़कर 446 हो गई है। 73 सक्रिय मामले हैं और 367 मरीज अब तक ठीक हो चुके हैं। मृत्यु का आंकड़ा 6 है।
महाराष्ट्र पुलिस में कोरोना के 77 नए मामले सामने और 1 की मौत हुई है। पुलिस में कुल केस 1015 ऐक्टिव केस हैं। अब तक 60 पुलिसकर्मियों की मौत हो चुकी है।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा- भारत हाइवे प्रॉजेक्ट्स में चीनी कंपनियों को हिस्सा लेने की अनुमति नहीं देगा, भले ही वह जॉइंट वेंचर के माध्यम से शामिल होना चाहें।
राम जन्मभूमि तीर्थक्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष नृत्य गोपाल दास ने कहा कि हमने पीएम मोदी को एक पत्र लिखा है जिसमें उनसे अयोध्या आने और राम मंदिर निर्माण गतिविधियों का उद्घाटन करने का अनुरोध किया गया है। हम सुनिश्चित करेंगे कि इस दौरान कोई भीड़ न हो।
केंद्र सरकार जल्द ही सड़क दुर्घटना में घायल लोगों के लिए एक योजना लांच करने जा रही है। इस योजना के तहत अब सड़क दुर्घटना में पीड़ितों का कैशलेस इलाज संभव हो पायेगा। इसके लिये सरकार 'मोटर व्हीकल एक्सीडेंट फंड' का भी गठन करेगी।
आईजी कश्मीर विजय कुमार ने बताया, “आज सोपोर में सीआरपीएफ की पेट्रोलिंग टीम पर आतंकवादियों ने गोलीबारी की। इसमें सीआरपीएफ के तीन जवान घायल हो गए। और एक शहीद हो गया। उसी समय 1 सिविलियन गाड़ी में अपने बच्चे को लेकर जा रहे थे, घबराहट में वो अपने गाड़ी से निकलकर बच्चे को लेकर भागने लगे इसी दौरान उन्हें भी गोली लग गई और उनकी मौत हो गई।”
टीएमसी सांसद नुसरत जहां ने कहा, “टिकटॉक एक मनोरंजन ऐप है। यह एक आवेगी निर्णय है। रणनीतिक योजना क्या है? उन लोगों का क्या होगा जो बेरोजगार हो जाएंगे? नोटबंदी की तरह लोग बेरोजगार हो जाएंगे। मुझे प्रतिबंध से कोई समस्या नहीं है, क्योंकि यह राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए है, लेकिन इन सवालों का जवाब कौन देगा।”
लद्दाख में एलएसी विवाद को लेकर भारत और चीन के बीच बातचीत जारी है। बातचीत के बीच भी चीन संयम बरत नहीं रहा है। न्यूज़ एजेंसी एएनआई के मुतबाकि, चीन ने एलएसी के पास बड़ी संख्या में अपने सैनिकों की तैनाती कर दी है।
आंद्र प्रदेश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के के 657 नए मामले सामने आए हैं और 6 लोगों की मौत हो गई है। राज्य में अब कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 15,252 है और कोरोना वायरस से होने वाली मौतों का आंकड़ा 193 है। राज्य में कोरोना सक्रिय मामलों की संख्या 8,071 है।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा, “इस समय दिल्ली के अस्पतालों में कोरोना वायरस के 5,800 मरीज हैं। एक हफ्ता पहले 6,250 मरीज थे। दिल्ली में मरीजों की संख्या बढ़ने की बजाए कम होती जा रही है। अब तक दिल्ली में कोरोना के कुल 87,000 मामले आए हैं जिसमें से 58,000 मरीज ठीक हो गए हैं।”
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर कहा, “उत्तर प्रदेश के सीएम ने पीएम साहब को बुलाकर एक आयोजन कर बताया कि छोटे और मझोले उद्योगों में लाखों रोजगार मिल रहे हैं। लेकिन हकीकत देखिए। पीएम के संसदीय क्षेत्र के बुनकर जो वाराणसी की शान हैं, आज गहने और घर गिरवी रखकर गुजारा करने को मजबूर हैं। लॉकडाउन के दौरान उनका पूरा काम ठप हो गया। छोटे व्यवसायियों और कारीगरों की हालत बहुत खराब है। हवाई प्रचार नहीं, आर्थिक मदद का ठोस पैकेज ही इन्हें इस तंगहाली से निकाल सकता है।”
तमिलनाडु के नेवेली लिग्नाइट संयंत्र के एक ब्वॉयलर में विस्फोट हुआ है। विस्फोट में 6 लोगों की मौत हो गई है। 17 लोग घायल होगए हैं। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पूर्व अटॉर्नी जनरल मुकुल रोहतगी ने कहा, “टिकटॉक की तरफ से केंद्र सरकार के खिलाफ मैं अदालत में पैरवी नहीं करूंगा।”
तमिलनाडु के नेवेली लिग्नाइट संयंत्र के एक ब्वॉयलर में विस्फोट हुआ है। विस्फोट में 17 लोग घायल हो गए हैं। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
राजस्थान में आज सुबह 10:30 बजे तक कोरोना के 78 नए मामले सामने आए हैं और 12 रिकवरी हुई है। राज्य में कुल मामलों की संख्या अब 18,092 हो गई है, जिसमें 3,447 सक्रिय मामले और 413 मौतें शामिल हैं।
ओडिशा में 30 जून (कल) को कोरोना वायरस के 251 नए मामले सामने आए और 243 लोग कोरोना वायरस से ठीक हुए। राज्य में कोरोना वायरस पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 7,316 है जिसमें 5,189 ठीक हो चुके माममले और 2,094 सक्रिय मामले शामिल हैं।
जम्मू-कश्मीर के राजौरी के केरी इलाके में आज सुबह करीब 5:55 बजे आतंकवादियों द्वारा घुसपैठ की एक कोशिश को नाकाम किया गया। हमारी नियंत्रण रेखा (एलओसी) के 400 मीटर अंदर आने के बाद आतंकवादियों ने गोलियां चलाईं। 1 आतंकवादी मारा गया, 1 एके- 47 और मैगजीन बरामद हुईं। सर्च ऑपरेशन चल रहा है। न्यूज़ एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से यह खबर दी है।
महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने कहा, “कराची स्टॉक एक्सचेंज पर आतंकवादी हमले के बाद ताज होटल को जो धमकी का फोन आया है। उसके बारे में मुंबई के डीजी पुलिस और कमिशनर ऑफ पुलिस से चर्चा हुई, उनको कड़ी सुरक्षा रखने की सूचना दी गई है। पूरी सुरक्षा व्यवस्था पर पुलिस नजर रखे हुए है।”
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ‘डॉक्टर्स डे’ के मौके पर नर्सों से बातचीत की। राहुल गांधी के साथ चार नर्स जुड़े। राहुल गांधी ने कहा कि इस मुश्किल घड़ी में आप लोग कोरोना के खिलाफ जंग लड़ रहे हैं और अपने जान को खतरे में डालकर लोगों की सेवा कर रहे हैं।
न्यूजीलैंड से जुड़ी नर्स ने कहा कि मैं आपातकालीन सेवा में काम करती हूं। उन्होंने बताया कि न्यूजीलैंड की पीएम ने समय पर बड़े कदम उठाए, जिसका फायदा देखने को मिला।
राहुल गांधी से बातचीत में एक स्वास्थ्यकर्मी विपिन ने कहा कि भारत के प्राइवेट अस्पतलों में काम करने वाले स्वास्थ्य कर्मियों की हालत बेहद खराब है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य कर्मियों की सैलरी काटी जा रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे में सवाल यह है कि आखिर यह स्वास्थ्य कर्मी कोरोना के खिलाफ कैसे लड़ाई लड़ेंगे वे अपने परिवार को कैसे देखेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार को ऐसे स्वास्थ्य कर्मियों की मदद करनी चाहिए।
शैर्ली, इंग्लैंड: हमारे पास हर रोज मरीज आ रहे थे, शुरुआत में काफी डर था, क्योंकि किसी को कुछ पता नहीं था। जब मैं एक मरीज को देख रही थी तो उसे कोई लक्षण नहीं था, उसके सिर्फ पेट में दर्द था। जब जांच की तो उसकी चेस्ट में कोविड था और वो लगातार गंभीर होता गया। मार्च महीने की शुरुआत में ही डर फैल गया था, जब ब्रिटेन में लॉकडाउन नहीं हुआ था। तब से ही हम पीपीई किट समेत काफी सावधानी बरत रहे हैं।
विपिन, केरल: मुझे भी कोरोना वायरस हो गया। मैं अभी क्वारंटाइन हूं। भारत में 1.2 मिलियन एलोपेथिक डॉक्टर हैं, जबकि 3 मिलियन से ज्यादा नर्स हैं। लेकिन भारत में प्राइवेट और सरकारी अस्पताल में जमीन आसमान का अंतर है। दिल्ली में पहले सिर्फ 7 हजार टेस्ट कर रहे थे, लेकिन जब टेस्टिंग बढ़ी तो पॉजिटिव रेट बढ़ रहा है। लेकिन फिर दिल्ली में टेस्टिंग कम कर दी गई।
नरेंद्र सिंह, ऑस्ट्रेलिया: जब कोरोना शुरू हुआ तब हमें लगा कि यह एक सामान्य फ्लू होगा। लेकिन जब इसने लोगों की जान लेना शुरू की तो हर कोई हैरान हो गया। इसी के बाद अलग-अलग मोर्चों पर हमने इसके लिए तैयारी शुरू की।
अनु, न्यूजीलैंड: हमारे यहां पर ऑकलैंड जैसे शहर काफी भीड़ वाले हैं, ऐसे में यहां पर काफी लोगों की जान जा सकती थी। लेकिन यहां की सरकार ने काफी अच्छा काम किया और शुरुआत में ही सख्त रुख अपनाया।
भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद के मुताबिक, देश में 30 जून (कल) तक कुल कोरोना के 86,26,585 सैंपल टेस्ट किए गए, जिसमें से 2,17,931 सैंपल कल टेस्ट किए गए।
देश में लगातार कोरोना वायरस के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी ताजा आकंड़ों के मुताबिक, देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 18,653 नए केस सामने आए हैं और 507 लोगों की मौत हो गई है।
केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के मुताबिक, इस हमले में एक जवान शहीद हो गया है। वहीं, एक सिविलियन की मौत हो गई। सीआरपीएफ के दो जवानों की हालत गंभीर है, जबकि एक जवान को मामूली चोटें आई हैं।
जम्मू-कश्मीर के सोपोर में सीआरपीएफ के गश्ती दल पर आतंकी हमले में चार जवान घायल हो गए हैं। साथ ही एक नागरिक भी घायल हो गया है। हमले के बाद इलाके की घेराबंदी कर दी गई है।
भारत और चीन के बीच कॉर्प्स कमांडर-स्तर की तीसरे दौर की बैठक 12 घंटे तक चली और रात के 11 बजे खत्म हुई। न्यूज़ एजेंसी एएनआई ने सेना के सूत्रों के हवाले से यह खबर दी है।
जम्मू-कश्मीर के सोपोर में सीआरपीएफ के गश्ती दल पर आतंकवादियों ने गोलीबारी की है। राज्य के डीजीपी दिलबाग सिंह ने बताया कि इस हमले कुछ सीआरपीएफ के जवान घायल हुए हैं। इस हमले में एक नागरिक के भी घायल होने की खबर है।
कोरोना संकट के बीच बिहार के 5 जिलों में बिजली गिरने से हुई 11 लोगों की मौत पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के आश्रितों को चार-चार लाख रुपये अनुग्रह राशि अनुदान देने के निर्देश दिए हैं।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज डॉक्टर्स डे के मौके पर दुनिया के अलग-अलग देशों मं मौजूद भारतीय नागरिकों से बात करेंगे। यह सभी अलग-अलग अस्पतालों में काम करते हैं। उन्होंने ट्वीट कर कहा, “डॉक्टर्स डे पर मैं उन समर्पित पेशेवरों का बहुत आभारी हूं, जो कोरोना वायरस के इस समय में उम्मीद जगाते हैं। आज सुबह 10 बजे, कोविड संकट के बारे में मेरे साथ 4 समर्पित नर्सों की बातचीत देखें और जानें कि हमें कैसे इस पर आगे काम करना है।”
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 01 Jul 2020, 8:10 AM IST