
ओडिशा की राजधानी भूवनेश्वर में कोरोना वायरस महामारी के चलते आम की ब्रिकी घटी है जिससे आम के व्यापारियों का काम प्रभावित हुआ है। आम के एक व्यापारी ने बताया-"व्यापार 75 प्रतिशत कम हो गया है, किसानों का भी बहुत नुकसान हो रहा है। लोगों के पास खरीदने के लिए पैसा नहीं है।"
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अल्पसंख्यक विभाग के चेयरमैन शाहनवाज आलम को राजधानी लखनऊ में उनके घर से यूपी पुलिस ने संदिग्ध तरीके से उठा लिया है। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हुई है। पुलिस ने अब तक गिरफ़्तारी का कोई कारण नहीं बताया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू और नेता कांग्रेस विधायक दल आराधना मिश्रा मोना इस समय हजरतगंज कोतवाली पहुंच गई है।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने घटना पर ट्वीट कर कहा है कि “यूपी की योगी सरकार कांग्रेस द्वारा मुख्य विपक्षी पार्टी के रूप में जनता के मुद्दे उठाए जाने से बुरी तरह परेशान है। कुछ दिनों पहले हमारे अध्यक्ष जी पर फर्जी मुकदमे लगाए गए थे और आज यूपी कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष शाहनवाज आलम जी को यूपी पुलिस संदिग्ध तरीके से उठाकर ले गई।”
केंद्रीय गृहमंत्रालय ने अनलॉक-2 के लिए गाइडलाइंस जारी किया है। नए दिशानिर्देशों के तहत घर के बाहर मुंह ढंकना अनिवार्य रहेगा और रात 10 से सुबह 5 बजे तक नाइट कर्फ्यू जारी रहेगा। वहीं स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थान, अंतर्राष्ट्रीय उड़ानें, मेट्रो, सिनेमा, जिम, स्विमिंग पूल, धार्मिक समारोह 31 जुलाई तक प्रतिबंधित रहेंगे।
भारत ने कराची में हुए आतंकवादी हमले पर पाकिस्तान के विदेश मंत्री की आपत्तिजनक टिप्पणियों को भारत किया है। भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा कि पाकिस्तान अपनी घरेलू समस्याओं के लिए भारत पर दोषारोपण नहीं कर सकता। पाकिस्तान के विपरीत, भारत को कराची समेत दुनिया में कहीं भी होने वाली आतंकवादी घटनाओं की निंदा करने में कोई हिचक नहीं है।
पेट्रोल-डीजल के दाम में बेतहाशा बढो़तरी के विरोध में आज कांग्रेस के देशव्यापी प्रदर्शन में हिस्सा लेने के लिए उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के खिलाफ आईपीसी की धारा 188 और आपदा प्रबंधन अधिनियम की धारा 51 बी के तहत देहरादून में मुकदमा दर्ज किया गया है।
सरकार ने लोकप्रिय चीनी ऐप टिकटॉक समेत 59 चीनी ऐप पर प्रतिबंध लगा दिया है। इन चीनी ऐप से निजता की सुरक्षा का मामला माना जा रहा है।
राजधानी दिल्ली में अब डोर-टू-जोर स्क्रीनिंग नहीं होगी। अब सिर्फ कोरोना कंटेंटमेंट जोन में ही स्क्रीनिंग की जाएगी। गृह मंत्रालय ने ये आदेश दिए हैं।
महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 5257 नए मामले समाने आए हैं। वहीं 181 लोगों ने इस वायरस के कारण अपनी जान गंवा दी है। राज्य में अब कोरोना के कुल मामले 169883 हो गई है। इनमें से 73298 मामले ही एक्टिव हैं।
चीन के हुपेई में भारी वर्षा से साढ़े छह लाख लोग आपदा से ग्रस्त हैं। 27 जून से शुरू भारी वर्षा से हूपेई प्रांत के ईछांग, श्यांगयांग, चिनमन आदि सात शहरों की 24 काऊंटियों में बाढ़ आ गई है।हूपेई प्रांत के आपदा निवारण कार्यालय ने यह चेतावनी दी कि हूपेई प्रांत के मुख्य क्षेत्रों में मिट्टी की नमी संतृप्त हो जाती है। इसलिये हूपेई प्रांत के विभिन्न स्तरीय आपदा निवारण कार्यालयों को गंभीर रूप से मौसम परिवर्तन पर ध्यान देकर बाढ़ व भूस्खलन आदि आपदा का मुकाबला की करने के लिए तैयार रहना चाहिए।
इनपुट: IANS
भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद से मंजूरी मिलने के बाद हरियाणा अपने सभी मेडिकल कॉलेजों में प्लाज्मा थेरेपी शुरू करेगा। यह जानकारी राज्य मंत्री अनिल विज ने दी है।
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 2 घंटे के दौरान उत्तर प्रदेश के चरखी दादरी, बावल, बरसाना, देग, करनाल, शामली, मुजफ्फरनगर, डेरामंडी (दिल्ली) के आसपास क्षेत्रों में बारिश के साथ 20-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी।
महाराष्ट्र पुलिस में पिछले 24 घंटे में 77 पुलिसकर्मी कोरोना पॉजिटिव आए हैं और 2 की कोरोना वायरस से मौत हुई है। कोरोना वायरस सक्रिय मामलों की संख्या अब 1,030 है और कोरोना वायरस से होने वाली मौतों का आंकड़ा 59 है।
कोरोना के बढ़ते मामले को देखते हुए महाराष्ट्र सरकार ने राज्य में लॉकडाउन 31 जुलाई तक बढ़ा दिया है। महाराष्ट्र सरकार के मुताबिक, आपातकालीन, स्वास्थ्य और चिकित्सा, कोषागार, आपदा प्रबंधन, पुलिस को छोड़कर सभी सरकारी कार्यालयों को 15 फीसदी स्टाफ या 15 व्यक्तियों जो अधिक हो उसके साथ काम करना होगा। सभी निजी कार्यालय 10 प्रतिशत स्टाफ या 10 व्यक्तियों जो अधिक हो उसके साथ काम कर सकते हैं।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा, “सरकार ने पेट्रोल और डीज़ल के दाम 22 बार बढ़ाए, मतलब 22 बार सरकार ने गरीब और कमजोर लोगों को सीधी चोट मारी। हमने सरकार से कहा है कि आपने पेट्रोल और डीज़ल में जो एक्साइज ड्यूटी बढ़ाई है इसको आप वापस लें और पेट्रोल और डीज़ल के दाम कम कीजिए।”
पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, “विश्व अर्थव्यवस्था के साथ-साथ भारतीय अर्थव्यवस्था चुनौतीपूर्ण समय से गुजर रही है। कोरोना महामारी के कारण ऊर्जा उद्योग कठिन समय से गुजर रहा है। देश में अप्रैल-मई महीनों में पेट्रोल की मांग 70-80 फीसदी घट गई है, जिसका सीधा असर अर्थव्यवस्था पर पड़ा।”
सुप्रीम कोर्ट ने 30 से अधिक देशों के तब्लीगी जमात के लगभग 2,500 सदस्यों के ब्लैकलिस्ट करने और रद्द करने के गृह मंत्रालय के आदेश की वैधता पर सवाल उठाने वाली याचिका पर केंद्र से जानकारी मांगी है।
हिमाचल प्रदेश में करोना के तीन नए पॉजिटिव मामलों के साथ राज्य में पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 919 हो गई है, जिसमें 365 सक्रिय मामले, 534 रिकवर और 7 मौतें शामिल हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा कि देश में कोरोना महामारी के बीच पेट्रोल और डीजल की बढ़ी कीमतों ने देश वासियों का जीना मुश्किल कर दिया है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि आज देश की राजधानी दिल्ली और अन्य बड़े शहरों में पेट्रोल और डीजल दोनों की कीमतें 80 रुपये प्रति लीटर के पार पहुंच गई हैं।
सोनिया गांधी ने कहा, “25 मार्च के लॉकडाउन के बाद मोदी सरकार ने पिछले तीन महीनों में 22 बार लगातार पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ाई हैं। डीजल की कीमत 11 रुपये प्रति लीटर और पेट्रोल की कीमत 9 रुपये 12 पैसा प्रति लीटर बढ़ा दी। पिछले तीन महीने में मोदी सरकार ने एक्साइज ड्यूटी बढ़ाकर भी सालाना लाखों करोड़ इकट्ठे करने का इतंजाम कर दिया है। यह सब तब हो रहा है जब कच्चे तेल की कीमतें अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगातार कम हो रही हैं।”
कांग्रेस अध्यक्ष ने आगे कहा, “मैं आप सभी को यह भी याद दिलाना चाहती हूं कि 2014 के बाद मोदी सरकार ने जनता को कच्चे तेल की गिरती कीमतों का फायदा देने की बजाय पेट्रोल और डीजल पर 12 बार एक्साइज ड्यूटी बढ़ाई, जिससे सरकार ने लगभग 18 लाख करोड़ रुपये की अतिरिक्त वसूली की। यह अपने आप में जनता की मेहनत की कमाई से पैसा निकालकर खजाना भरने का जीता जागता सबूत है।”
सोनिया गांधी ने आगे कहा, “सरकार की जिम्मेदारी यह है कि मुश्किल समय में देश वासियों का सहारा बने। उनकी मुसीबत का फायदा उठाकर मुनाफाखोरी न करे। पेट्रोल-डीजल की अन्यायपूर्ण बढ़ोतरी ने सरकार द्वारा देश वासियों से जबरन वसूली का एक नई मिसाल पेश की है। न केवल यह अन्यायपूर्ण है बल्कि संवेदनहीन भी है। इसकी सीधी चोट देश के किसान, गरीब, नौकरीपेशा लोगों, मध्यम वर्ग, छोटे-छेटे उद्योगों पर पड़ रही है। मैं आज कांग्रेसजनों और आप सभी के साथ मिलकर मोदी सरकार से यह मांग करती हूं कि कोरोना महामारी के इस संकट में बढ़ाई गई पेट्रोल-डीजल की कीमतें फैरन वापस ले। मार्च से आज तक की पेट्रोल-डीजल पर बढ़ाई गई एक्साइज ड्यूटी को भी वापस ले। इसका फायदा देश वासियों को दिया जाए। आर्थिक संकट की इस कठिन समय में लोगों के लिए यह बहुत बड़ी राहत होगी। जय हिंद।”
सीएम केजरीवाल ने बताया कि दिल्ली में हम कोरोना मरीजों के इलाज के लिए प्लाज्मा बैंक बनाने जा रहे हैं। देशभर में ये पहला प्लाज़्मा बैंक होगा। मैं ठीक हुए लोगों से प्लाज्मा दान करने की अपील करता हूं।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आज दिल्ली में बेड्स की कमी नहीं है। अभी हमारे पास 13500 बेड है जिसमें से 6000 भरे हुए हैं 7500 खाली हैं।
सीएम केजरीवाल ने कहा, “LNJP अस्पताल के एक वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. असीम गुप्ता का कल कोरोना के कारण निधन हो गया। डॉ. असीम गुप्ता की आत्मा को भगवान अपने चरणों में जगह दे। वो हम सबके लिए बहुत बड़ी प्रेरणा हैं। उनके परिवार को सरकार द्वारा 1करोड़ रुपये की मुआवजा राशि दी जाएगी।”
पंजाब के लुधियाना में कांग्रेस कार्यकार्ताओं ने पेट्रोल और डीजल के दामों में हुई बढ़ोतरी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। लुधियाना कांग्रेस अध्यक्ष अश्विनी कुमार शर्मा ने कहा, "ईंधन की कीमतें बढ़ने से यातायात, किराना, राशन और जरूरत का सामान महंगा होगा। वैसे ही महंगाई बहुत ज्यादा बढ़ गई है।"
पाकिस्तान में कराची के स्टॉक एक्सचेंज पर आतंकी हमला हुआ है। पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक, इस हमले में फिलहाल दो लोगों की मौत की खबर है। इमारत से लोगों को बाहर निकाला जा रहा है।
पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ देश भर में कांग्रेस पार्टी प्रदर्शन कर रही है। दिल्ली में आईपी कॉलेज के पास प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा, “बीजेपी को कांग्रेस और राहुल गांधी के खिलाफ इल्जाम लगाने का बहुत समय मिल जाता है। असलियत कैसे छुपाएंगे आप, चीनी कंपनियों ने PM-CARES फंड में सैंकड़ों करोड़ों का चंदा कैसे डाला। आपने किस लिए चीनी कंपनियों से ये चंदा वसूला ये तो देशवासी जानना चाहेंगे।”
बेंगलुरु में कांग्रेस नेता और कर्नाटक के पूर्व सीएम सिद्धारमैया ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी के खिलाफ पार्टी के विरोध प्रदर्शन में भाग लेने के लिए मिंस्क स्क्वायर पहुंचने के लिए अपने आवास से साइकिल की सवारी की।
दिल्ली के ओखला सब्जी मंडी में टमाटर के 30-32 रुपये किलो होलसेल रेट पर फजलु रहमान सचिव दिल्ली टमाटर एसोसिएशन ने बताया, "हर जगह टमाटर खत्म हो गया है अभी सिर्फ हिमाचल शिमला से टमाटर आ रहा है। महीना डेढ़ महीना टमाटर का रेट ज्यादा ही रहेगा।"
देश में पिछले 24 घंटों में कोरोना से 380 मौतें हुई हैं और 19,459 नए मामले दर्ज़ किए गए। इसके साथ ही देश में 5,48,318 पॉजिटिव मामले हो गए हैं, जिसमें 2,10,120 सक्रिय मामले है और 3,21,723 को डिस्चार्ज किया जा चुका है। वहीं, कोरोना से अब तक 16,475 लोगों की मौत हो चुकी है।
कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेलावा ने #SpeakUpAgainstFuelHike अभियान के तहत ट्वीट कर कहा, “मोदी सरकार में पेट्रोल-डीजल-:
• केंद्र सरकार ने पिछले 23 दिनों में पेट्रोल के दाम ₹9.17 रुपये व डीजल ₹11.14 प्रति लीटर बढ़ाये।
• ₹1,30,000 CR अतिरिक्त कमाये
• राजधानी दिल्ली में डीज़ल तो पेट्रोल से भी महँगा
• 73 साल में पेट्रोल-डीज़ल सबसे महांगा।”
भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद के मुताबिक, 28 जून तक कोरोना टेस्ट किए गए सैंपल्स की कुल संख्या 83,98,362 पहुंची गई है, जिसमें से 1,70,560 नमूनों का कल टेस्ट किए गए थे।
पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी के खिलाफ कांग्रेस का आज राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन है। इस संबंध में राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा, “आइये #SpeakUpAgainstFuelHike कैंपेन से जुड़ें।”
कांग्रेस कार्यकर्ता आज सुबह 10 बजे से 12 बजे के बीच देश भर के जिला मुख्यालयों पर धरना देंगे। धरने के बाद जिला प्रशासन के जरिये राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन भेजे जाएंगे। इसके अलावा कांग्रेस सोशल मीडिया पर #SpeakUpAgainstFuelHike अभियान चलाएगी।
असम के गुवाहाटी में आज पूर्ण लॉकडाउन के चलते बाज़ार बंद और सड़कें खाली दिखीं सिर्फ इमरजेंसी सेवाएं जारी। आमिर हुसैन ट्रैफिक इंचार्ज ने कहा कि लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 0.05 रुपये की बढ़त के साथ 80.43 रुपये और डीजल की कीमत 0.13 रुपये की बढ़त के साथ 80.53 रुपये पहुंची गई है।
जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में सुरक्षा बलों से मुठभेड़ में तीन आतंकी मारे गए हैं। फिलहाल इलाके में फायरिंग रुकी हुई है, लेकिन सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेर रखा है। खबरों के मुताबिक, अभी भी कुछ आतंकी इलाके में छुपे हो सकते हैं, जिन्हें पकड़ने के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 29 Jun 2020, 8:13 AM IST