
पंजाब के सीएम अमरिंदर सिंह ने चीन से भारत में शिफ्ट होने की इच्छुक कंपनियों की बढ़ती संख्या के मद्देनजर पैदा हुए अवसर की ओर इशारा करते हुए आज उद्योग जगत को अगले कुछ दिनों में सौ फीसदी परिचालन सुनिश्चित करने के लिए अपनी सरकार के पूर्ण समर्थन का आश्वासन दिया।
राजधानी दिल्ली में शाम से जारी बारिश के बीच भूकंप के झटके महसूस हुए हैं। देर शाम 9 बजकर 8 मिनट पर आए भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.6 मापी गई है। इससे कुछ दिन पहले भी दिल्ली में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे।
महाराष्ट्र में लॉकडाउन के आदेशों को तोड़ने के लिए हिंदूवादी नेता संभाजी भिड़े के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। भिड़े के खिलाफ कोल्हापुर के जयसिंहपुर पुलिस स्टेशन में आईपीसी की धारा 188 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। भिड़े ने कल बिना अनुमति के सांगली जिले से कोल्हापुर की यात्रा की थी।
दिल्ली सरकार ने राजधानी के चार होटलों को अपने अधीन लेते हुए उन्हें अस्पतालों के साथ जोड़ दिया है। कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए इन होटलों को अस्पताल के काम में लाया जाएगा। इसके तहत होटल क्राउन प्लाजा, सूर्या होटल, होटल जीवितेष और होटल शैरेटन को कोरोना अस्पताल बनाया जाएगा।
जल शक्ति मंत्रालय ने बताया कि भारत सरकार ने 2020-21 के दौरान छत्तीसगढ़ में जल जीवन मिशन के कार्यान्वयन के लिए 445 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है।
IAS अधिकारी सी. श्रीधर को प्रधानमंत्री कार्यालय में संयुक्त सचिव के रूप में नियुक्त किया गया।
IAS राजेंद्र कुमार को इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव के रूप में नियुक्त किया गया।
एस. गोपालकृष्णन, अतिरिक्त सचिव, इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी मंत्रालय को प्रधानमंत्री कार्यालय में अतिरिक्त सचिव के रूप में नियुक्त किया गया।
राज्य स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि पंजाब में कुल COVID19 पॉजिटिव मामलों की संख्या 2197 है जिसमें 206 सक्रिय मामले, 1949 ठीक हो चुके मामले और 42 मौतें शामिल हैं।
जाने-माने ज्योतिषी बेजन दारूवाला की शुक्रवार को कोरोना वायरस से मौत हो गई। उन्होंने 90 साल की उम्र में गुजरात में अहमदाबाद के एक अस्पताल में अंतिम सांस ली। गुजरात के सीएम ने दुख जताया है।
सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के मुताबिक, 2018-19 में 6.1% की तुलना में 2019-20 के दौरान सकल घरेलू उत्पाद में 4.2% वृद्धि का अनुमान लगाया गया है।
पश्चिम बंगाल CM ममता बनर्जी ने कहा कि सभी निजी, सार्वजनिक और सरकारी क्षेत्र के कार्यालय 8 जून से खुलेंगे, जबकि राज्य का चाय और जूट उद्योग 1 जून से 100% चालू हो जाएंगे।
छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम अजीत जोगी के निधन पर पीएम मोदी ने दुख जताया। उन्होंने कहा उनमें जनता की सेवा का जुनून था। गरीबों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए उन्होंने बहुत प्रयास किए।
कर्नाटक स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि 248 व्यक्तियों को आज राज्य में कोरोना वायरस के लिए पॉजिटिव पाया गया है। राज्य में पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या अब 2781 हो गई है, मरने वालों की संख्या 48 है।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से वित्त उद्योग विकास परिषद (FIDC) के प्रमुख अधिकारियों के साथ बैठक की
आर्मी कमांडर्स कॉन्फ्रेंस की तस्वीर। पहले यह इवेंट अप्रैल में होना था लेकिन कोविड की वजह से अब दो चरणों में कराया जा रहा है।
हिमाचल प्रदेश स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि अब तक राज्य में 291 लोगों को राज्य में #COVID19 के लिए पॉजिटिव पाया गया है।
पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने कहा, “सभी पूजा स्थल, मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारा खुलेंगे, लेकिन एक समय पर 10 से अधिक लोगों को अनुमति नहीं दी जाएगी, धार्मिक स्थलों पर कोई सभा नहीं होगी। इसे 1 जून से लागू किया जाएगा।”
रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष विनोद कुमार यादव ने कहा, 28 मई तक 3,840 श्रमिक स्पेशल ट्रेनें चली हैं, करीब 52 लाख यात्री जा चुके हैं। पिछले एक हफ्ते का औसत 1,524 श्रमिक स्पेशल ट्रेनें और करीब 20 लाख यात्रियों का है। पिछले एक हफ्ते में हमने प्रतिदिन करीब 3 लाख प्रवासी श्रमिकों को उनके गंतव्य तक पहुंचाया है। रेलवे ओरिजनेटिंग राज्य (जिस राज्य से ट्रेन चलती है) की मांग के हिसाब से श्रमिक स्पेशल ट्रेनें उपलब्ध करा रहा है और धीरे-धीरे ऐसा लग रहा है कि ओरिजनेटिंग राज्य की मांग कम होने लगी है।”
विनोद कुमार यादव ने कहा, “24 मई को हमने सब राज्य सरकारों से उनकी ट्रेनों की जरूरत ली थी, ये करीब 923 ट्रेनों की थीं। कल हमने फिर राज्य सरकारों से बात करके उनकी ट्रेनों की जरूरत ली, आज केवल 449 ट्रेनों की जरूरत है। भारतीय रेलवे ने अपने डॉक्टर भेजकर ट्रेन में 30 से ज़्यादा डिलीवरी कराई हैं। भारतीय रेलवे के डॉक्टरों और नर्सों ने 24 घंटे काम करके जहां जरूरत है वहां पहुंच कर डिलीवरी कराई उन्हें अस्पताल, घर में शिफ्ट किया।”
दिल्ली हाई कोर्ट ने दिल्ली के जिला न्यायालय के निलंबित कामकाज को 14 जून तक आगे बढ़ाने का फैसला किया है। इससे पहले हाई कोर्ट संबंधित समिति ने 31 मई तक कामकाज स्थगित कर दिया था।
पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी का निधन हो गया है। 74 साल की उम्र में उन्होंने अंतिम सांस ली। अजीत जोगी को कार्डियक अरेस्ट के बाद अस्तपाल में भर्ती कराया गया था। अजीत जोगी के निधन के जानकारी उनके बेटे अमित जोगी ने दी। अमित जोगी ने ट्वीट किया, वेदना की इस घड़ी में मैं निशब्द हूं। परम पिता परमेश्वर माननीय अजीत जोगी जी की आत्मा को शांति और हम सबको शक्ति दे। उनका अंतिम संस्कार उनकी जन्मभूमि गौरेला में कल होगा।
एक शिकायत के आधार पर सीबीआई ने संगठन तब्लीगी जमात और अन्य अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ शिकायत दर्ज की है। शिकायत में आरोप लगाया गया कि संगठन का ट्रस्ट अवैध साधनों का उपयोग करके संदिग्ध नगद लेनदेन में लिप्त है और सक्षम प्राधिकारी को विदेशी फंड की प्राप्ति का खुलासा भी करता है।
उत्तराखंड में आज कोरोना वायरस के 102 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही कुल मामलों की संख्या 602 हो गई है। राज्य में सक्रिय मामले 505 हैं।
छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम अजीत जोगी को एक बार फिर से हार्ट अटैक आया है। नारायणा अस्पताल के डायरेक्टर डॉ. सुनील खेमका ने इसकी पुष्टि की है। 27 मई की रात उन्हें हार्ट अटैक आया था। डॉक्टरों की टीम ने काफी कोशिशों के बाद उनकी स्थिति कंट्रोल की गई थी। फिलहाल अजीत जोगी ही हालत गंभीर बताई जा रही है।
हिमाचल प्रदेश में कोरोना वायरस के 9 नए मामले सामने आए हैं, राज्य में कोरोना वायरस पॉजिटिव मामलों की संख्या बढ़कर 290 हो गई है। राज्य में कोरोना वायरस सक्रिय मामलों की संख्या 204 है, अब तक 77 लोग कोरोना वायरस से ठीक/डिस्चार्ज हुए हैं।
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने बताया, “दिल्ली में अब तक कोरोना वायरस के कुल 17,386 मामले हैं, जिसमें से कल 1,106 मामले सामने आए हैं। दिल्ली में 7,846 लोग कोरोना वायरस के ठीक हो गए हैं, कल 351 लोग ठीक हुए हैं। दिल्ली में अब तक कोरोना वायरस से कुल 398 मौतें हुई हैं।”
दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने बताया, “कल दिल्ली में कोरोना वायरस से 13 मौतें हुई हैं। 69 मौत के मामले पुराने हैं जो कोरोना वायरस से होने वाली मौतों में जुड़े हैं, ये मौतें पिछले 34 दिनों में अलग-अलग अस्पतालों में हुई हैं।”
सिसोदिया ने आगे कहा, “दिल्ली में कोरोना वायरस से ठीक होने का प्रतिशत 50% के करीब है। जो लोग कोरोना वायरस के मरीज़ हैं उनमें ये देखने को मिला है कि 80-90% लोग होम-क्वारंटीन में रहकर ठीक हो रहे हैं।”
कर्नाटक में कल शाम 5 बजे से आज दोपहर 12 बजे तक कोरोना वायरस के 178 नए मामले सामने आए हैं। राज्य में कोरोना वायरस पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 2,711 है, इसमें 1,793 सक्रिय मामले और 47 मौतें शामिल हैं।
असम के स्वास्थ्य मंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा, “राज्य में कोरोना वायरस के 30 नए मामले सामने आए हैं, इसके बाद राज्य में कोरोना वायरस पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या बढ़कर 910 हो गई है। राज्य में कोरोना वायरस सक्रिय मामलों की संख्या 800 है, अब तक कोरोना वायरस से 4 मौतें हुई हैं।”
ओडिशा में कोरोना वायरस के 63 नए मामले सामने आए हैं। राज्य में अब कोरोना वायरस पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या बढ़कर 1,723 हो गई है। राज्य में कोरोना वायरस सक्रिय मामलों की संख्या 827 है।
संसद में राज्यसभा सचिवालय का एक हिस्सा सैनिटाइजेशन के लिए सील कर दिया गया है। एक अधिकारी के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद यह फैसला लिया गया। न्यूज़ एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से यह खबर दी है।
जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में जिस कार में विस्फोटक था, उसके मालिक हिदायतुल्लाह मलिक की पुलिस ने पहचान कर ली है। वह शोपियां का रहने वाला है और पिछले साल हिजबुल मुजाहिदीन में शामिल हुआ था।
उत्तराखंड के सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा, “राज्य में जो कोरोना मामले बढ़ रहे हैं वो जो प्रवासी मज़दूर वापस आ रहें हैं उनसे जुड़े हुए हैं। यह जल्द ही नियंत्रण में आ जाएगा। जहां तक मार्केट खोलने की बात है तो गर्मी के कारण और भारत सरकार द्वारा निर्धारित समय को देखते हुए मार्केट को शाम 7 बजे तक खोलने का निर्णय लिया गया है।”
गोवा के सीएम प्रमोद सावंत ने कहा, “मेरी गृह मंत्री अमित शाह से फोन पर बात हुई, मुझे लगता है कि लॉकडाउन जिस स्थिति में है उसे आगे 15 जून तक बढ़ाया जाना चाहिए। हमारी कोशिश है कि गोवा में रेस्टोरेंट्स, जिम, होटल शुरू होने चाहिए। अभी कोविड-19 का ग्राफ बढ़ रहा है, लॉकडाउन और 15 दिन बढ़ना ही चाहिए।”
मणिपुर के इम्फाल पश्चिम में आज कोरोना के तीन नए मामले सामने आए हैं, मणिपुर में कोरोना मामलों की कुल संख्या 58 हो गई है।
महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों में 116 पुलिस कर्मी कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं और वायरस से 3 कर्मियों की मौत हो गई है। राज्य में अब कोरोना संक्रमित कर्मियों की कुल संख्या 2,211 है और अब तक 25 की मौत हो चुकी है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा, “चीन के साथ सीमा की स्थिति के बारे में सरकार की चुप्पी संकट के समय भारी अटकलों और अनिश्चितता को हवा दे रही है। सरकार को सामने आ चाहिए और देश को बताना चाहिए कि आखिर क्या हो रहा है।”
उत्तर प्रदेश के आगरा में गुरुवार देर शाम कोरोना वायरस संक्रमण से ग्रसित तीन मरीजों की मौत होने के बाद से यहां महामारी से मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर 38 हो गया है। अधिकारी ने इस बात की जानकारी दी है। उन्होंने आगे कहा, "जिले में गुरुवार रात सात नए मामलों की पुष्टि के बाद से अब तक यहां कुल 882 मरीज कोविड-19 संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं।"
जिला मजिस्ट्रेट पी. एन. सिंह ने कहा, "उपचार के बाद पूर्ण रूप से स्वस्थ हुए 774 रोगियों को अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई है। कुल 12 हजार 772 नमूने लिए गए हैं और वर्तमान में शहर में 38 कंटेंटमेंट जोन हैं।"
शहर में स्थित दो जेलों में अब तक 1 हजार 900 कैदियों की जांच की जा चुकी है। वहीं, फिरोजाबाद में भी सात नए मामले सामने आए, जिसके बाद से जिले में संक्रमित हुए व्यक्तियों की संख्या बढ़कर 238 हो गई है।
(आईएएनएस के इनपुट के साथ)
आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कहा, “अपराधियों को गिरफ्तार नहीं कर रहें, लेकिन हम न्याय के लिए पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे हैं तो हमें रोका जा रहा है। गोपालगंज रेड जोन में अपराधियों को छूट है, लेकिन हमें ये लोग रोक रहे हैं इससे साबित होता है कि सरकार में बैठे लोग अपराध की जननी है।”
उत्तर प्रदेश के लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज औद्योगिक एसोसिएशन के साथ बैठक की और लॉकडाउन के बीच राज्य में लौटे प्रवासी श्रमिकों के रोजगार के लिए ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए।
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ के बीटेक के छात्र श्रेय अग्रवाल ने अपने दोस्त के साथ मिलकर एक ऐसा डिवाइस तैयार किया है जो लोगों के बीच 2 गज से कम दूरी होने पर रेड सिग्नल अलार्म से लोगों को अलर्ट करता है और लोग जैसे ही आपस में 2 गज की दूरी बना लेते हैं, सिग्नल बंद हो जाता है।
राजस्थान में आज सुबह 10:30 बजे तक कोरोना वायरस के 91 नए मामले सामने आए हैं। राज्य में अब कोरोना वायरस पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या बढ़कर 8,158 हो गई है। कोरोना वायरस से 2 और मौतों के बाद राजस्थान में मौतों का आंकड़ा बढ़कर 182 हो गया है।
उत्तर प्रदेश के कानपुर में लोगों ने अपने खेतों को टिड्डी दल के हमले से बचाने के लिए ड्रम और बर्तन बजाए।
चीन के वहान में जानवरों के जिस बाजार से कोरोना वायरस पूरी दुनिया में फैला था उसे फिर से खोल दिया गया है। बाजार में जीवित जंतुओं को बेचने वाले लोग वापस अपनी दुकानें लगाने लगे हैं। जिस बाजार से कोरोना वायरस फैलने की बात कही जाती है, उसका नाम है द हुआनान सीफूड होलसेल मार्केट कहा जाता है।
इसी बाजार से कोरोना वायरस के फैलने की बात सबसे पहले सामने आई थी। इसके 1 जनवरी को इस बाजार को बंद कर दिया गया था। बाजार में उन सभी जानवरों का मांस मिलता है जिसे इंसान खा सकता हो या उसे खाने की इच्छा रखता हो। वुहान के जानवर बाजार में करीब 112 प्रकार के जीवित जीव-जंतुओं का मांस और अंग बिकते हैं। इसके अलावा मरे जानवर अलग से बिकते हैं।
जम्मू-कश्मीर में लॉकडाउन में ढील के बाद राजौरी जिले में सड़क निर्माण गतिविधियां फिर से शुरू हो गई हैं।
छत्तीसगढ़ सीएमओ ने बयान जारी कर कहा, “गृह मंत्री ने लॉकडाउन पर मुख्यमंत्रियों से विचार मांगे थे, जिसमें छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने दोहराया कि राज्य की सीमाएं नहीं खोलनी चाहिए, ट्रेन/उड़ान सेवा पर मुख्यमंत्रियों के विचारों पर विचार करने और आर्थिक पैकेज में राज्यों के लिए उधार लेने की स्थिति को आसान करने का आग्रह किया है।”
देश भर में लगातार कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक, देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के रिकॉर्ड 7,466 नए केस आए सामने और 175 लोगों की मौत हो गई है।
पीएम नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच हाल में हुई बातचीत का भारत ने खंडन किया है। पीएम मोदी और ट्रंप के बीच आखिरी बातचीत 4 अप्रैल को हाइड्रॉक्सीक्लोरोक्वीन के मुद्दे पर हुई थी। न्यूज एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से यह खबर दी है। बता दें कि प्रेस से बात करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति ने दावा किया था कि उन्होंने हाल में पीएम मोदी से बात की थी। इस बयान में उन्होंने दावा किया कि चीन के बीच सीमा विवाद को लेकर पीएम मोदी का मूड ठीक नहीं है। इसी बयान का अब भारत सरकार खंडन किया है।
दिल्ली-गुरुग्राम बॉर्डर पर लोगों के 'पास' और पहचान पत्र की पुलिस कर्मी जांच कर रहे हैं। सब इंस्पेक्टर भीम सिंह ने बताया, "अभी तक कोई नई गाइडलाइन नहीं आई है। लॉकडाउन चार में में जो गाइडलाइन दी गई है हम उसी को फॉलो कर रहे हैं।"
दिल्ली के ब्रह्मपुरी इलाके में राशिद नाम के युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। इसके अलावा एक अन्य युवक को भी गोली मारी गई जो घयाल हो गया है। मौके से एक हमलावर को पकड़ा गया है, जिसका नाम भारत शर्मा बताया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि हमलावर के साथियों की तलाश की जा रही है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 29 May 2020, 8:10 AM IST