
कर्नाटक के सीएम येदियुरप्पा की कोरोना टेस्ट रिपोर्ट पाजिटिव आई है। इसके बाद उन्हें एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक अधिकारी ने आईएएनएस से कहा कि मुख्यमंत्री स्वस्थ महसूस नहीं कर रहे थे जिसके बाद उनकी कोरोना जांच की गई जिसमें वे पाजिटिव आए हैं
आईपीएल की गवर्निंग काउंसिल की मीटिंग खत्म हो चुकी है। BCCI के मुताबिक IPL के लिए भारत सरकार ने अनुमति दे दी है। आईपीएल का फाइनल शेड्यूल तय हो गया है। अब यह टूर्नामेंट 19 सितंबर से 10 नवंबर तक UAE में खेला जाएगा।
इसके अलावा BCCI ने साफ किया है कि महिलाओं का IPL भी खेला जाएगा। IPL के सभी प्रायोजक बरकरार हैं, जिसका मतलब है कि आईपीएल के मुख्य प्रायोजक के रूप में चीनी स्पॉन्सर वीवो बरकरार रहेगा।
पश्चिम बंगाल पीसीसी अध्यक्ष श्री सोमेन मित्रा के निधन पर श्रीमती को सोनिया गांधी का शोक संदेशमध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले में बकरी चोरी के एक आरोपी की पुलिस हिरासत में मौत हो गई। पुलिस इसे 'डायल 100' के वाहन से कूदकर भागने की कोशिश में घायल होने के बाद हुई मौत करार दे रही है। जानकारी मिली है कि राजपुर निवासी चंद्रभान को पप्पू परिहार के घर से बकरी चोरी के मामले में एक अन्य साथी के साथ रविवार को हिरासत में लिया गया था। पुलिस उसे गिरफ्तार कर डायल 100 के वाहन में थाने ला रही थी। इसी बीच चंद्रभान सिंह गुर्जर की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। चंद्रभान के सिर में गंभीर चोट का निशान बताया जा रहा है।
इनपुट-आईएएनएस
जम्मू-कश्मीर में आज कोरोना के 444 नए मामले रिपोर्ट हुए हैं और 8 लोगों की मौत हुई है। राज्य में कुल केस 21416 हुए, अब तक 396 की मौत।
तमिलनाडु में आज कोरोना के 5875 नए मामले रिपोर्ट हुए हैं और 98 लोगों की मौत हुई है। कुल केस 2,57,613 हुए। अब तक 4132 की मौत।
गृह मंत्री शाह के स्वास्थ्य का जायजा लेने एम्स के डॉक्टरों की टीम गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल जाएगी। एम्स के डायरेक्टर रणदीप गुलेरिया के नेतृत्व में जाएगी टीम।
विदेशों से आने वाले लोगों के लिए स्वास्थ्य मंत्रालय ने जारी की गाइडलाइन। 14 दिनों का क्वारंटीन अनिवार्य। 7 दिन पेड इंस्टिट्यूशनल क्वारंटीन और 7 दिन होम आइसोलेशन में रहना होगा। सभी यात्रियों को भारत आने से कम से केम 72 घंटे पहले newdelhiairport.in पर सेल्फ डेक्लेरेशन देना होगा। 8 अगस्त से लागू होगी नई गाइडलाइन।
पटना (सेंट्रल) के SP विनय तिवारी मुंबई पहुंचे। उन्होंने बताया, "पिछले एक सप्ताह से हमारी टीम यहां काम कर रही है। जांच की अपनी प्रक्रिया होती है जिसमें अगला क्रम सुपरविजन है। उसी के लिए मुझे भेजा गया है। ताकि मैं टीम के साथ मीटिंग करूं और आगे की दिशा तय करें"
गृह मंत्री अमित शाह को कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। उन्हें अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। उन्होंने खुद ट्वीट कर इस संबंध में जानकारी दी है। गृह मंत्री ने ट्वीट कर कहा, “कोरोना के शुरूआती लक्षण दिखने पर मैंने टेस्ट करवाया और रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मेरी तबीयत ठीक है परन्तु डॉक्टर्स की सलाह पर अस्पताल में भर्ती हो रहा हूं। मेरा अनुरोध है कि आप में से जो भी लोग गत कुछ दिनों में मेरे संपर्क में आएं हैं, कृपया स्वयं को आइसोलेट कर अपनी जांच करवाएं।”
2013 से रंजीत मंडल राम मंदिर के लिए मूर्तियां तैयार कर रहे हैं। उनके पिता नारायण चंद्र मंडल भी 2015 से उनकी सहायता कर रहे हैं। रंजीत ने कहा, "राम मंदिर के परिसर में पुत्रेष्टि यज्ञ से राज्याभिषेक तक की मूर्तियां लगाई जाएंगी। सीताहरण तक की मूर्तियां तैयार हो गई हैं।"
असम सरकार ने राज्य में जिन गतिविधियों को अनुमत दी है, उससे संबंधित दिशानिर्देश जारी किए हैं। आदेश आज शाम 7 बजे से 14 अगस्त शाम 7 बजे तक वैध रहेगा। अंतर जिला आवाजाही की अनुमति केवल सोमवार और मंगलवार को होगी, किसी अन्य अनुमति/अनुमोदन/ ई-परमिट की आवश्यकता नहीं होगी।
दिल्ली में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 961 नए मामले सामने आए हैं, 1186 लोगो को डिस्चार्ज किया गया है और 15 मौतें दर्ज की गई। कुल मामले अब 1,37,677 हो गए हैं, जिनमें 1,23,317 डिस्चार्ज और 4004 मौतें शामिल हैं। सक्रिय मामलों की संख्या 10,356 है।
आयोध्या के डीआईजी दीपक कुमार ने कहा, “5 अगस्त को होने वाले राम मंदिर के भूमिपूजन में विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय बना कर प्रधानमंत्री जी को सुरक्षा दी जाएगी। हम लोग सब जगह कोविड प्रोटोकॉल का पालन कर रहे हैं, कोविड प्रोटोकॉल के चलते हम 5 से ज़्यादा लोगों को इकट्ठा होने नहीं देंगे। शहर की दुकानें खुली रहेंगी। बाहर के लोग भूमिपूजन के दिन अयोध्या में प्रवेश नहीं कर सकेंगे। हम लोग 12 जगह पर बैरिकेडिंग लगा रहे हैं।”
5 अगस्त को होने वाले राम मंदिर के भूमिपूजन से पहले अयोध्या में सैनिटाइजेशन का काम हो रहा है। इस काम में उत्तर प्रदेश फायर सर्विस की मदद ली जा रही है। फायर सर्विस के सब इंस्पेक्टर प्रदीप पांडे ने बताया, "इस काम में फायर सर्विस की 10-15 गाडियां लगी हैं।"
केंद्रीय मंत्री आरके सिंह ने कहा कि मेरा मानना है कि सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले को CBI को दे देना चाहिए, इससे 2 राज्यों के बीच विवाद से जांच पर जो असर पड़ता है वो नहीं होगा। अब लगता है कि परिवार का यकीन मुंबई पुलिस से हट गया है,ये स्वाभाविक है 40-45 दिन में उन्होंने कुछ नहीं किया।
कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि नई शिक्षा नीति में ऑनलाइन शिक्षा के आधार पर जीईआर(Gross Enrollment ratio) को 26% से बढ़ाकर 50% करने की बात कही गई है। क्या मोदी जी को ये मालूम है कि इससे देश में गरीब, मध्यम वर्गीय और अमीर के बच्चों के बीच नया डिजिटल डिवाइड पैदा हो जाएगा।
बिहार पुलिस ने कहा कि सुशांत द्वारा जिन सिम कार्ड का इस्तेमाल किया जा रहा था, उनमें से कोई भी उनके नाम पर पंजीकृत नहीं था। उनमें से एक सिम कार्ड उनके दोस्त सिद्धार्थ पिठानी के नाम पर पंजीकृत था। अब हम कॉल डिटेल रिकॉर्ड्स (CDRs) ट्रैक कर रहे हैं।
असम के 30 जिलों में बाढ़ की वजह से 22 मई से कुल 56,89,584 लोग प्रभावित हुए। राज्य सरकार ने 621 राहत शिविर लगाए हैं और अब तक 109 लोगों की बाढ़ से जान गई है।
दो भाई राधे श्याम पांडे और शब्द वैज्ञानिक महाकवि त्रिफला जिनकी उम्र 70 वर्ष से ज्यादा है राम मंदिर की नींव में डालने के लिए 151 से ज्यादा पवित्र नदियों का जल लेकर अयोध्या पहुंचे हैं। शब्द वैज्ञानिक महाकवि बचपन से ही देख नहीं सकते हैं।
तेलंगाना में कल कोरोना के 1891 नए मामले सामने आए। कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 66,677 हो गई है। राज्य में 18547 सक्रिय मामले और 47,590 रिकवरी मामले हैं। कोरोना से मरने वालों की कुल संख्या 540 है।
पुडुचेरी में आज सुबह 10 बजे तक कोरोना के 200 नए मामले सामने आए हैं, कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 3806 हो गई है, जिसमें 1445 सक्रिय मामले, 2309 रिकवरी मामले और 52 मौतें शामिल हैं।
ओडिशा में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 1,434 नए मामले सामने आए। राज्य में अब कोरोना वायरस पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 34,913 है और सक्रिय मामलों की संख्या 13,404 है।
दिल्ली के रक्षाबंधन से पहले लोग करोल बाग में मिठाई और दूसरे जरूरी सामान की खरीदारी करते दिखे। बीकानेरवाला में काम करने वाले राम लाल ने बताया, "हमने यहां सभी सावधानियां बरती हैं, लोग आ रहे हैं। लेकिन पहले जैसा उत्साह नहीं है।"
कोरोना से मचे कोहराम के बीच केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने दी अच्छी खबर दी है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में रिकवरी/डेथ रेशियो 96.84%: 3.16% हो गया है। वहीं देश में रिकवरी रेट बढ़कर 65.44 प्रतिशत हो गई है।
राजस्थान में आज कोरोना के 561 नए मामले और 9 मौतें रिपोर्ट की गई हैं, कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 43,804 हो गई है, जिसमें से 12,391 मामले सक्रिय हैं। इलाज के बाद कुल 30,710 मरीज़ो को डिस्चार्ज कर दिया गया है और अब तक कोरोना से 703 लोग मारे गए हैं।
भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद के मुताबिक, देश में 1 अगस्त तक कोरोना के कुल 1,98,21,831 सैंपल टेस्ट किए गए, जिसमें 4,63,172 सैंपल कल टेस्ट किए गए।
सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले पर बिहार डीजीपी गुप्तेश्वर पांडे ने कहा, “हमे जांच में आगे बढ़ने के लिए जो बेसिक दस्तावेज चाहिए वो हमें अभी नहीं मिले हैं, जैसे हमारे पास पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल की वीडियोग्राफी, मुंबई पुलिस ने किस-किस से पूछताछ की है ये नहीं हैं।”
गुप्तेश्वर पांडे ने कहा, “मुझे पूरी उम्मीद है कि मुंबई पुलिस हमारा पूरा सहयोग करेगी, उन्हें करना पड़ेगा पूरा देश देख रहा है। हम किसी को फंसाना नहीं चाहते लेकिन हम चाहते हैं कि बिहार के इस बेटे के साथ न्याय हो और लोगों को पता चले कि सच्चाई क्या है।”
देश में कोरोना वायरस का कहर जारी है। पिछले 24 घंटे में कोरोना के 54736 नए केस सामने आए हैं और 853 लोगों की मौत हो गई है। इसके साथ ही देश में कुल कोरोना संक्रमितों की संख्या 17 लाख के पार पहुंच गई है।
अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के पूर्व कुक अशोक ने कहा, “सितंबर 2019 तक सुशांत ने कभी दवाई नहीं ली। जब तक मैं था तब तक वो अपने परिवार के लोगों से हमेशा टच में थे और अपने दोस्तों से मिलते भी थे। मेरा यही सवाल है कि जो व्यक्ति सबको सिखाता था वो डिप्रेशन में कैसे जा सकता है?”
अयोध्या में हनुमानगढ़ी के मुख्य पुजारी महंत राजू दास ने कहा, “5 अगस्त को प्रधानमंत्री भूमिपूजन के लिए आ रहे हैं, उन्होंने तय किया है कि पहले वो हनुमानगढ़ी में दर्शन करेंगे। यहां विशेष पूजा की व्यवस्था रहेगी। हमें 7 मिनट दिए गए हैं, इसमें प्रधानमंत्री का आना-जाना शामिल है, करीब 3 मिनट पूजा में लगेंगे।”
भारत और चीन की सेनाओं के बीच आज वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) के चीन की तरफ में मोल्दो में कोर कमांडर स्तर की वार्ता होगी। बैठक सुबह 11 बजे शुरू होनी है, भारत का फोकस फिंगर एरिया से चीन द्वारा पूरी तरह से डिसएंगेजमेंट होगा। भारतीय सेना के सूत्रों ने यह जानकारी दी है।
तमिलनाडु में कोरोना महामारी के चलते चेन्नई में संगीतकारों और ऑर्केस्ट्रा ग्रुप के लोगों के लिए जीवनयापन करना मुश्किल हो गया है। गायिका फेमिना ने बताया, "मेरे पति संगीतकार हैं वो प्रोग्राम में जाते हैं, उससे हमारी जरूरतें पूरी होती हैं। बीते 4 महीनों से हम बहुत जूझ रहे हैं।
गुजरात सरकार ने कल राज्य में 58 भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारियों सहित 74 पुलिस अधिकारियों के स्थानांतरण आदेश जारी किए।
अमेरिका में कोरोना का कहर थमने का नाम नही ले रहा है। अमेरिका में 10 दिन में कोरोना से 10,928 मौतें हो चुकी हैं। अमेरिका में कोरोना के अब तक 47 लाख से ज्यादा केस सामने आ चुके हैं।
जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के मुताबिक, अमेरिका में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 61,262 नए मामले सामने आए और 1,051 मौतें हुईं। यह लगातार पांचवा दिन है जब अमेरिका में कोरोना वायरस के 60,000 से ज्यादा नए मामले सामने आए हैं।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 02 Aug 2020, 8:10 AM IST