
बॉलीवुड अभिनेता ऋषि कपूर की तबीयत अचानक बिगड़ गई है, उन्हें मुंबई में रिलायंस फाउंडेशन के अस्पताल में भर्ती कराया गया है
गाजियाबाद के साहिबाबाद में घर का सामान लेने गए युवक के शादी करके दुल्हन के साथ लौटने पर मां ने घर में घुसने से रोक दिया। लड़के ने बताया कि उसने आज एक मंदिर में शादी की है, जहां के पुजारी ने कहा कि लॉकडाउन के बाद वह हमें शादी का प्रमाण पत्र लेने में मदद करेगा।
केंद्र सरकार देशव्यापी लॉकडाउन हटाने की तैयारी कर रही है। इस सिलसिले में 3 मई को लॉकडाउन की अवधि समाप्त होने के बाद देश के कई जिलों में 4 मई से तमाम तरह की छूट मिलेंगी। केंद्रीय गृह मंत्रालय इस बारे में जल्द ही दिशा निर्देश जारी करेगा
देश समेत पूरी दुनिया पर छाए कोरोना संकट और इसके आर्थिक प्रभाव से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी कल आरबीआई के पूर्व गवर्नर डॉ रघुराम राजन के साथ बातचीत करेंगे। यह चर्चा कल सुबह 9 बजे होगा, जिसे कांग्रेस के विभिन्न मीडिया प्लेटफॉर्म पर देखा जा सकता है।
व्हाइट हाउस द्वारा राष्ट्रपति और पीएम को अनफॉलो करने पर राहुल गांधी ने निराशा जताई है। उन्होंने कहा है कि विदेश मंत्रालय को इस पर ध्यान देना चाहिए।
मध्यप्रदेश में अब तक कोरोना वायरस के 2560 मामले सामने आए हैं और 130 लोगों की जान गई है। इंदौर में 1476 मामले और 65 मौतें दर्ज की गई हैं, जबकि भोपाल में 483 मामले और 14 मौतें हुई हैं।
कांग्रेस नेता अधीर रंजन ने कहा कि आज गृहमंत्री ने अंतरराज्यीय वाहनों के आवागमन की जो अनुमति दी उससे सबसे ज्यादा खुश प्रवासी मजदूर हैं पर ये लोग घर वापिस जाएंगे कैसे? मेरी सरकार से गुजारिश है कि इन लोगों को एक योजना बनाकर बसों, रेलगाड़ियों और अन्य वाहनों की मदद से इनके घर वापिस पहुंचाया जाए।
ओडिशा के बालासोर में कोरोना के 3 मरीज मिले हैं सभी कोलकाता से लौटे थे। इनमें से किसी में भी लक्षण नहीं दिख रहे थे, सभी क्वारंटीन में थे। इनके संपर्क में आने वालों को ट्रेस किया जा रहा है। राज्य में कोरोना के कुल मामले 125 हो गए हैं।
चंडीगढ़ में आज 12 नए #COVID19 पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 68 हो गई है।
मुंबई के धारावी इलाके में कोरोना के 14 नए मामलों की पुष्टि हुई है। इस इलाके में अब तक 344 कोरोना पीड़ित मिल चुके हैं। धारावी में आज कोरोना से किसी की मौत नहीं हुई है।
मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में एक पटवारी को सार्वजनिक स्थल पर गुटखा थूकना महंगा पड़ गया। उस पर एक हजार रुपये का जुर्माना तो लगा ही, साथ में दो दिन का वेतन भी काटा गया है। राज्य में कोरोना वायरस संक्रमण के चलते सार्वजनिक स्थल पर थूकने पर एक हजार रुपये के जुर्माने का प्रावधान किया गया है। बताया गया है कि किरनापुर क्षेत्र की अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एसडीएम आयुषी जैन बुधवार को क्वारंटाइन सेंटर के निरीक्षण के लिए अन्य अधिकारियों के साथ पहुंची थी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पटवारी राजुकमार लिल्हारे को गुटखा खाने के बाद थूकते हुए देख लिया। पटवारी को इस तरह सार्वजनिक स्थल पर थूकने के लिए उन्होंने फटकार भी लगाई।
पंजाब में कोरोना के मामले बढ़कर 375 हुए, 104 लोग अब तक ठीक हो चुके हैं। 19 लोगों की अब तक इस वायरस की चपेट में आने से मौत हुई है। एसएएस नगर में 73 मामले, जालंधर में 86 मामले और पटियाला में 63 केस सामने आ चुके हैंः
उत्तर प्रदेश सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज कानपुर में कुछ लोगों ने दुस्साहस किया है, पुलिस अधिकारियों को साफ कर देना चाहता हूं कि जिन भी लोगों ने पुलिस कर्मियों और मेडिकल टीम पर हमला किया है उनको ढूंढ निकालें। इन सबके खिलाफ महामारी एक्ट, आपदा प्रबंधन एक्ट के तहत कार्रवाई होनी चाहिए।
विदेश मंत्रालय में संयुक्त सचिव दीपक मित्तल को कतर में भारत का अगला राजदूत और साथ ही मंत्रालय में संयुक्त सचिव पीयूष श्रीवास्तव को बहरीन में भारत का अगला राजदूत नियुक्त किया गया।
असम सरकार में मंत्री हिमंता बिस्वा शर्मा ने कहा कि असम के10 लोग जिसमें 7 सीआरपीएफ जवान भी शामिल हैं, दिल्ली में कोरोना से पीड़ित मिले हैं।
असम के स्वास्थ्य मंत्री हिमंत बिस्वा शर्मा ने कहा कि वर्तमान में असम में 7 कोरोना सक्रिय मामले हैं। अब तक 37 व्यक्तियों ने #COVID19 के लिए पॉजिटिव टेस्ट किया है।
पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने कहा कि हमने फैसला किया जो अगर सबकुछ ठीक रहा तो सोमवार से लागू होगा। ग्रीन जोन और ऑरेंज जोन में कुछ छूट दी जाएगी, वहां स्टैंडअलोन शॉप और जरूरी सामानों की दुकानें खुलेंगी। कंटेनमेंट वाले इलाकों में कोई छूट नहीं दी जाएगी।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के मुताबिक, देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 1813 नए मामले, 71 लोगों की मौत। कुल मामले 31787 हुए, अब तक 1008 लोगों की मौत हुई।
केंद्र सरकार ने देश में अलग-अलग जगह फंसे प्रवासी मजदूरों, पर्यटकों, छात्रों और श्रद्धालुओं को मूवमेंट की अनुमति दी। राज्यों को प्रोटोकॉल का पालन करते हुए एक-दूसरे से संपर्क कर आवाजाही सुनिश्चित करनी होगी।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ हर्षवर्धन ने कहा कि केवल .33 फीसदी मरीज ही वेंटिलेटर पर हैं, 1.5 फीसदी लोग ऑक्सीजन सपॉर्ट पर हैं। 2.34 फीसदी मरीज आईसीयू में हैं। इससे पता चलता है कि किस तरह की सुविधा मरीजों को दी जा रही है।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ हर्षवर्धन ने कहा कि पिछले 3 दिनों से देश में कोरोना के मामले दोगुने होने की दर 11.3 फीसदी है। हालांकि वैश्विक स्तर पर मृत्युदर 7 फीसदी है, वहीं हमारे यहां 3 फीसदी है। मृतकों में 86 फीसदी लोग अन्य बीमारियों से भी ग्रसित थे।
महाराष्ट्र के IGGMCH डीन डॉ अजय केओलिया ने कहा कि 21अप्रैल को नागपुर में #Coronavirus पॉजिटिव पाए जाने पर IGGMCH (इंदिरा गांधी गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल) में भर्ती हुए एक 70वर्षीय व्यक्ति का आज निधन हो गया।
आईआईटी हैदराबाद में निर्माण स्थल पर काम कर रहे लगभग 2,400 प्रवासी मजदूरों ने आज सुबह घर वापस भेजने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। कुछ मजदूरों ने वहां तैनात पुलिस टीम पर पथराव किया, इसमें एक पुलिसकर्मी को चोट आई और पुलिस की गाड़ी क्षतिग्रस्त हुई है।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा, “राजस्थान के कोटा से आज शाम लगभग 2,500 से 3,000 छात्र बसों में सवार होंगे। उन्हें यहां
पहुंचने में 3 दिन लगेंगे।”
यूपी के अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने कहा, “8140 औद्योगिक इकाइयों में लगभग 3,43,000 श्रमिक काम कर रहे हैं। इनमें से 294 सतत प्रक्रिया वाली इकाइयां हैं। 40 चीनी मीलों ने गन्ना कटाई और पिराई का अपना काम पूरा कर लिया है। 29 लाख 8 हज़ार श्रमिकों को 1000 रुपए की धनराशि का भुगतान किया गया है। कुल 290 करोड़ रुपया बांटा गया है।”
पंजाब सरकार ने राज्य में दो हफ्ते और कर्फ्यू बढ़ाने का ऐलान किया है। सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि इसके साथ ही हर दिन सुबह 7 से सुबह 11 बजे तक कोरोना लॉकडाउन हटाने का फैसला लिया गया है। सीएम ने कहा कि सुबह 7 से सुबह 11 बजे के बीच दुनकानें खुली रहेंगी। लोग इस दौरान अपने घरों से बाहर आ सकते हैं।
पीएम मोदी ने कहा, “इरफान खान का निधन सिनेमा और रंगमंच की दुनिया के लिए एक क्षति है। उन्हें विभिन्न माध्यमों में उनके बहुमुखी प्रदर्शन के लिए याद किया जाएगा। मेरे विचार उनके परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों के साथ हैं। उनकी आत्मा को शांति मिले।”
फिल्म निर्माता मधुर भंडारकर ने कहा, “इरफान खान के निधन की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ। वह एक बहुत प्रतिभाशाली, वे जमीन से जुड़े व्यक्ति थे। वह न केवल भारत में बल्कि विदेशों में भी कई अभिनेताओं के लिए एक प्रेरणा रहे हैं। हम आपको याद करेंगे इरफान भाई। आपका प्रदर्शन विश्व स्तर पर याद किया जाएगा।”
आगरा के जिला मजिस्ट्रेट प्रभु एन सिंह ने बताया, “जिले में 21 नए पॉजिटिव मामले सामने आए हैं, अब कुल मामलों की संख्या 425 हो गई है और कुल 11 मौतें हुई हैं, जबकि कोरोना के 69 मरीज पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं और उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया है।”
हरियाणा में कोरोना वायरस के मामलों की संख्या 308 है, इसमें 224 डिस्चार्ज के मामले और 3 मौतें शामिल हैं। राज्य में कोरोना वायरस के सक्रिय मामलों की संख्या 81 है।
कवि कुमार विश्वास ने ट्वीट कर कहा, “प्रथा, हासिल जैसी शुरुआती फ़िल्मों से आजतक भारतीय सिनेमा के प्रातिभ ग्लोबल अभिनेता,मेरे दोस्त इरफान का यूं जाना तोड़ गया।
“रहने को सदा दहर में आता नहीं कोई,
तुम जैसे गए ऐसे भी जाता नहीं कोई !
इक बार तो खुद मौत भी घबरा गई होगी,
यूं मौत को सीने से लगाता नहीं कोई।”
बॉलीवुड अभिनेता इरफान खान का 54 साल की उम्र में निधन हो गया है। वे मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में भर्ती थे। उनकी हालत काफी गंभीर थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इरफान खान पेट की समस्या से जूझ रहे थे।
उत्तर प्रदेश में कोरोना से मचे कोहराम के बीच फिरोजाबाद में क्वारंटाइन रेल कर्मी ने खुदकुशी कर ली है। मृतक रेलकर्मी कंट्रोल ऑफिस में काम करता था। टूंडला के एक रेल अधिकारी के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद एफएच हॉस्पिटल में रेल कर्मी को क्वारंटाइन किया गया था।
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में कोरोना वायरस को लेकर सीएम योगी आदित्यनाथ ने राज्य की 'कोरोना वायरस प्रबंधन टीम -11' के साथ बैठक की।
आंध्र प्रदेश में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 73 नए मामले सामने आए हैं और 29 लोग डिस्चार्ज हुए हैं। राज्य में कोरोना वायरस के मामलों की कुल संख्या 1,332 है, इसमें 31 मौतें और 287 डिस्चार्ज के मामले शामिल हैं। पिछले 24 घंटों में कोई मौत नहीं हुई है।
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने बतया कि जिस जगह पर आजदपुर मंडी में कोरोना वायरस के पॉजिटिव मामले पाए गए हैं उसके आसपास की दुकानों को सील कर दिया गया है।
छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में नक्सलियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ में 1 नक्सली की मौत हो गई है और 2 जवान घायल हो गए हैं।
उत्तर प्रदेश में लॉकडाउन के बीच हादसा हुआ है। प्रयागराज से कुशीनगर ले जा रही छात्र-छात्राओं की रोडवेज बस ट्रक में टकरा गई है। हादसे में बस में सवार 25 छात्र-छात्राएं, ड्राइवर और एक पुलिस कर्मी घायल बताया जा रहा है। खबरों के मुताबिक, ड्राइवर समेत दो छात्राओं की हालत गंभीर है, जिन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
देश भर में कोरोना वायरस का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। देश में पिछले 24 घंटे के भीतर कोरोना के 1897 नए केस सामने आए हैं। इसी दौरान 73 लोगों की मौत हो गई है।
राजस्थान में कोरोना वायरस के 19 नए मामले सामने आए हैं। इमनें जयपुर से 5, अजमेर से 11 , उदयपुर, बांसवाड़ा और जोधपुर से 1-1 केसा सामने आए हैं। इसके साथ ही राज्य में कोरोना के कुल मरीजों की संख्या 2383 हो गई है।
देश में लॉकडाउन के बीच दिल्ली-गुरुग्राम बॉर्डर पर वाहनों की लंबी कतारें दिख रही है। बॉर्डर पर पुलिस कर्मी लोगों के 'पास' और 'पहचान पत्र' की जांच कर रहे हैं।
दिल्ली के आजादपुर मंडी में 11 व्यापारी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। मंडी में करोना मरीजों के मिलने के बाद हड़कंप मच गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम हरकत में आई गई है। अब तक कई दुकानों को सील कर दिया गया है। मंडी में लोगों के सैंपल लिए जा रहे हैं।
ओडिशा के स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, भुवनेश्वर में 77 साल के एक व्यक्ति का कोरोना टेस्ट पॉजिटिव आया। वह पिछले पॉजिटिव केस के संपर्क में आए थे। कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग की जा रही है। राज्य में कुल पॉजिटिव मामले 119 हैं।
देश में कोरोना वायरस का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने ताजा आंकड़े जारी किए हैं। इसके मुताबिक, देश में कोरोना के मामले बढ़ गए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, देश में कोरोनी मरीजों की संख्या बढ़कर 31332 हो गई है। इसमें 7635 लोगों को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, अब तक 1007 लोगों की कोरोना वयारस से जान जा चुकी है।
हिमाचल प्रदेश के शिमला के चिरगांव क्षेत्र के शीशवाड़ी गांव में आग लगने से 2 व्यक्ति घायल और 7 घर जल गए हैं, 1 व्यक्ति लापता है। घायलों को अस्पताल भेज दिया गया है।
उत्तराखंड में केदारनाथ मंदिर के कपाट आज सुबह 6:10 बजे खोले दिए। लॉकडाउन के कारण मंदिर में भक्तों को 'दर्शन' करने की अनुमति नहीं है।
राज्य के सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा, “बाबा केदार के आशीर्वाद से हम कोरोना की इस वैश्विक महामारी को हराने में अवश्य कामयाब होंगे। कोरोना के कारण इस बार आम जन दर्शन के लिए नहीं आ पा रहें। हम सभी के मन में बाबा केदार के लिए अपार श्रद्धा है। बाबा केदार अपने भक्तों पर स्नेह बनाये रखें, यही कामना है।”
दिल्ली से सटे फरीदाबाद के सारे बॉर्डर आज से सील कर दिए जाएंगे। दोपहर 12 बजे तक ही एंट्री की जा सकती है। हरियाणा सरकार ने यह फैसला इसलिए लिया है, क्योंकि कि उसे लगता है कि दिल्ली आने जाने वालों से राज्य के लोगों को कोरोना से खतरा है। आज दोपहर 12 बजे के बाद दिल्ली में काम करने वाले डॉक्टर, बैंक कर्मी और पुलिस वाले भी फरीदाबाद में एंट्री नहीं कर सकेंगे, सिर्फ केंद्र सरकार के जारी पास से ही सील बॉर्डर में एंट्री मिलेगी।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 29 Apr 2020, 8:26 AM IST