
उत्तर प्रदेश सरकार ने देर रात नोएडा केचीफ मेडिकल ऑफिसर डॉ. अनुराग भार्गव को हटा दिया। नोएडा डीएम बीएन सिंह के तबादले के बाद यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। डॉ. भार्गव की जगह परिवार कल्याण के ज्वाइंट डायरेक्टर ए पी चतुर्वेदी को नोएडा का नया सीएमओ बनाया गया है
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में कुछ मुस्लिम धर्मगुरुओं के मौलवियों के खिलाफ कथित तौर पर 23 विदेशी नागरिकों को छिपाने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है। एफआईआर लॉकडाउन के उल्लंघन, विदेशी नागरिकों के बारे में जानकारी छिपाने और पर्यटन वीजा पर धार्मिक उपदेश देने के आरोप में दर्ज की गई है। लखनऊ पुलिस ने बताया कि पुलिस ने ऐसे विदेशी नागरिकों को निर्वासित करने के उद्देश्य से दूतावास को सूचित किया है।
मुंबई के धारावी झोपड़पट्टी के जिस व्यक्ति को आज कोरोना पॉजिटिव पाया गया था, उसकी सायन अस्पताल में मौत हो गई है। वह बुखार, खांसी, सांस की समस्या के साथ ही किडनी के फेल होने की परेशानी से भी जूझ रहा था
मुंबई के चेंबूर में एक प्राइवेट अस्पताल साईं हॉस्पिटल में भर्ती एक व्यक्ति के कोरोनो वायरस पॉजिटिव पाए जाने पर बीएमसी ने अस्पताल को सील कर दिया है और पीड़ित को कस्तूरबा अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया है। पीड़ित के संपर्क में रहे लोगों को क्वेरैंटाइन कर दिया गया है।
लॉकडाउन के दौरान दिल्ली के विभिन्न इलाकों से प्रवासी मजदूरों को आनंद विहार तक पहुंचाने वाले डीटीसी के 44 ड्राइवर के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है। एफआईआर में दिल्ली परिवहन के कई अधिकारी और कर्मचारियों के भी नाम हैं
निजामुद्दीन के तब्लीगी जमात में शामिल एक सदस्य ने बुधवार को राजीव गांधी सुपरस्पेशियलिटी अस्पताल में अफरातफरी मचा दी। अस्पताल की छठी मंजिल पर स्थित आइसोलेशन वार्ड के कमरे में भर्ती कोरोना संदिग्ध ने खिड़की से कूदने धमकी दी। इस दौरान अस्पताल के डॉक्टर और स्टाफ नीचे पहुंच गए। बार-बार उससे अंदर जाने की अपील की गई। इसी दौरान एक डॉक्टर उसके कमरे में पहुंच गए, तब वह खिड़की से अंदर चला गया।
ब्रिटेन में कोरोना वायरस से एक दिन में 500 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है। न्यूज एजेंसी एएफपी की रिपोर्ट के मुतबाकि ऐसा पहली बार है जब कोरोना से एक दिन में ब्रिटेन में इतनी संख्या में लोगों की मौत हुई है।
पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने कहा कि निज़ामुद्दीन मारकज में राज्य के 71 लोग शामिल हुए थे। 71 में से 54 लोगों को क्वाइंटाइन किया गया है।
तमिलनाडु स्वास्थ्य सचिव बीला राजेश ने कहा कि पिछले 24 घंटों में पूरी सरकार मशीनरी ओवरटाइम काम कर रही है। 658 नमूने लिए लिफ्ट लिए गए हैं और 110 अब तक कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।
उन्होंने आगे कहा कि मैं हर उस व्यक्ति को धन्यवाद देना चाहती हूं जो दिल्ली में मरकज कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद हमारी अपील पर स्वेच्छा से हमारी ट्रीटमेंट फैसिलिटी में आए। कुल 1103 लोग स्वेच्छा से सामने आए जिनमें से 658 का टेस्ट किया गया है।
तमिलनाडु ने केरल के उत्तरी जिलों से दूध की आपूर्ति रोक लगा दी है। चाय की दुकानें तक बंद रहने से दूध की खपत नहीं हो पा रही है। ऐसी स्थिति में बुधवार को पलक्कड़ जिले में किसानों ने लगभग 80,000 लीटर दूध नाली में बहा दिया। किसानों से दूध एकत्रित कर उसे बजारों में बचने वाले एक दूध विक्रेता ने कहा, "कोरोनावायरस महामारी का फैलाव रोकने के लिए पूरे देश में लॉकडाउन है। इस परिस्थिति में दूध को नाले में फेंकने के अलावा हमारे पास और कोई विकल्प नहीं है, क्योंकि सभी चाय की दुकानें और रेस्तरां बंद हैं, इसके अलावा तमिलनाडु ने अपने राज्य में ट्रकों के आवागमन पर रोक लगा दी है।"
जम्मू और कश्मीर में कोरोना वायरस के कुल 62 मामले हो गए हैं जिनमें से 58 सक्रिय मामले हैं। जबकि कश्मीर डिवीजन से 58 और जम्मू से 10 सक्रिय मामले सामने आए हैं। 17041 लोग निगरानी में हैं।
राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने अपने संदेश में कहा कि चीन-भारत संबंधों ने पिछले 7 दशकों में एक उल्लेखनीय यात्रा की है। दोनों पक्षों के संयुक्त प्रयासों की बदौलत दोनों देशों ने शांति और समृद्धि के लिए एक रणनीतिक और सहकारी साझेदारी स्थापित की है।
केरल के सीएम पिनरई विजयन ने कहा कि 265 कोरोना मरीजों में से 191 विदेश यात्रा से लौटे थे, 67 लोग ऐसे हैं जो कोरोना मरीज के संपर्क में आने पर संक्रमित हो गए और 7 विदेशी नागरिक हैं।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अनुरोध किया है कि वे उनसे पश्चिम बंगाल राज्य के लिए 25,000 करोड़ रुपये मंजूर करने और भारत सरकार से उनके लिए अभी भी धनराशि जारी करने का आग्रह करें।
बिजनौर SPविधायक मनोज पारस द्वारा राशन बांटते समय लोगों के बीच धक्का मुक्की हुई।मनोज पारस-इसके लिए हमने हर विधायक को वार्ड से 15-15लोगों की लिस्ट बनाने के लिए कहा था।सब लोगों को अलग-अलग टाइम दिया गया था।पता नहीं किसने लोगों को गुमराह किया और इतनी ज्यादा तदाद में भीड़ इकट्ठा हो गई।
निजामुद्दीन के मरकज बिल्डिंग का एक विडियो सामने आया है जिसमें मरकज के अंदर काफी संख्या में लोग दिख रहे हैं। यह विडियो 26 मार्च का है और दिल्ली पुलिस ने इसे जारी किया है।
कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री बी श्रीरामुलु ने कहा कि लगभग 2000 लोगों ने जमात में हिस्सा लिया था जिसमें से कर्नाटक से 300 लोग थे। उनमें से 40 लोगों की पहचान कर 12 लोगों के थूक का टेस्ट किया गया जो नेगेटिव आया। जो भी इस सभा में गए थे हम उनसे सामने आने की गुज़ारिश करते हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ हर्षवर्धन ने कहा कि व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (PPE) किट, N95 मास्क इत्यादि पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। यदि भविष्य में, अधिक मास्क, पीपीआई किट, वेंटिलेटर, आईसीयू बेड इत्यादि की आवश्यकता होती है तो हम इसके लिए तैयार हैं
पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने कहा कि पंजाब में अब तक 46 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए और 4 की मौत हुई है।
दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आज सुबह तक दिल्ली में कोरोना के 120 पॉजिटिव केस सामने आए। कोरोना की वजह से कुल 766 लोगों को दिल्ली के अस्पतालों में भर्ती हैं।
दिल्ली मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि कोरोना के चलते 766 लोग अस्पताल में भर्ती हैं। इनमें से 112 पॉजिटिव हैं बाकि संदिग्ध हैं। 112 में से एक वेंटिलेटर पर 2 ऑक्सीजन पर बाकी 109 की स्थिति सामान्य है। मरकज़ से निकाले गए 536लोगों को अस्पताल में भर्ती और 1810 लोगों को क्वारंटीन किया गया है।
नागपुर नगर निगम के आयुक्त तुकाराम मुंडे ने बताया कि दिल्ली के निजामुद्दीन में तब्लीगी जमात से नागपुर के 54 व्यक्ति मिले है, उनकी पहचान की गई है और उन्हें क्वारंटाइन में रखा गया है।
गृह मंत्रालय की संयुक्त सुरक्षा सचिव पुण्य सलिला श्रीवास्तव ने कहा, “राज्य और केन्द्र शासित प्रदेश प्रवासी श्रमिकों के लिए भोजन और आश्रय की व्यवस्था कर रहे हैं। 21,486 राहत शिविर स्थापित किए गए हैं, जहां 6,75,133 व्यक्तियों को आश्रय दिया गया है।”
भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद के वैज्ञानिक आर गंगा केतकर ने कहा, “हमने अब तक 47,951 परीक्षण किए हैं। आईसीएमआर नेटवर्क में 126 लैब हैं, 51 निजी लैबों की संख्या स्वीकृत की गई है।”
स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने बताया, “अभी तक 1637 कोरोना वायरस पॉजिटिव केस पाए गए हैं। अब तक 38 लोगों की मौत हुई है। कल से लेकर अब तक 386 नए केस पाए गए। 3 नई मौतें हुई हैं। कोरोना के 132 मरीज ठीक हो गए हैं। कल से पॉजिटिव मामलों में बढ़ोतरी हुई है। इसका एक मुख्य कारण तब्लीगी जमात के सदस्यों द्वारा यात्रा है।”
लव अग्रवाल ने बताया कि तब्लीगी जमात से संबंधित 1800 लोगों को 9 अस्पतालों और क्वारंटाइन केंद्रों में भेजा गया है। स्वास्थ्य मंत्रालय संयुक्त सचिव ने कहा, “भारतीय रेल 3.2 लाख आइसोलेशन और क्वारंटाइन बेड बनने की तैयारी कर रही है जिसके तहत 20000 डिब्बों को मॉडिफाइड करने का कार्य शुरू किया गया है, इसी के तहत 5000 डिब्बों का मॉडिफिकेशन शुरू किया जा चुका है, जिसके तहत हमें 80,000 नए आइसोलेशन बेड प्राप्त होंगे।”
स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने कहा कि कोरोना के 132 मरीज इलाज के बाद ठीक हुए हैं। जम्मू और कश्मीर से 23 केस सामने आए हैं। तब्लीगी जमात के लोगों के घूमने से मामले बढ़े हैं। पिछले 24 घंटे में 386 नए केस सामने आए हैं।
असम में कोरोना वायरस के कुल 5 पॉजिटिव केस पाए गए हैं। इन पांचों लोगों ने दिल्ली के निजामुद्दीन में तबलीगी जमात के कार्यक्रम में हिस्सा लिया था।
आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले के धोने टाउन में पुलिस लोगों के बीच कोरोना को लेकर जागरूकता फैला रही है। इसके लिए पुलिस ने यमराज, चित्रगुप्त और कोरोना वायरस का अभिनय कर रहे कलाकारों की मदद ली।
राजस्थान स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि जयपुर के रामगंज बाज़ार से कोरोना वायरस के 13 और पॉजिटिव मामले सामने आए। सभी 13 पहले व्यक्ति (जो रामगंज में कोरोना से संक्रमित था) के संपर्क रहें। उन्हें राजस्थान यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज और NIMS में क्वारंटाइन में रखा गया और सबके नमूने लिए गए।
मोहाली में आज तीन और कोरोना वायरस के मामले सामने आए हैं। वे चंडीगढ़ में पॉजिटीव मामलों के करीबी संपर्क बताए जाते हैं।
उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस के कारण एक ही दिन में दूसरी मौत का मामला सामने आया है। मेरठ में 72 साल के बुजुर्ग ने बुधवार को दम तोड़ दिया। जिलाधिकारी ने इसकी पुष्टि की है। मेरठ में कोरोना से मौत का यह पहला मामला है।
देश में कोरोना वायरस का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। इस बीच दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल के दो रेजिडेंट डॉक्टर कोरोनावायरस से संक्रमित पाए गए हैं। इन दो डॉक्टरों में एक महिला डॉक्टर दुबई से आई थी, वहीं दूसरा डॉक्टर मरीजों की देखरेख कर रहा था।
तेलंगाना के स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि राज्य के 1200 लोग दिल्ली के निजामुद्दीन मरकज के जलसे में शामिल हुए थे। इनमें से 6 लोगों की कोरोना वायरस की वजह से मौत हो गई।
वैष्णो देवी की तीर्थ यात्रा पर गए लगभग 400 तीर्थ यात्री जम्मू में शिव मंदिर रेलवे स्टेशन के पास फंस गए थे। 22 मार्च को कटरा से लगभग 50 किलोमीटर की दूरी पर उनकी ट्रेन रद्द कर दी गई थी। उन्हें 28 मार्च को केरन बनतालाब के एक शेल्टर में शिफ्ट किया गया।
असम के मंत्री हिमंत बिस्वा ने बता कि अब तक कोरोना वायरस के 5 मामले सामने आए हैं। एक मरीज को सिल्चर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में और चार मरीजों को गुवाहाटी के गौहाटी मेडिकल कॉलेज में स्थानांतरित कर दिया गया।
दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा, “अगर कोरोना मरीजों की सेवा करते हुए कोई भी कर्मचारी चाहे कोई सफाई कर्मचारी हो, डॉक्टर हो, नर्स हो चाहे सरकारी हो या प्राइवेट हो कोरोना की वजह से शहीद होता है, तो दिल्ली सरकार उसके परिवार को 1 करोड़ की सम्मान राशि देगी।
केंद्रीय सूचना मंत्रालय के मुताबिक, यह पता चला है कि तब्लीगी जमात में भाग लेने वाले विदेशियों ने वीजा शर्तों का उल्लंघन किया था। चिंतित राज्यों को विदेशियों और कार्यक्रम के आयोजकों के खिलाफ वीजा की शर्त के उल्लंघन के लिए कार्रवाई शुरू करने के लिए कहा गया है।
दिल्ली के मुख्यमंत्री, मुख्य सुरक्षा अधिकारी, पुलिस आयुक्त और अन्य अधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए बैठक की। चिकित्सा तैयारियों, मेडिकल के अनिवार्य समान, डिस्चार्ज गाइडलाइन, गैर-अस्पताल आइसोलेशन, क्वारंटाइन, लॉकडाउन को लागू करने के उपायों की समीक्षा की गई।
दिल्ली लॉकडाउन के दौरान दिल्ली राज्य विधिक सेवाएं प्राधिकरण ने आज प्रहलादपुर, रोहिणी में जरूरतमंद लोगों को राशन बांटा।
जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले के एसएसपी रमेश अग्रवाल ने बताया कि दिल्ली के निजामुद्दीन मरकज में आयोजित धार्मिक सभा में हिस्सा लेने के बाद पुंछ जिले में पहुंचे 10 लोगों की पहचान जिला प्रशासन द्वारा की गई है। इन सभी को क्वारंटाइन में रखा गया है।
सूत्रों के मुताबिक, मुंबई पुलिस दिल्ली के निज़ामुद्दीन मरकज में आजित जलसे में हिस्सा लेने वाले लोगों का पता लगाने के लिए शहर के विभिन्न स्थानों पर तलाशी कर रही है
उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस से पहली मौत हो गई है। सरकार ने इसकी पुष्टि की है। राज्य में अब तक कोरोना के 101 मरीज सामने आए हैं।
कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री बी.श्रीरामुलु ने बताया कि बेंगलुरु से 4 और बेलगाम से 5 लोग समेत 200 लोग दिल्ली के निजामुद्दीन मरकज सभा में शामिल हुए थे। सभी लोगों को क्वारंटाइन में रखा गया है। कर्नाटक के कुल 342 लोगों ने इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया था।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सीडीएस, सेवा प्रमुखों, सचिवों और डीपीएसयू के साथ कोरोना वायरस से निपटने और तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की। सशस्त्र बल और एमओडी किसी भी स्थिति का सामना करने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में पिछले 12 घंटे में कोरोना वायरस के 240 नए मामले सामने आए हैं। देश में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 1637 हो गई है। अब तक 38 लोगों की मौत हो चुकी है।
वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए कैबिनेट की बैठख के बाद गुजरात के सीएम विजय रुपाणी ने कहा, “20 तारीख से मैं घर से बाहर नहीं गया हूं, लक्ष्मण रेखा मैंने भी पार नहीं की। यहां बैठे-बैठे मैं सीधे लोगों से, मरीजों और डॉक्टरो से बात करता हूं। अभी मैंने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए कैबिनेट की बैठक की। तकनीक के माध्यम से यह सब हो रहा है और सोशल डिस्टेंस भी बन रहा है।”
बिहार के डीजीपी गुप्तेश्वर पांडे ने बताया कि राज्य के 86 लोग और जो 57 विदेशी नागरिक दिल्ली के निजामुद्दीन मरकज के जलसे में शामिल हुए थे उन्हें मॉनिटर किया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि बिहार के जो 86 लोग मरकज गए थे, उनमें से कई लोग राज्य में नहीं है, देश के अलग-अलग हिस्सों में हैं। डीजीपी ने बताया कि दूसरे राज्यों से पुलिस संपर्क में है, उनके बारे में पता किया जा रहा है।
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के एसपी सिटी ने बताया, “अब्दुल्ला मस्जिद में इंडोनेशिया के 7, कोलकाता के 1 और केरल के 1 व्यक्ति मिले हैं। पूछताछ में पता चला कि उन्होंने मरकज में हुए कार्यक्रम में हिस्सा लिया था। हमने उन्हें और उनके संपर्क में आए 28 लोगों को क्वारंटाइन किया है। उनके खिलाफ केस दर्ज किया गया है।”
कोरोना संकट के बीच जनता के लिए थोड़ी राहत की खबर है। देश में 62 रुपये तक एलपीजी सिलेंडर के दाम घट गए है। दिल्ली में एलपीजी सिलेंडर के दाम 61.50 रुपये घटे हैं। वहीं मुंबई में 62 रुपये घटे हैं।
दिल्ली के निजामुद्दीन मरकज में बिहार के 81 लोग शामिल हुए थे। बिहार के स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि उन्हें 81 लोगों की सूची मिली है, जो मरकज के जलसे में शामिल हुए थे। इनमें पटना के 17 और बक्सर के 13 लोग शामिल हैं।
बिहार स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव ने बताया कि राज्य में कुल 23 पॉजिटिव कोरोना मरीज पाए गए हैं। राज्य सरकार ने उन सभी लोगों का परीक्षण करने का निर्णय लिया है जो 18 मार्च के बाद से विदेश से लौटे हैं, क्योंकि हमने पाया कि जिन लोगों में कोई लक्षण नहीं था, उनके भी नतीजे पॉजिटिव पाए गए हैं।
आंध्र प्रदेश में पिछले 12 घंटे में कोरोना वायरस के 43 मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही राज्य में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 87 हो गई है।
मध्य प्रदेश के इंदौर में कोरोना वायरस से संक्रमित 65 साल के व्यक्ति की मौत हो गई है।
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने बताया, “अब तक दिल्ली में 120 लोग कोरोना पॉजिटिव आए हैं। अभी दिल्ली में कोरोना वायरस के लिए 1000 बेड हैं। आने वाले 3-4 दिन में 2000 बेड हो जाएंगे। राजीव गांधी अस्पताल में 500 बेड तैयार किए जाएंगे और लोकनायक अस्पताल में 2000 बेड तैयार किए जाएंगे।”
दिल्ली के निजामुद्दीन मरकज और इसके आसपास का इलाका दक्षिणी दिल्ली नगर निगम द्वारा सैनिटाइज किया जा रहा है। निजामुद्दीन मरकज में एक धार्मिक सभा आयोजित की गई थी, जिससे कोरोना लॉकडाउन का उल्लंघन हुआ और सभा में हिस्सा लेने वालों में कई लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए ।
कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने अपने पूरे एक साल का वेतन सीएम राहत कोष में दान करने का ऐलान किया। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि वे कोरोना वायरस से लड़ने में राज्य की मदद करने के लिए जो भी संभव हो, उसमें अपना योगदान दें।
गुजरात स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, अहमदाबाद में कोरोना वायरस के 8 नए मामलों सामने आए हैं। राज्य में कोरोना वायरस के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 82 हो गई है। फिलहाल तीन लोग वेंटिलेटर पर हैं।
दिल्ली पुलिस के सूत्रों ने बताया कि निजामुद्दीन मरकज मामले में दर्ज एफआईआर में 6 लोगों का नाम शामिल हैं। इनमें मौलाना साद, डॉ. जीशान, मुफ्ती शहजाद, एम. सैफी, यूनुस और मोहम्मद सलमान के नाम शामिल हैं।। मरकज को आज सुबह लगभग 3:30 बजे खाली किया गया। यहां करीब 2100 लोग थे।
दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने बताया, “2361 लोगों को वहां (निजामुद्दीन मरकज) से निकाला गया है, इनमें से 617 को अस्पताल ले जाया गया बाकी को क्वारंटाइन किया गया है। यह 617 वो लोग हैं, जिनमें किसी तरह के लक्षण हैं।”
सिसोदिया ने कहा, “सभी लोगों की लिस्ट बनाकर उनके फोन नंबर लेकर पुलिस को दे दिए गए हैं, पुलिस की साइबर सेल इन सबके नंबरों की जांच करेगी और देखेगी कि यह किस-किस से मिले हैं, किस से मिल रहे हैं।”
अहमदनगर में 34 लोगों का पता लगाया गया। इसमें 29 विदेशी शामिल थे, जो दिल्ली के निजामुद्दीन मरकज के जलसे में शामिल हुए थे। इन 29 विदेशियों में से 14 के नतीजे आए हैं, दो संक्रमति पाए गए हैं और 3 लोग जो उनके संपर्क में आए उनका भी कोरोना वायरस टेस्ट पॉजिटिव आया।
कर्नाटक स्वास्थ्य मंत्री बी.श्रीरामुलु ने कहा, “हमें जानकारी मिली है कि दिल्ली (मरकज) में हिस्सा लेने वाले 62 इंडोनेशियाई और मलेशियाई नागरिकों ने कर्नाटक का भी दौरा किया था। हमने ऐसे 12 लोगों का पता लगाया है, उन्हें क्वारंटाइन में रखा गया। गृह विभाग मामले की आगे जांच करेगा।”
निजामुद्दीन मरकज मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा, “यह शुद्ध रूप से तबलीगी जमात का तालिबानी जुर्म है। इस तरह की आपराधिक कृति को किसी भी तरह से ना तो नजरअंदाज किया जा सकता है ना ही माफ किया जा सकता है। यह एक अपराधिक लापरवाही है, जानबूझकर इस तरह की चीजो को किया गया है।”
दिल्ली के एक सरकारी अस्पताल में काम करने वाले डॉक्टर में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है। डॉक्टर को आइसोलेट कर दिया गया है। डॉक्टर के पॉजिटिव पाए जाने के बाद अस्पताल को बंद कर दिया गया। साथ ही अस्पताल को सेनेटाइज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।
राजस्थान स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, आज 9 बजे तक राजस्थान में कोरोना का कोई नया मामला सामने नहीं आया है। राज्य में कोरोना के मामलों की संख्या 93 है। (इसमें इटली के 2 नागरिक और ईरान से लाए गए 17 लोग भी शामिल हैं)। इन 93 लोगों में से 14 लोगों का टेस्ट बाद में नेगेटिव आया और 5 को डिस्चार्ज कर दिया गया।
दिल्ली के निजामुद्दीन मरकज शामिल हुए 60 लोगों को पुणे में क्वारंटाइन में रखा गया है। किसी में भी लक्षण नहीं हैं। सैंपल को जांच के लिए भेजा जा रहा है, दूसरे लोगों की तलाश जारी है। यह जानकारी पुणे के जिला कलेक्टर नवल किशोर राम ने दी है।
कलेक्टर ने बताया कि पुणे से निजामुद्दीन मरकज में हुए कार्यक्रम में हिस्सा लेने वाले लोगों की कुल संख्या 130 से है। उनमें से कई या तो पुणे में नहीं हैं या फिर उन्हें ट्रेस नहीं किया जा सका। उनकी लिए तलाश जारी है।
बेंगलुरु में सीसीबी ने राजाजीनगर के एक मेडिकल दुकान पर कल छापा मारा और 70 अवरक्त नकली थर्मामीटर जब्त किए। जब्त किए गए सामान की कीमत 10 लाख रुपये आंकी गई है। मैनेजर को हिरासत में ले लिया गया है। केस दर्ज कर जांच जारी है।
महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के 18 नए मामले सामने आए हैं। मुंबई में 16 और पुणे से 2 नए मामले सामने आए हैं। अब राज्य में कोरोना वायरस के मामलों की संख्या बढ़कर 320 हो गई है। राज्य में कोरोना वायरस से अब तक 12 लोगों की मौत हो चुकी है।
आंध्र प्रदेश सरकार ने कोरोना वायरस और देश में लॉकडाउन के मद्देनजर सरकारी कर्मचारियों के वेतन को स्थगित करने का आदेश जारी किया है। इसमें मुख्यमंत्री, मंत्रियों, विधायकों, एमएलसी, निगम सदस्यों, स्थानीय निकायों के निर्वाचित प्रतिनिधियों के वेतन का 100 फीसदी स्थगन शामिल है।
अष्टमी (नवरात्रि के आठवें दिन) के दिन दिल्ली के झण्डेवाला मंदिर में कुछ ही भक्त बाहर से दर्शन करते नजर आए। कोरोना वायरस की वजह से झण्डेवाला मंदिर बंद है।
देश में लॉकडाउन के बावजूद आज सुबह मुंबई के दादर सब्जी मार्केट इलाके में लोगों की भीड़ दिखी। यहां पर लोग सामाजिक दूरी (सोशल डिस्टेंस) को पूरी तरह से नजरअंदाज करते दिखे।
कोरोना वायरस भारत समेत पूरी दुनिया में कहर बरपा रहा है। अमेरिका में एक दिन में रिकॉर्ड 865 लोगों की मौत हुई है। यहां पर कोरोना मरीजों की संख्या 188530 तक पहुंच गई है। अब तक अमेरिका में करीब 4 हजार लोगों की इससे जान जा चुकी है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 01 Apr 2020, 7:51 AM IST