
जम्मू कश्मीर में किश्तवाड़ जिले के एक सुदूर वन क्षेत्र में रविवार को सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच छिड़ी मुठभेड़ में आठ जवान घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच घंटों तक भीषण गोलीबारी हुई। उन्होंने बताया कि फिलहाल गोलीबारी बंद है।
अधिकारियों के मुताबिक, घेराबंदी को मजबूत करने और आतंकवादियों को मार गिराने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किए गए हैं।
Published: 18 Jan 2026, 7:54 AM IST
दिल्ली हाईकोर्ट सोमवार को राष्ट्रीय जनता दल प्रमुख लालू प्रसाद यादव और उनके परिवार के सदस्यों की याचिकाओं पर सुनवाई करेगा। इन याचिकाओं में उन्होंने ट्रायल कोर्ट के उस आदेश को चुनौती दी है, जिसमें कथित आईआरसीटीसी होटल घोटाला मामले में उनके खिलाफ आपराधिक आरोप तय करने के निर्देश दिए गए थे।
दिल्ली हाईकोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी सूची के अनुसार, ये मामले 19 जनवरी को न्यायमूर्ति स्वर्णा कांता शर्मा की एकल पीठ के समक्ष सुनवाई के लिए सूचीबद्ध हैं।
लालू प्रसाद यादव, उनकी पत्नी राबड़ी देवी और बेटे तेजस्वी यादव ने ट्रायल कोर्ट के उस आदेश को चुनौती दी है, जिसमें आईआरसीटीसी होटल घोटाला मामले में भ्रष्टाचार, आपराधिक साजिश और धोखाधड़ी से जुड़े आरोप तय करने के निर्देश दिए गए थे।
इससे पहले दिल्ली हाईकोर्ट ने राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव द्वारा दाखिल आपराधिक पुनरीक्षण याचिकाओं और ट्रायल कोर्ट की कार्यवाही पर रोक लगाने की मांग वाली अर्जी पर सीबीआई को नोटिस जारी किया था।
Published: 18 Jan 2026, 7:54 AM IST
रतीय स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने रविवार को यहां न्यूजीलैंड के खिलाफ श्रृंखला के तीसरे और अंतिम मैच में रिकॉर्ड 54वां वनडे शतक लगाया।
यह सुपरस्टार वडोदरा में श्रृंखला के पहले वनडे में 93 रन पर आउट हो गया था और इस उपलब्धि से चूक गया था।
उन्होंने 40वें ओवर की आखिरी गेंद पर जैकरी फोक्स की गेंद पर एक रन लेकर 91 गेंद में अपना शतक पूरा किया जिसमें आठ चौके और दो छक्के जड़े थे।
Published: 18 Jan 2026, 7:54 AM IST
तृणमूल कांग्रेस नेता अभिषेक बनर्जी ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर पश्चिम बंगाल के लिए आवंटित केंद्रीय निधि रोकने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि 2026 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के ‘‘परिवर्तन’’ के आह्वान के विपरीत राज्य के लोग चुनाव के बाद केंद्र में पार्टी को सत्ता से बेदखल करने की प्रक्रिया का नेतृत्व करेंगे।
नदिया जिले के चोपड़ा में रोड शो के बाद एक रैली को संबोधित करते हुए तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव ने कहा कि राज्य के लोग ‘‘बाहरी लोगों और दिल्ली के जमींदारों के सामने आत्मसमर्पण नहीं करेंगे’’।
केंद्र सरकार पर धनराशि रोकने का आरोप लगाते हुए बनर्जी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) चाहती है कि बंगाल के लोग ‘‘झुककर आत्मसमर्पण कर दें’’।
Published: 18 Jan 2026, 7:54 AM IST
झारखंड के लातेहार जिले में रविवार को बारात ले जा रही एक बस के पलट जाने से उसमें सवार कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई और 25 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह हादसा महुदनार पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत ओरसा घाटी में हुआ।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) कुमार गौरव ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले से बारात लेकर बस लातेहार के महुदनार आ रही थी। बस पलट गई, जिससे पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 25 अन्य घायल हो गए। घायलों को अस्पताल ले जाया गया है।’’ गौरव ने बताया कि हादसे की वजहों की जांच की जा रही है।
Published: 18 Jan 2026, 7:54 AM IST
जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजिल अंगमो ने जोधपुर की जेल में बंद अपने पति की दिनचर्या साझा करते हुए बताया कि दुनिया से कटे एकांत कोठरी में कैद हैं, लेकिन आत्मविश्वास और उम्मीदों से भरे हुए हैं।
वांगचुक 110 दिनों से अधिक समय से जेल में बंद हैं। उन्हें 26 सितंबर को राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के तहत गिरफ्तार किया गया था। उनकी गिरफ्तारी लद्दाख को पूर्ण राज्य का दर्जा देने और क्षेत्र को संविधान की छठी अनुसूची में शामिल करने की मांग को लेकर हुए प्रदर्शन के दौरान हिंसा और चार लोगों की मौत के दो दिन बाद की गई थी।
लद्दाख में ‘हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ अल्टरनेटिव्स’ (एचआईएएल)की सह-संस्थापक अंगमो ने ‘पीटीआई-भाषा’ के साथ साक्षात्कार में कहा कि वांगचुक आशावादी और उत्साह से भरे हुए हैं, कारागार में बंद होने के बावजूद उनके हौसले पस्त नहीं हुए हैं। उन्होंने बताया कि वांगचुक जेल में अपने अनुभवों पर एक किताब लिख रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘सकारात्मक और आशावादी लोगों की एक अच्छी बात यह होती है कि वे हर चीज को सहजता से स्वीकार कर लेते हैं। लेकिन वह जिन परिस्थितियों में रहते हैं, वे बहुत ही दयनीय और कठिन हैं।’’
Published: 18 Jan 2026, 7:54 AM IST
डेरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स की धमाकेदार शतकीय पारियों की मदद से न्यूजीलैंड ने इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेले जा रहे मुकाबले में भारतीय टीम को जीत के लिए 338 रन का लक्ष्य दिया है।
सीरीज के तीसरे और निर्णायक मुकाबले में भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। हर्षित राणा और अर्शदीप सिंह ने भारत को अच्छी शुरुआत दिलायी थी और 5 के स्कोर पर 2 और 58 के स्कोर पर 3 विकेट गिराकर न्यूजीलैंड को संकट में डाल दिया था। यहां से डेरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स ने मोर्चा संभाला और चौथे विकेट के लिए 219 रन की बेहतरीन साझेदारी कर टीम का स्कोर 50 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 337 तक पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाई। आखिरी कुछ ओवरों में उम्मीद के मुताबिक रन नहीं बने, नहीं तो कुल स्कोर 360 के ऊपर जा सकता था।
Published: 18 Jan 2026, 7:54 AM IST
मध्य प्रदेश के जबलपुर में रविवार दोपहर एक तेज रफ्तार कार ने निर्माण कार्य में लगे 13 मजदूरों को कुचल दिया, जिनमें से दो की मौके पर ही मौत हो गई जबकि बाकी 11 घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें एक की हालत गंभीर बनी हुई है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) पल्लवी शुक्ला ने ‘पीटीआई वीडियो’ से बातचीत में कहा कि सिग्मा कॉलोनी के सामने एकता चौक के पास सड़क पर 24 से अधिक मजदूर काम कर रहे थे और इसके बाद वे दोपहर डेढ़ बजे भोजन करने लगे।
Published: 18 Jan 2026, 7:54 AM IST
राष्ट्रीय जनता दल नेता तेजस्वी यादव ने एक नीट अभ्यर्थी की मौत को लेकर राज्य की भारतीय जनता पार्टी नीत सरकार पर रविवार को निशाना साधा और उस पर महिलाओं पर हो रहे अत्याचारों के प्रति “असंवेदनशील” होने तथा “अपराधियों को संरक्षण देने” का आरोप लगाया।
तेजस्वी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की आलोचना करते हुए कहा कि वह इस तरह की घटनाओं पर “चुप्पी” साधे हुए हैं।
आरजेडी नेता ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “बिहार में मशीन-निर्मित ‘डबल इंजन’ वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार भ्रष्ट व्यक्तियों, अपराधियों और बलात्कारियों का हथियार बन गई है। वोटों की खरीद-फरोख्त से बनी बिहार की असंवेदनशील नीतीश सरकार राज्यभर में लड़कियों, छात्राओं, बेटियों और महिलाओं पर अत्याचार कर रही है।”
Published: 18 Jan 2026, 7:54 AM IST
यूके के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर ने ग्रीनलैंड को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा यूरोपीय देशों पर लगाए जाने की धमकी दिए गए अतिरिक्त टैरिफ को “पूरी तरह गलत” बताया है। ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने कहा कि ग्रीनलैंड पर कब्जे के ट्रंप के कदम का विरोध करने वाले यूरोपीय देशों के खिलाफ टैरिफ लगाने की चेतावनी देना पूरी तरह अनुचित है।
Published: 18 Jan 2026, 7:54 AM IST
अमेरिकी हमलों में अल-कायदा से जुड़े उस नेता को मार गिराया गया, जिसका सीरिया में अमेरिकी सैनिकों पर ISIS के हमले से संबंध था।
Published: 18 Jan 2026, 7:54 AM IST
ग्रीनलैंड को लेकर ट्रंप की यूरोपीय देशों पर टैरिफ लगाने की धमकी के बाद US-EU ट्रेड डील रोक दी गई है।
Published: 18 Jan 2026, 7:54 AM IST
दिल्ली और एनसीआर कड़ाके की सर्दी के बीच एक बार फिर जहरीली हवा और घने कोहरे की मार देखने को मिली है। दिल्ली में रविवार सुबह से ही घने स्मॉग और कोहरे की मोटी परत छाई रही, जिससे विजिबिलिटी कई इलाकों में लगभग शून्य तक पहुंच गई। हालात इतने खराब देखे जा रहे हैं कि सड़क, रेल और हवाई यातायात तीनों प्रभावित हो रहे हैं।
दिल्ली में बारापुला फ्लाईओवर, निजामुद्दीन, ITO, मोती बाग और DND फ्लाईवे के आसपास के इलाकों से आए विजुअल्स में साफ देखा जा रहा है कि दिल्ली धुएं और कोहरे की जहरीली परत में ढकी हुई है। CPCB के मुताबिक, मोती बाग इलाके में AQI 466 दर्ज किया गया, जो ‘Severe’ कैटेगरी में है।
Published: 18 Jan 2026, 7:54 AM IST
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
Published: 18 Jan 2026, 7:54 AM IST