भारत ने सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा की 35 गेंद में 84 रन की धमाकेदार पारी से बुधवार को यहां पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में न्यूजीलैंड के खिलाफ 48 रन से जीत दर्ज की।
इस तरह पांच मैच की श्रृंखला में भारत 1-0 से आगे हो गया।
टी20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में शीर्ष पर काबिज अभिषेक ने न्यूजीलैंड के गेंदबाजों पर कोई रहम नहीं दिखाया और उनकी खूब धुनाई करते हुए अपनी पारी में आठ छक्के और पांच चौके लगाए। रिंकू सिंह ने अंत में 20 गेंद में नाबाद 44 रन बनाए। इससे भारत ने सात विकेट पर 238 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया।
कांग्रेस नेता अखिलेश प्रसाद सिंह ने अरावली मामले पर कहा," जब सुप्रीम कोर्ट ने ही कह दिया है कि अवैध खनन हो रहा है तो सरकार को जागना चाहिए, चेतना चाहिए और सरकार को तुरंत उस पर कार्रवाई करनी चाहिए और रोक लगानी चाहिए। जनहित का ये मामला है...इसमें सरकार को तुरंत एक्शन में आना चाहिए।"
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार जानबूझकर शंकराचार्यों और संतों का अपमान कर रही है और सनातन परंपराओं को तोड़ रही है।
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि शंकराचार्य और संत, समाज के गर्व हैं और अनगिनत श्रद्धालु आशीर्वाद लेने उनके पास जाते हैं जो सनातन धर्म की परंपराओं का हिस्सा है।
उन्होंने आरोप लगाया, “बीजेपी इन परंपराओं को तोड़ रही है। संतों और शंकराचार्यों का जानबूझकर अपमान किया जा रहा है। भाजपा सरकार ने अपने अधिकारियों के जरिए शंकराचार्यों के साथ दुर्व्यवहार किया है।”
अखिलेश यादव ने कहा कि यदि एक अधिकारी शंकराचार्यो से पहचान का प्रमाण मांगता है तो सनातन धर्म का इससे अधिक अपमान नहीं हो सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार ने सनातन धर्म, शंकराचार्यों, संतों, माघ मेला और इस देश का अपमान किया है।
मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में बुधवार को जीप और स्कूल वैन की आमने-सामने की भिड़ंत में एक छात्रा की मौत हो गई और 11 बच्चे घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। हादसा जिला मुख्यालय से करीब 60 किलोमीटर दूर भैंसदेही थाना क्षेत्र के ग्राम गुदगांव में हुआ।
भैंसदेही के अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) भूपेंद्र सिंह मौर्य ने बताया कि निजी स्कूल की वैन पूर्णा नदी के पास गैस गोदाम के सामने दुर्घटनाग्रस्त हो गई और फिर सामने से आ रही जीप ने वैन को टक्कर मार दी।
उन्होंने बताया कि हादसे में केजी-2 की छात्रा हर्षिता पाटनकर (पांच) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 11 बच्चे घायल हो गए।
मौर्य ने बताया कि गंभीर रूप से घायल वैन चालक सहित चार बच्चों को जिला अस्पताल, बैतूल भेजा गया है।
न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने बुधवार को यहां भारत के खिलाफ पांच मैच की श्रृंखला के पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में टॉस जीतकर क्षेत्ररक्षण करने का फैसला किया।
भारतीय कप्तान सूर्यकुमार ने कहा कि श्रेयस अय्यर, हर्षित राणा, रवि बिश्नोई और कुलदीप यादव इस मैच में नहीं खेल रहे हैं। वहीं न्यूजीलैंड ने क्रिस्टियन क्लार्क को पदार्पण कराया है।
नोएडा में इंजीनियर युवराज की मौत के मामले में आरोपी बिल्डर को फिर से न्यायिक हिरासत में भेजा गया। एक दिन की रिमांड खत्म होने के बाद आज आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया था। सुनवाई के दौरान अदालत ने इस मामले में लापरवाही को लेकर जमकर फटकार लगाई।
उच्चतम न्यायालय ने बुधवार को केंद्र सरकार और दिल्ली सरकार समेत अन्य हितधारकों को निर्देश दिया कि वे दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में बिगड़ते वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में सुधार के लिए केंद्रीय प्रदूषण निगरानी संस्था द्वारा अनुशंसित दीर्घकालिक उपायों पर अपनी-अपनी कार्य योजना चार सप्ताह के भीतर पेश करें।
प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची और न्यायमूर्ति विपुल एम पंचोली की तीन न्यायाधीशों वाली पीठ ने वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) की ओर से पेश अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल ऐश्वर्या भाटी द्वारा प्रस्तुत वस्तु स्थिति रिपोर्ट का संज्ञान लिया।
पीठ ने कहा कि सीएक्यूएम ने 15 दीर्घकालिक उपायों की सिफारिश की है और उन संबंधित एजेंसियों की भी पहचान की है, जो इन दीर्घकालिक उपायों को लागू करने में सक्षम हैं।
पीठ ने कहा, ‘‘सीएक्यूएम द्वारा सुझाए गए उपायों के अलावा भी कुछ अतिरिक्त दीर्घकालिक उपायों को अपनाने की आवश्यकता हो सकती है। इसमें कोई संदेह नहीं है कि सीएक्यूएम द्वारा अनुशंसित इन दीर्घकालिक उपायों को बिना किसी देरी के लागू किया जाना आवश्यक है। इसलिए हम हितधारकों से इन उपायों को लागू करने के लिए अपनी-अपनी कार्य योजना प्रस्तुत करने का आग्रह करते हैं।”
पीठ ने कहा कि यह न्यायालय इन उपायों के संबंध में किसी भी आपत्ति पर विचार करने के पक्ष में नहीं है।
पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई, जिसके बाद परिवार ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कवायद को लेकर चिंता के कारण उन्हें दिल का दौरा पड़ा, जिससे उनकी मृत्यु हो गई। यह जानकारी पुलिस ने बुधवार को दी।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मृतक की पहचान सहर अली मंडल के रूप में हुई है। अधिकारी ने बताया कि वह एक परिवार के पांच सदस्यों में से एक थे, जिन्हें मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत बुधवार को सुनवाई के लिए नोटिस मिला था।
उन्होंने बताया कि यह घटना मंगलवार रात हारोआ के पूर्व मदारतला गांव में घटी।
परिवार के सदस्यों का दावा है कि नोटिस मिलने के बाद से ही मंडल गंभीर मानसिक तनाव में थे, उन्हें मतदाता सूची में अपने बेटों के नामों की स्थिति और संभावित कानूनी या प्रशासनिक जटिलताओं की चिंता सता रही थी।
मूरी एक्सप्रेस के एक डिब्बे में बुधवार सुबह धुआं निकलने के बाद यात्रियों में दहशत फैल गई, जिसके चलते दिल्ली-हावड़ा रेल खंड पर स्थित सुजातपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन को रोकना पड़ा। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि प्रयागराज से कानपुर की ओर जा रही मूरी एक्सप्रेस में डिब्बे के ब्रेक शू से अचानक धुआं उठने से लोको पायलट ने ट्रेन रोक दी।
उनके मुताबिक, रेलवे कर्मचारियों और तकनीकी टीम ने अग्नि सुरक्षा मशीन की मदद से समस्या को हल किया और करीब 45 मिनट रुकने के बाद ट्रेन कानपुर के लिए रवाना हुई।
अधिकारियों ने बताया कि कौशांबी में प्रयागराज से कानपुर की ओर जा रही मूरी एक्सप्रेस में अचानक धुआं उठने से हड़कंप मच गया। ट्रेन के सुजातपुर रेलवे स्टेशन पर अचानक रुकने से यात्रियों में अफरा तफरी मच गई और कुछ यात्री ट्रेन से उतर गए।
सीओ अनुज चौधरी के खिलाफ FIR के आदेश के बाद संभल के CJM विभान्शु सुधीर के ट्रांसफर पर समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने कहा, "मुझे उम्मीद है कि सुप्रीम कोर्ट और हाई कोर्ट इस मामले का खुद संज्ञान लेंगे। मुझे विश्वास है कि देश के बुद्धिजीवी और जज खुद इस मुद्दे पर संज्ञान लेंगे।"
जयपुर में हिट एंड रन का मामला सामने आया है. यहां एक महिन्द्रा थार कार ने एक युवती को कुचल दिया. इस हादसे में युवती की मौत हो गई।
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज शहर के सिविल लाइंस क्षेत्र में केपी कॉलेज के पास एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। मेडिकल चौराहे के निकट स्थित एक तालाब में एक ट्रेनी विमान के गिर गया। विमान में फंसे दोनों पायलटों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का विमान ‘एयर फोर्स वन’ स्विट्जरलैंड के लिए रवाना होने के करीब एक घंटे बाद मामूली तकनीकी खराबी के कारण यहां ज्वाइंट बेस एंड्रयूज़ पर उतरा।
विमान में मौजूद पत्रकारों ने बताया कि उड़ान भरने के बाद एयर फोर्स वन के चालक दल को बिजली संबंधी मामूली खराबी नजर आई जिसके बाद सुरक्षा के लिहाज से विमान को वापस मोड़ने का फैसला किया गया और यह ज्वाइंट बेस एंड्रयूज़ पर उतरा।
व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लीविट के अनुसार, ट्रंप और उनके साथ मौजूद लोग एक नए विमान में सवार होंगे।
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के बयान पर कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा, "वह बिल्कुल सही कह रहे हैं। हमारी लड़ाई संवैधानिक मूल्यों और सिद्धांतों पर आधारित है... बीजेपी गोडसे की विचारधारा को मानती है, इसीलिए उन्होंने MGNREGA से महात्मा गांधी का नाम हटा दिया, वे नाम वही रखते हुए भी बदलाव कर सकते थे। उन्होंने रोज़गार गारंटी योजना क्यों खत्म कर दी?"
राजधानी दिल्ली एक बार फिर गंभीर वायु प्रदूषण की चपेट में है। एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 400 के करीब पहुंच गया है, जो ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है। जहरीली हवा के कारण लोगों को आंखों में जलन, गले में खराश और सांस लेने में दिक्कत जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। खासतौर पर बच्चों, बुज़ुर्गों और सांस की बीमारी से पीड़ित लोगों के लिए हालात बेहद चिंताजनक बने हुए हैं।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 21 Jan 2026, 7:46 AM IST