
यूक्रेन पर रूसी आक्रमण के चार साल मंगलवार को पूरे होने पर यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि रूस ‘यूक्रेनवासियों को तोड़ नहीं पाया है’ और न ही वह यह जंग जीत पाया है। इस आक्रमण ने यूक्रेन और उसके सहयोगियों के संकल्प की कड़ी परीक्षा ली है तथा रूस की महत्वाकांक्षा को लेकर यूरोपीय आशंकाओं को और बढ़ा दिया है।
इस बीच, रूसी सरकार के प्रमुख कार्यालय ‘क्रेमलिन’ के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा कि रूस के लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए आक्रमण जारी रहेगा। यूक्रेन के प्रति समर्थन जताने के लिए एक दर्जन से अधिक वरिष्ठ यूरोपीय अधिकारी मंगलवार को यहां पहुंचे।
Published: 24 Feb 2026, 7:54 AM IST
कश्मीरी विद्यार्थियों के एक समूह से दुर्व्यवहार के आरोपों के बाद मंगलवार को सीटी विश्वविद्यालय के कुलपति नितिन टंडन को पद से हटा दिया गया। कुलाधिपति चरणजीत सिंह चन्नी ने यह जानकारी दी।
निजी विश्वविद्यालय ने इस मामले में आंतरिक जांच भी शुरू कर दी है जबकि स्थानीय अधिकारी स्थिति पर नजर रख रहे हैं।
विद्यार्थियों ने दावा किया कि सोमवार को उन्होंने रमजान के महीने के दौरान विश्वविद्यालय के 'मेस' में सहरी और इफ्तार की व्यवस्था करने का अनुरोध किया था। विद्यार्थियों ने आरोप लगाया कि टंडन ने उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और उनके प्रवेश रद्द करने की धमकी दी। विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय में विरोध प्रदर्शन भी किया और टंडन के खिलाफ नारे लगाए।
Published: 24 Feb 2026, 7:54 AM IST
महाराष्ट्र स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाए गए कैंसर जांच अभियान के नतीजों से संकेत मिलता है कि मुंबई में बढ़ते प्रदूषण का स्तर फेफड़ों के कैंसर में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है, जो पहचान किए गए मामलों में से 57 प्रतिशत है। राज्य सरकार ने मंगलवार को विधानसभा में यह जानकारी दी।
स्वास्थ्य मंत्री प्रकाश आबिटकर ने बताया कि महिलाओं में स्तन कैंसर के मामलों में चिंताजनक रुझान देखने को मिल रहा है, और शुरुआती पहचान में देरी ने समग्र रूप से बढ़ते मामलों में योगदान दिया है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने कैंसर की जांच और उपचार सुविधाओं का विस्तार करने तथा कैंसर के बढ़ते मामलों से निपटने के लिए तालुका, जिला और राज्य स्तर पर त्रिस्तरीय स्वास्थ्य सेवा प्रणाली स्थापित करने का निर्णय लिया है।
Published: 24 Feb 2026, 7:54 AM IST
मध्यक्रम के बल्लेबाज रिंकू सिंह मंगलवार को परिवार में आपात स्थिति के कारण घर लौट आए। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के सूत्रों ने पीटीआई को यह जानकारी दी।
रिंकू यहां एमए चिदंबरम स्टेडियम में भारत के ट्रेनिंग सत्र में शामिल नहीं हुए जबकि उनके बाकी साथी खिलाड़ियों ने नेट सत्र के दौरान मौजूद थे।
इस मामले की जानकारी रखने वाले एक सूत्र ने बताया, ‘‘रिंकू सिंह परिवार में आपात स्थिति की वजह से चेन्नई से घर वापस लौट गए हैं। वह चेपक में भारत के अभ्यास सत्र में शामिल नहीं हुए।’’
सूत्रों के मुताबिक रिंकू के पिता खानचंद सिंह को गंभीर हालत में ग्रेटर नोएडा के एक हॉस्पिटल में भर्ती हैं और इसलिए खिलाड़ी को वापस जाना पड़ा।
रिंकू के अचानक चले जाने से इस बाएं हाथ के खिलाड़ी के बृहस्पतिवार को यहां जिम्बाब्वे के खिलाफ भारत के ‘करो या मरो’ के सुपर आठ मुकाबले में खेलने को लेकर संदेह है।
अहमदाबाद में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत की 76 रन की हार के दौरान रिंकू खाता खोलने में नाकाम रहे थे जबकि नीदरलैंड के खिलाफ ग्रुप मैच में उन्होंने छह रन बनाए थे।
Published: 24 Feb 2026, 7:54 AM IST
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की उपस्थिति में 'गैर-CO₂ उत्सर्जन से निपटना: हिमाचल प्रदेश के लिए रास्ते' शीर्षक पर एक वैज्ञानिक मूल्यांकन रिपोर्ट जारी की गई। उन्होंने कहा, "हमारी सरकार ने जब पहला बजट प्रस्तुत किया तब कहा था कि हम हिमाचल प्रदेश को ग्रीन स्टेट बनाएंगे। इस प्रकार की कार्यशाला एक दिशा देती है कि क्या मानक होने चाहिए।"
Published: 24 Feb 2026, 7:54 AM IST
महाराष्ट्र विधानसभा के कांग्रेस विधायक साजिद खान पठान को बिश्नोई गिरोह के एक सहयोगी से कथित तौर पर जान से मारने की धमकी और 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी है। यह खुलासा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विजय वडेट्टीवार ने मंगलवार को राज्य सदन में किया। उन्होंने पठान को तत्काल सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की। वडेट्टीवार की मांग के बाद विधानसभा अध्यक्ष ने सरकार से इस मामले को गंभीरता से लेने और विधायक की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उचित कदम उठाने का आह्वान किया।
वडेट्टीवार ने कहा कि अकोला पश्चिम निर्वाचन क्षेत्र से विधायक पठान को 17 फरवरी को अपराह्न करीब 3.30 बजे एक अंतरराष्ट्रीय नंबर से फोन कॉल आया, जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को बिश्नोई गिरोह से जुड़े शुभम लोनकर के रूप में पहचान बताते हुए 10 करोड़ रुपये की मांग की और धमकी दी कि अगर पैसे नहीं दिए गए तो उन्हें जान से मार दिया जाएगा। सदन में कांग्रेस विधायक दल के नेता ने बताया कि फोन कॉल करने वाले ने यह भी चेतावनी दी कि पुलिस को सूचित करने से केवल अस्थायी सुरक्षा मिलेगी और गिरोह बाद में भी उन्हें निशाना बनाएगा।
Published: 24 Feb 2026, 7:54 AM IST
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भोपाल में किसान महापंचायत में पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा, "हमारे कार्यकर्ताओं ने अंग्रेजों से लड़ाई लड़ी, जबकि आपके कार्यकर्ताओं ने उनके सामने आत्मसमर्पण कर दिया... अगर आप देशभक्त होते, तो आप ट्रंप के सामने झुकते नहीं, आप उनके सामने नाक नहीं रगड़ते...।"
Published: 24 Feb 2026, 7:54 AM IST
भारतीय युवा कांग्रेस (आईवाईसी) के प्रमुख उदय भानु चिब की मां ने उनकी गिरफ्तारी की मंगलवार को निंदा करते हुए इसे अनुचित और राजनीतिक रूप से प्रेरित बताया। वहीं, जम्मू कश्मीर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने जोर देकर कहा कि कोई भी कार्रवाई पार्टी के कार्यकर्ताओं को केंद्र की भाजपा नीत सरकार की ‘‘गलत नीतियों’’ के खिलाफ अपना संघर्ष जारी रखने से नहीं रोक पाएगी।
उदय भानु चिब की मां रजनी बाला ने कहा कि उनके बेटे के खिलाफ की गई कार्रवाई सरकार के ‘‘तानाशाही’’ और ‘‘मनमानी’’ वाले रवैये को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन एक मौलिक लोकतांत्रिक अधिकार है।
Published: 24 Feb 2026, 7:54 AM IST
लखनऊ सिविल कोर्ट को एक और बम की धमकी मिली है। बम की सूचना मिलते ही लोकल पुलिस और बम स्क्वायड मौके पर पहुंच गया है। बम स्क्वायड, डॉग स्क्वायड और पुलिस फोर्स के साथ मिलकर जांच कर रही है। वजीरगंज थाना इलाके में मौजूद सिविल कोर्ट में सर्च ऑपरेशन चल रहा है। एडीसीपी वेस्ट, एसीपी चौक और पुलिस फोर्स भी मौजूद हैं।
Published: 24 Feb 2026, 7:54 AM IST
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि राहुल गांधी ने जो भी बातें कही हैं, वह पूरी तरह सच हैं। खड़गे ने कहा कि राहुल गांधी ने देश के सामने सभी जरूरी मुद्दे रख दिए हैं और कांग्रेस पार्टी उन्हीं सवालों को आगे भी मजबूती से उठाती रहेगी।
खड़गे ने बताया कि संसद का बजट सत्र चल रहा है और 9 मार्च से उसका दूसरा चरण शुरू होगा। उन्होंने कहा कि उस दौरान भी कांग्रेस पार्टी संसद में अपनी बात मजबूती से रखेगी। उन्होंने दोहराया कि जो बातें कहनी थीं, वे राहुल गांधी पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं और पार्टी उन मुद्दों पर जवाब मांगती रहेगी।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि वह किसानों, व्यापारी बंधुओं और मजदूर भाइयों की आवाज बुलंद करने के लिए आए हैं। खड़गे ने कहा कि देश के मेहनतकश वर्ग की समस्याओं को दबाया नहीं जा सकता और कांग्रेस पार्टी उनके हक की लड़ाई मजबूती से लड़ेगी।
उन्होंने कहा कि यहां से उठने वाली आवाज पूरे देश में गूंजेगी। खड़गे ने भरोसा दिलाया कि किसानों, व्यापारियों और मजदूरों के अधिकारों की रक्षा के लिए पार्टी सड़क से लेकर संसद तक संघर्ष जारी रखेगी।
खड़गे ने भी कहा कि मोदी ने देश को बेच दिया है। किसनानों को मजदूर बना रहे हैं। किसानों को गुलामी में ढकेल रहे हैं। मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि मैं यूथ कांग्रेस को सलाम करता हूं कम से कम यूथ कांग्रेस ने देश की सच्चाई को मोदी के सामने रखी।
Published: 24 Feb 2026, 7:54 AM IST
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जोशीला संदेश दिया। उन्होंने कहा कि यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता “बबर शेर” हैं और उनके अंदर कांग्रेस पार्टी का खून और देशभक्ति का जज़्बा है। राहुल गांधी ने कार्यकर्ताओं से कहा कि उन्हें किसी से डरने की जरूरत नहीं है और पूरी ताकत के साथ जनता के बीच काम करते रहना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकारों के दौरान किए गए कई कामों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने खत्म कर दिया।
Published: 24 Feb 2026, 7:54 AM IST
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मोदी सरकार ने भारत का संवेदनशील डेटा अमेरिका के हवाले कर दिया है। उन्होंने दावा किया कि यह कदम देश की रणनीतिक और आर्थिक सुरक्षा के लिए खतरनाक हो सकता है।
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों से किसानों को नुकसान पहुंचा है और देश की संप्रभुता पर असर पड़ा है। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका अच्छी तरह जानता है कि भारत के डेटा और बाजार की ताकत के बिना वह चीन का मुकाबला नहीं कर सकता।
मोदी ने अमेरिका को कृषि दे दी, टैक्सटाइल दे दी, डेटा दे दिया लेकिन भारत के हिस्से कुछ नहीं आया। राहुल गांधी ने कहा कि अगर मोदी पे दबाव नहीं होता, धमकी नहीं होती तो ये मोदी नहीं करते , ये अपनी छवी को बचाने के लिए मोदी ने डील की है। मैं कहना चाहता हूं मोदी को कोई शक्ति नहीं बचा सकती।
Published: 24 Feb 2026, 7:54 AM IST
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एपस्टीन मामले को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि जब कथित तौर पर एपस्टीन फाइल्स में मोदी का नाम सामने आया तो वह घबरा गए और संसद से बाहर चले गए। उन्होंने दावा किया कि इसके बाद मोदी ने अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से कहा कि “आप जो भी चाहते हैं, मैं साइन करने को तैयार हूं।”
राहुल गांधी ने यह भी आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने देश के हितों से समझौता किया है। उन्होंने कहा कि यह चर्चा सिर्फ विपक्ष ही नहीं, बल्कि बीजेपी और आरएसएस के कार्यकर्ताओं के बीच भी हो रही है। कांग्रेस नेता ने केंद्र सरकार से इस पूरे मामले पर स्थिति स्पष्ट करने और देश के सामने सच्चाई रखने की मांग की है।
राहुल गांधी ने कहा कि ये डील नहीं बल्कि किसनाों के दिल में तीर है।
Published: 24 Feb 2026, 7:54 AM IST
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी आज भोपाल में पार्टी द्वारा आयोजित 'किसान महा चौपाल' में किसानों को संबोधित कर रहे हैं। यह चौपाल भारत और अमेरिका के बीच अंतरिम व्यापार समझौते के विरोध में आयोजित की जा रही है। जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल ने कहा, 'पहली बार लोकसभा में नेता विपक्ष को बोलने नहीं दिया गया। मुझे बोलने नहीं दिया गया.' राहुल गांधी ने जनरल नरवणे की किताब का जिक्र किया और सीधे प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधा। राहुल ने कहा कि जब चीन को जवाब देने का वक्त आया तब पीएम मोदी गायब हो गए।
Published: 24 Feb 2026, 7:54 AM IST
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने तथाकथित ‘एपस्टीन फाइल्स’ को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि करीब 30 लाख फाइलें बंद पड़ी हैं, जिनमें ईमेल, मैसेज और वीडियो शामिल हैं, लेकिन उन्हें सार्वजनिक नहीं किया गया है। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि इन फाइलों का इस्तेमाल दबाव बनाने के लिए किया जा रहा है और चेतावनी दी गई है कि अगर बात नहीं मानी गई तो इनमें से सामग्री बाहर लाई जाएगी।
राहुल गांधी ने केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी का नाम लेते हुए कहा कि उनका नाम रिलीज कर ‘धमकाने’ की कोशिश की गई। साथ ही उन्होंने उद्योगपति अनिल अंबानी का जिक्र करते हुए कहा कि उनका नाम भी इन फाइलों में बताया जा रहा है और कई अन्य नाम छिपाए जा रहे हैं। कांग्रेस नेता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मांग की कि वे देश को बताएं कि अनिल अंबानी के साथ उनका क्या संबंध है और इन फाइलों को लेकर स्थिति स्पष्ट करें।
Published: 24 Feb 2026, 7:54 AM IST
सरकारी हेलीकॉप्टर सेवा कंपनी पवन हंस के एक हेलीकॉप्टर को अंडमान क्षेत्र में उड़ान के दौरान तकनीकी कारणों से समुद्र में इमरजेंसी क्रैश लैंडिंग करनी पड़ी। यह घटना अंडमान सागर में हुई, जहां पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए हेलीकॉप्टर को सुरक्षित रूप से पानी पर उतारा।
Published: 24 Feb 2026, 7:54 AM IST
दिल्ली से लेह जा रहा स्पाइसजेट का एक विमान आज उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों बाद इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। विमान में उड़ान के दौरान अचानक चिंगारी और आग देखे जाने के बाद पायलट ने तुरंत वापस लौटने का फैसला किया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक तकनीकी खराबी को इस आपात स्थिति का कारण बताया जा रहा है।
Published: 24 Feb 2026, 7:54 AM IST
दिल्ली के मयूर विहार इलाके में एक मॉल की पार्किंग में खड़ी कार में एक शव मिला है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, मौत का कारण पोस्टमार्टम के बाद ही पता चलेगा।
Published: 24 Feb 2026, 7:54 AM IST
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
Published: 24 Feb 2026, 7:54 AM IST