
कांग्रेस ने केरल, असम, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी के विधानसभा चुनावों के लिए शनिवार को स्क्रीनिंग कमेटी का गठन किया। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को असम के लिए बनाई गई स्क्रीनिंग कमेटी की अध्यक्षता सौंपी गई है। पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, असम से संबंधित स्क्रीनिंग कमेटी में प्रियंका गांधी के साथ सप्तगिरि उलाका, इमरान मसूद और श्रीवेला प्रसाद को बतौर सदस्य शामिल किया गया है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मधुसूदन मिस्त्री की अध्यक्षता में केरल के लिए गठित स्क्रीनिंग कमेटी में सैयद नासिर हुसैन, नीरज डांगी और अभिषेक दत्त को शामिल किया गया है। छत्तीसगढ़ के पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव को तमिलनाडु और पुडुचेरी से संबंधित स्क्रीनिंग कमेटी का अध्यक्ष बनाया गया है। यशोमती ठाकुर, जी सी चंद्रशेखर और अनिल कुमार यादव को बतौर सदस्य शामिल किया गया है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बी के हरिप्रसाद को पश्चिम बंगाल के लिए बनी स्क्रीनिंग कमेटी की अध्यक्षता सौंपी गई है। मोहम्मद जावेद, ममता देवी और बी पी सिंह को भी इस कमेटी में जगह दी गई है स्क्रीनिंग कमेटी हर सीट पर टिकट के लिए दावेदारी करने वालों में से कुछ लोगों के नाम पार्टी केंद्रीय चुनाव समिति के पास भेजती है, जहां उम्मीदवार के नाम पर मुहर लगती है।इन राज्यों में इस वर्ष मार्च-अप्रैल में विधानसभा चुनाव संभावित है।
Published: 03 Jan 2026, 7:56 AM IST
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वेनेज़ुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की हिरासत में तस्वीर शेयर की है। ट्रंप ने पोस्ट किया, "USS इवो जीमा पर निकोलस मादुरो"।
Published: 03 Jan 2026, 7:56 AM IST
पश्चिम बंगाल में शनिवार को एक और बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) की मौत हो गई। उनके परिवार का आरोप है कि राज्य में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य से संबंधित दबाव के कारण उनका स्वास्थ्य बिगड़ गया। यह घटना उत्तरी बंगाल के कूच बिहार जिले में हुई। बीएलओ को शुक्रवार रात सीने में दर्द होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था और इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। उनके परिवार का आरोप है कि वे एसआईआर संबंधी कर्तव्यों के दबाव के कारण बीमार पड़ गए थे और अवसाद से भी पीड़ित थे।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, मृतक बीएलओ की पहचान आशीष धर के रूप में हुई है, जो कूच बिहार-दो ब्लॉक के बनेश्वर क्षेत्र के इछामारी गांव के निवासी थे। वे क्षेत्र में बूथ संख्या 103 के प्रभारी थे। परिवार के सदस्यों ने बताया कि आशीष कई दिनों से एसआईआर कार्य के कारण तनाव में थे। शुक्रवार को जब उन्होंने सीने में दर्द की शिकायत की, तो परिवार के सदस्य उन्हें अस्पताल ले गए। उनका अस्पताल में इलाज चल रहा था, लेकिन अस्पताल में भर्ती रहते हुए ही उनका निधन हो गया। आशीष पुरबा गोपालपुर फोर्थ प्लान प्राइमरी स्कूल में सहायक शिक्षक थे। एसआईआर प्रक्रिया शुरू होने के बाद से वे शिक्षण और बीएलओ दोनों जिम्मेदारियों को एक साथ निभा रहे थे, जिसके कारण उन्हें गंभीर तनाव और अवसाद हो गया था।
शनिवार को आशीष को अपने बूथ पर 39 लोगों की सुनवाई करनी थी। परिवार के सदस्यों ने बताया कि वे कार्यभार को लेकर चिंतित थे और उन्होंने बार-बार इस बात पर चिंता व्यक्त की थी कि वे सौंपे गए कार्यों को कैसे पूरा करेंगे। आशीष के भाई दिलीप धर ने स्थानीय पत्रकारों को बताया, “कल रात वे काम से घर लौटे और खाना खा रहे थे। तभी उन्हें एक फोन आया। हमें समझ आया कि बातचीत सुनवाई प्रक्रिया के बारे में थी। फोन रखने के बाद उन्होंने बताया कि उनकी तबीयत ठीक नहीं है। उन्हें सीने में दर्द हो रहा था और पसीना आ रहा था। हम तुरंत उन्हें अस्पताल ले गए। हालांकि, इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।”
Published: 03 Jan 2026, 7:56 AM IST
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री व राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने आईआरसीटीसी घोटाले में आरोप तय होने के खिलाफ दिल्ली हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। निचली अदालत ने लालू यादव समेत अन्य के खिलाफ भ्रष्टाचार व आपराधिक साजिश के आरोप तय किए हैं। जस्टिस स्वर्णकांता शर्मा की बेंच 5 जनवरी को इस मामले पर सुनवाई करेगी। बता दें कि 13 अक्टूबर को दिल्ली की राऊज एवेन्यू कोर्ट ने इस मामले में लालू यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव के खिलाफ आरोप तय कर दिया था। कोर्ट ने इस मामले में आईपीसी की धारा 428, 120बी और भ्रष्टाचार निरोधक कानून की धारा 13(2) के तहत आरोप तय करने का आदेश दिया था।
Published: 03 Jan 2026, 7:56 AM IST
पहाड़ों की रानी मसूरी में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। मसूरी घने बादलों की आगोश में नजर आ रही है, जिससे तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। ठंडी हवाओं के चलने से लोगों को कड़ाके की ठंड का एहसास होने लगा है। हालात ऐसे हो गए हैं कि स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों को भी गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है। शहर में ठंड से बचने के लिए लोग अलाव जला रहे हैं, वहीं होटल और होमस्टे में हीटर की मांग बढ़ गई है। मसूरी के बाजारों में भी गर्म कपड़ों की खरीदारी तेज हो गई है। अचानक बदले मौसम ने रोजमर्रा की जिंदगी को प्रभावित किया है, लेकिन पर्यटकों के चेहरों पर इस मौसम को लेकर खास उत्साह देखने को मिल रहा है। देश-विदेश से मसूरी पहुंचे पर्यटक ठंडे मौसम और बादलों के बीच घूमने का जमकर लुत्फ उठा रहे हैं।
Published: 03 Jan 2026, 7:56 AM IST
उत्तराखंड की महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू द्वारा महिलाओं के खिलाफ की गई आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर आरजेडी की महिला कार्यकर्ताएं सड़क पर उतर आईं। बिहार प्रदेश आरजेडी महिला प्रकोष्ठ ने शनिवार को गिरधारी लाल साहू के बयान के विरोध में पटना में विरोध प्रदर्शन मार्च निकाला। आरजेडी महिलाओं का यह मार्च आरजेडी प्रदेश कार्यालय से निकलकर वीर चंद पटेल पथ से होते हुए आयकर गोलंबर तक गया और फिर पुतला जलाया गया। प्रदर्शन में 'महिलाओं का अपमान नहीं सहेंगे बिहार' जैसे नारे लगाए गए।
इस कार्यक्रम का नेतृत्व कर रही महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष अनिता भारती ने कहा कि बीजेपी अविलंब ऐसे बिहार की महिलाओं का अपमान करने वाले नेता को पार्टी से बाहर करे। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि इस मामले पर बीजेपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन चुप्पी क्यों साधे हुए हैं? क्या बिहार की महिलाओं के सम्मान के प्रति बीजेपी की कोई सोच नहीं है? उन्होंने कहा कि बीजेपी के नेता ने जानबूझकर बिहार की महिलाओं का अपमान किया है। गिरधारी लाल साहू पर बीजेपी कार्रवाई करे और उनकी मंत्री पत्नी को उत्तराखंड सरकार तत्काल बर्खास्त करे।
Published: 03 Jan 2026, 7:56 AM IST
वेनेजुएला की सत्तारूढ़ पार्टी के नेता नाहूम फर्नांडीज ने दावा किया है कि अमेरिकी सेना ने राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को जब पकड़ा, तो वे फोर्ट टियूना सैन्य अड्डे के भीतर स्थित अपने आवास में थे। फर्नांडीज ने कहा, ‘‘वहीं पर उन्होंने बमबारी की थी, और वहीं से उन्होंने राष्ट्रपति और देश की प्रथम महिला का अपहरण किया।’’
अमेरिका ने शुक्रवार देर रात को वेनेजुएला पर ‘‘बड़े पैमाने पर हमला’’ किया। अमेरिका ने कहा है कि देश के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को पकड़ लिया गया है और देश से बाहर ले जाया गया है। अमेरिका ने इसे एक असाधारण रात्रिकालीन अभियान बताया, जिसकी घोषणा राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हमले के कुछ घंटे बाद सोशल मीडिया पर की।
Published: 03 Jan 2026, 7:56 AM IST
ओडिशा के केंद्रपाड़ा जिले में एक महिला प्रखंड विकास अधिकारी (बीडीओ) के कार्यालय कक्ष में घुसकर एक बीजेपी नेता ने उन पर हमला कर दिया। ललित कुमार बेहेरा के नेतृत्व में बीजेपी कार्यकर्ताओं के एक समूह ने कथित तौर पर शुक्रवार को राजनगर की प्रखंड विकास अधिकारी तिलोत्तमा प्रुस्ती के कक्ष में घुसकर उनसे कुछ कार्यालयी कार्य में तेजी लाने को कहा। बाद में, बेहरा ने उन पर हमला करने का प्रयास किया।
ओडिशा प्रशासनिक सेवा (ओएएस) की अधिकारी प्रुस्ती ने दावा किया कि बेहेरा ने उन पर शारीरिक हमला करने की कोशिश की, लेकिन उसके समर्थकों ने उन्हें रोक लिया। शुक्रवार को घटी यह पूरी घटना कार्यालय कक्ष में लगे सीसीटीवी कैमरे में दर्ज हो गई है। पुलिस ने बताया कि इस संबंध में अभी तक कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है, जबकि घटना की प्रशासनिक जांच के आदेश दिए गए हैं।
Published: 03 Jan 2026, 7:56 AM IST
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के महासचिव एम.ए. बेबी ने शनिवार को अमेरिका द्वारा वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो के ‘‘अपहरण’’ की निंदा करते हुए इसे राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आदेश पर किया गया ‘‘खुला आक्रामक कृत्य’’ करार दिया। बेबी ने आरोप लगाया कि अमेरिका ने मादक पदार्थों के माफिया के खिलाफ कार्रवाई की आड़ में कैरेबियन सागर में सैन्य बलों की तैनाती के हफ्तों बाद वेनेजुएला के खिलाफ खुलेआम हमला कर दिया है।
Published: 03 Jan 2026, 7:56 AM IST
वाम दलों ने शनिवार को वेनेजुएला पर अमेरिकी हमले की निंदा की और कहा कि इस सैन्य कार्रवाई का असली मकसद देश का तेल भंडार हैं। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने एक बयान में कहा कि अमेरिका को आक्रामक कार्रवाई तत्काल खत्म कर अपने सैनिकों को वापस बुलाना चाहिए।
माकपा ने कहा कि वह “वेनेजुएला में विभिन्न स्थानों पर बमबारी कर किए गए अमेरिकी आक्रमण की निंदा करती है।” पार्टी ने कहा, “पिछले कुछ हफ्तों से अमेरिका वेनेजुएला के चारों ओर अपने सैन्य और नौसैनिक बलों को जुटा रहा है ताकि वहां शासन परिवर्तन थोपा जा सके। यह दिसंबर 2025 के पहले सप्ताह में घोषित अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा रणनीति 2025 का असली चेहरा है।”
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माले) लिबरेशन ने भी इस हमले की निंदा की और कहा कि इसका उद्देश्य अमेरिका समर्थित औपनिवेशिक व्यवस्था थोपना है। पार्टी ने कहा, “डोनाल्ड ट्रंप की एक सोशल मीडिया पोस्ट में यहां तक दावा किया गया है कि राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को पकड़कर वेनेजुएला से बाहर ले जाया गया है। यह युद्ध केवल वेनेजुएला के खिलाफ नहीं है, बल्कि क्षेत्र और पूरी दुनिया के उन सभी लोगों के खिलाफ खुली धमकी है जो साम्राज्यवादी आदेशों से मुक्त होकर अपना भविष्य तय करना चाहते हैं।” उसने यह भी कहा कि इस हमले का असली निशाना वेनेजुएला का विशाल तेल भंडार है।
सीपीआई ने भी हमले निंदा करते हुए कहा कि यह एक बार फिर अमेरिकी साम्राज्यवाद की आक्रामक प्रकृति और अंतरराष्ट्रीय मानदंडों के प्रति उसके तिरस्कार को उजागर करता है।
Published: 03 Jan 2026, 7:56 AM IST
सुप्रीम कोर्ट दिल्ली दंगा मामले में उमर खालिद, शरजील इमाम और अन्य की जमानत याचिकाओं पर 5 जनवरी को अपना फैसला सुनाएगा।
Published: 03 Jan 2026, 7:56 AM IST
कश्मीर में कुछ दिनों की राहत के बाद सर्दी फिर से तेज हो गयी है और घाटी में न्यूनतम तापमान गिरकर अधिकतर जगहों पर शून्य से नीचे चला गया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि श्रीनगर में शुक्रवार रात का न्यूनतम तापमान शून्य से 1.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछली रात के 0.1 डिग्री सेल्सियस से कम है।
उत्तरी कश्मीर का मशहूर स्की रिसॉर्ट गुलमर्ग सबसे ठंडा स्थान रहा जहां पारा शून्य से 6.5 डिग्री सेल्सियस तक नीचे गिर गया, जबकि दक्षिणी कश्मीर के पर्यटक रिसॉर्ट पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 5.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। घाटी के प्रवेश द्वार काजीगुंड में पारा शून्य से 2.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि कोकरनाग में न्यूनतम तापमान शून्य से 0.8 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा में न्यूनतम तापमान शून्य से 1.6 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।
यह क्षेत्र अभी ‘चिल्ला-ए-कलां’ के दौर में है जो 40 दिनों की अत्यधिक ठंड की अवधि होती है। इस दौरान रात का तापमान अक्सर शून्य से कई डिग्री नीचे चला जाता है। हालांकि, दर्ज किया गया मौजूदा तापमान सामान्य से अलग पैटर्न को प्रदर्शित कर रहा है। इस दौरान बर्फबारी की संभावना सबसे अधिक और अधिकतम होती है। हालांकि, इस मौसम में घाटी के मैदानी इलाकों में अभी तक कोई बर्फबारी नहीं हुई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने पांच और छह जनवरी को उत्तरी और मध्य कश्मीर के ऊंचे इलाकों में कुछ जगहों पर हल्की बारिश या बर्फबारी का अनुमान लगाया है, जबकि चार जनवरी तक मौसम के ज्यादातर शुष्क रहने का अनुमान है।
Published: 03 Jan 2026, 7:56 AM IST
मुंबई के पश्चिमी उपनगर अंधेरी में शनिवार दोपहर को 18 मंजिला आवासीय इमारत में आग लग गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दोपहर करीब दो बजे एसवी रोड पर अंधेरी सबवे के सामने स्थित ‘चांदीवाला पर्ल रीजेंसी’ में लगी आग में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।
बृह्नमुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) के एक अधिकारी ने बताया कि आग इमारत की पहली मंजिल पर स्थित ‘इलेक्ट्रिक डक्ट’ में लगी थी और ये दसवीं मंजिल तक फैल गई, जिससे परिसर में भारी धुआं फैल गया। उन्होंने कहा कि घटनास्थल पर चार दमकल वाहन और अन्य आपातकालीन प्रतिक्रिया वाहनों के साथ अग्निशमन अभियान जारी है। अधिकारी ने बताया कि पुलिसकर्मी, बिजली वितरण कंपनी के कर्मचारी, 108 एम्बुलेंस सेवा और बृह्नमुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) के कर्मचारी भी घटनास्थल पर पहुंचे।
Published: 03 Jan 2026, 7:56 AM IST
मध्य प्रदेश के इंदौर के भागीरथपुरा में कथित पानी में मिलावट और पानी से होने वाली मौतों को लेकर विरोध प्रदर्शन के दौरान बीजेपी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई। पुलिस ने व्यवस्था बहाल करने के लिए दखल दिया।
Published: 03 Jan 2026, 7:56 AM IST
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि अमेरिका ने वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोर्स को हिरासत में ले लिया है। यह घटनाक्रम वेनेजुएला की राजधानी काराकस में हुए उन संदिग्ध हवाई हमलों और धमाकों के बाद आया है।
Published: 03 Jan 2026, 7:56 AM IST
पश्चिम त्रिपुरा जिले के नंदननगर के 24 वर्षीय एंजल चक्मा पर 9 दिसंबर को देहरादून में एक समूह द्वारा हमला किया गया था, जब उन्होंने नस्लीय अपशब्द का विरोध किया। इलाज के दौरान 26 दिसंबर को उनकी चोटों के चलते मृत्यु हो गई।
Published: 03 Jan 2026, 7:56 AM IST
AP की रिपोर्ट के मुताबिक, वेनेजुएला की सरकार ने संयुक्त राज्य अमेरिका पर कई राज्यों में नागरिक और सैन्य प्रतिष्ठानों पर हमला करने का आरोप लगाया है, जब शनिवार को स्थानीय समयानुसार सुबह 2 बजे राजधानी काराकास के आसपास कम ऊँचाई पर उड़ते विमान और कम से कम सात धमाके सुने गए।
पेंटागन और व्हाइट हाउस ने तुरंत टिप्पणी के लिए अनुरोधों का जवाब नहीं दिया। काराकास में एक सैन्य अड्डे के हैंगर से धुआँ उठता देखा गया। राजधानी में एक अन्य सैन्य प्रतिष्ठान में बिजली बंद थी।
Published: 03 Jan 2026, 7:56 AM IST
वेनेजुएला की राजधानी काराकास में शनिवार तड़के भीषण धमाकों से दहल गई, जहां रणनीतिक ठिकानों को निशाना बनाकर संदिग्ध हवाई हमले किए जाने की खबर है। स्थानीय मीडिया और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पहला धमाका रात करीब 1:50 बजे हुआ, जिसकी तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि कई घरों की खिड़कियां हिल गईं।
धमाकों के बाद राजधानी के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई और यातायात भी प्रभावित हुआ। सामने आए वीडियो में रात के आसमान में धुएं के बड़े गुबार और नारंगी चमक के साथ जोरदार विस्फोट होते देखे गए। हमलों के पीछे अमेरिका की भूमिका होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इस संबंध में अमेरिका या वेनेजुएला सरकार की ओर से अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
Published: 03 Jan 2026, 7:56 AM IST
दिल्ली: प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने कहा, “27 दिसंबर को कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक नई दिल्ली में हुई, जिसमें केंद्र सरकार द्वारा लागू किए गए VB G RAM G कानून पर चर्चा की गई। बैठक में यह फैसला लिया गया कि इसके खिलाफ देशभर में ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ नाम से आंदोलन शुरू किया जाएगा।
उन्होंने कहा, "इस नए कानून का मकसद मनरेगा को कमजोर करना है, जो देश की सबसे सफल, मांग-आधारित गरीबी उन्मूलन योजनाओं में से एक रही है। मनरेगा के तहत हर साल 5 से 6 करोड़ ग्रामीण परिवारों को काम मिला, इससे भूख और पलायन में कमी आई, ग्रामीण मजदूरी बढ़ी और तालाब, सड़क, नहरें और चेक डैम जैसी स्थायी संपत्तियों का निर्माण हुआ।"
वेणुगोला ने कहा कि सूखा, बाढ़, कोरोना महामारी और आर्थिक संकट जैसे हालात में मनरेगा ने एक मजबूत सुरक्षा कवच का काम किया। इससे महिलाओं, दलितों और आदिवासियों को सबसे अधिक लाभ मिला, जिसमें कुल कार्यदिवसों का करीब 60 प्रतिशत हिस्सा महिलाओं का रहा।
उन्होंने आगे कहा, "VB G RAM G कानून के तहत रोजगार अब अधिकार नहीं रहा। काम केवल चुनिंदा पंचायतों तक सीमित कर दिया गया है। फंड को बजट सीमा में बांध दिया गया है और जैसे ही पैसा खत्म होगा, काम भी बंद हो जाएगा। इससे संविधान द्वारा दिए गए अधिकार को सरकार की एक मात्र घोषणा में बदल दिया गया है और चुपचाप काम के कानूनी अधिकार को खत्म किया जा रहा है।”
Published: 03 Jan 2026, 7:56 AM IST
ईरान में विरोध-प्रदर्शन बढ़ता जा रहा है। बीते 6 दिनों से ईरान में खामनेई शासन के खिलाफ जनता ने सड़कों पर विद्रोह के हालात पैदा कर दिए हैं। आज भी देश के कई हिस्सों में प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाकर्मियों के बीच झड़प हुई है। हिंसक प्रदर्शनों की वजह से देशभर में स्कूल, यूनिवर्सिटी और सरकारी संस्थानों को बंद कर दिया है।
बीते 2 दिनों में 7 लोगों की मौत हो चुकी है और शहर-शहर लोग सड़कों पर उतर रहे हैं। हमादान के असदाबाद में प्रदर्शनकारियों ने खामेनेई की फौज ईरानी रिवॉल्यूशनरी गार्ड कोर यानी आईआरजीसी की बेस पर कब्जे का दावा किया है। विरोध के पीछे कारण ईरानी अर्थव्यवस्था की बुरी हालत है क्योंकि एक डॉलर ईरान में करीब 14 लाख रियाल में मिलने लगा है।
कई प्रदर्शनकारियों को देश के सुप्रीम लीडर, अयातुल्ला अली खामेनेई के खिलाफ नारे लगाते सुना गया, जबकि कुछ ने राजशाही बहाल करने की मांग की है।
Published: 03 Jan 2026, 7:56 AM IST
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
Published: 03 Jan 2026, 7:56 AM IST