कांग्रेस की झारखंड इकाई के सदस्यों ने बृहस्पतिवार को कथित चुनावी अनियमितताओं के विरोध में रांची में मार्च निकाला। यह मार्च पार्टी की 17 अगस्त को बिहार में होने वाली ‘वोट अधिकार यात्रा’ से पहले निकाला गया। पार्टी के एक पदाधिकारी ने यह जानकारी दी।
Published: 14 Aug 2025, 7:57 AM IST
कांग्रेस सासंद के.सी. वेणुगोपाल ने कहा, "हम इस मुद्दे(वोट चोरी) को लेकर चल रहे हैं। हम चुनाव आयोग और सरकार के खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं। पूरे देश में सभी जिला मुख्यालयों पर कांग्रेस कार्यकर्ता 'वोट चोर गद्दी छोड़' मुद्दे पर यह रात्रि मार्च कर रहे हैं..."
Published: 14 Aug 2025, 7:57 AM IST
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में बादल फटने से तबाही आ गई है। मौत का आंकड़ा बढ़कर 46 हो गया है।
Published: 14 Aug 2025, 7:57 AM IST
कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने SIR के मुद्दे पर कहा, "यह वोटों की चोरी नहीं बल्कि डकैती हो रही है... बात जीतने या हारने की नहीं है। हम जो प्रमाण दे रहे हैं उस पर कार्रवाई होनी चाहिए... चुनाव आयोग का पक्ष चुनाव आयोग को रखना चाहिए। भाजपा उनकी वकील है क्या?..."
Published: 14 Aug 2025, 7:57 AM IST
जम्मू एवं कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने किश्तवाड़ जिले में बृहस्पतिवार को बादल फटने से हुई जनहानि के बाद शुक्रवार को स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान ‘एट होम’ चाय पार्टी और सांस्कृतिक कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं।
अधिकारियों ने बताया कि चशोती गांव में बादल फटने से 38 लोगों की मौत हो गई तथा कई अन्य अब भी मलबे में फंसे हैं।
अब्दुल्ला ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘किश्तवाड़ में बादल फटने से हुई त्रासदी के मद्देनजर, मैंने कल (शुक्रवार) शाम को ‘एट होम’ चाय पार्टी रद्द करने का निर्णय किया है।’’
Published: 14 Aug 2025, 7:57 AM IST
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ने स्वतंत्रता दिवस की पूर्वसंध्या पर राष्ट्र के नाम संबोधन में कहा कि इस सैन्य अभियान से जुड़ी उपलब्धियां स्वाधीन भारत के रक्षा इतिहास में एक नए अध्याय का सूत्रपात हैं तथा विश्व समुदाय ने भारत की इस नीति का संज्ञान लिया है कि भारत आक्रमणकारी नहीं बनेगा, लेकिन अपने नागरिकों की रक्षा के लिए जवाबी कार्रवाई करने में तनिक भी संकोच नहीं करेगा।
मुर्मू ने कहा, ‘‘इस वर्ष, हमें आतंकवाद का दंश झेलना पड़ा। कश्मीर घूमने गए निर्दोष नागरिकों की हत्या, कायरतापूर्ण और नितांत अमानवीय थी। इसका जवाब भारत ने फौलादी संकल्प के साथ निर्णायक तरीके से दिया। ऑपरेशन सिंदूर ने यह दिखा दिया कि जब राष्ट्र की सुरक्षा का प्रश्न सामने आता है तब हमारे सशस्त्र बल किसी भी स्थिति का सामना करने के लिए पूरी तरह सक्षम सिद्ध होते हैं। रणनीतिक स्पष्टता और तकनीकी दक्षता के साथ, हमारी सेना ने सीमा पार के आतंकवादी ठिकानों को नष्ट कर दिया।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मेरा विश्वास है कि ऑपरेशन सिंदूर, आतंकवाद के विरुद्ध मानवता की लड़ाई में एक मिसाल के तौर पर इतिहास में दर्ज होगा।’’
मुर्मू ने कहा कि विश्व समुदाय ने भारत की इस नीति का संज्ञान लिया है कि हम आक्रमणकारी तो नहीं बनेंगे, लेकिन अपने नागरिकों की रक्षा के लिए जवाबी कार्रवाई करने में तनिक भी संकोच नहीं करेंगे।
उन्होंने इस बात पर जोर दिया, ‘‘ऑपरेशन सिंदूर, प्रतिरक्षा के क्षेत्र में, ‘आत्मनिर्भर भारत मिशन’ की परीक्षा का भी अवसर था। अब यह सिद्ध हो गया है कि हम सही रास्ते पर हैं। हमारा स्वदेशी विनिर्माण उस निर्णायक स्तर पर पहुंच गया है जहां हम अपनी बहुत सी सुरक्षा-आवश्यकताओं को पूरा करने में भी आत्मनिर्भर बन गए हैं। ये उपलब्धियां स्वाधीन भारत के रक्षा इतिहास में एक नए अध्याय का सूत्रपात हैं।’’
Published: 14 Aug 2025, 7:57 AM IST
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा, "लोकतंत्र को ज़िंदा रखने के लिए आज सुप्रीम कोर्ट ने जो कदम उठाए हैं, वह तारीफ के काबिल है। आधार पर तो बहुत अच्छा आदेश दिया ही, साथ ही नाम हटाने का कारण भी बताना होगा और उसे मशीन रीडेबल बनाना होगा, ये दो-तीन आदेश बहुत अच्छे हैं लेकिन ये तो शुरुआत है... हम चुनाव आयोग से भी जवाब मांग रहे हैं कि इतने कम समय में आप इसे कैसे ठीक करेंगे।"
Published: 14 Aug 2025, 7:57 AM IST
राहुल गांधी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में बादल फटने से आई तबाही के कारण कई लोगों की मौत और कईयों के लापता होने की ख़बर बेहद दुखद है। मैं प्रभावित परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं और लापता लोगों के जल्द मिलने की आशा करता हूं। प्रशासन से आग्रह है कि राहत और बचाव कार्यों में तेज़ी लाएं। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं से अनुरोध है कि प्रशासन का सहयोग और ज़रूरतमंदों की हरसंभव मदद करें।
Published: 14 Aug 2025, 7:57 AM IST
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को वैशाली, पटना, बेगूसराय और मुंगेर जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण कर स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री ने हवाई सर्वेक्षण के क्रम में वैशाली जिले के राघोपुर दियारा, पटना जिले के काला दियारा, रूपस महाजी, रामनगर, कसहा दियारा तथा मोकामा, बाढ़ एवं फतुहा के टाल क्षेत्र का निरीक्षण किया। साथ ही बेगूसराय और मुंगेर जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भी हवाई सर्वेक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने हवाई सर्वेक्षण के क्रम में अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जल संसाधन विभाग पूरी तरह मुस्तैद रहे और लगातार मॉनिटरिंग करते रहे।
Published: 14 Aug 2025, 7:57 AM IST
स्वतंत्रता दिवस पर दो वरिष्ठ भारतीय सेना अधिकारियों को सर्वोत्तम युद्ध सेवा पदक से सम्मानित किया गया। वीरता पुरस्कार विजेताओं की सूची में 4 कीर्ति चक्र, 4 वीर चक्र और 8 शौर्य चक्र शामिल हैं: भारतीय सेना के अधिकारी
Published: 14 Aug 2025, 7:57 AM IST
नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारुख अब्दुल्ला ने जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में बादल फटने की घटना पर कहा, "यह बहुत दुखद खबर है। बादल फटने की घटनाएं पहाड़ी इलाकों में आम हो गई हैं। उत्तराखंड में भी ऐसी घटना हुई जहां बहुत नुकसान हुआ, पिछले साल रामबन में भी ऐसा हुआ और अब मचैल माता यात्रा जहां होती है उस मंदिर के सामने ऐसा हुआ है। लाखों लोग इस यात्रा में शामिल होते हैं... हम उम्मीद करते हैं कि एयरफोर्स के हेलीकॉप्टर वहां जाकर घायलों को निकाल सकें... इस समय सभी लोग रेस्क्यू ऑपरेशन में लगे हुए हैं... उम्मीद करते हैं कि मृतकों की संख्या कम हो..."
Published: 14 Aug 2025, 7:57 AM IST
बिहार की वोटर लिस्ट रीविजन (SIR) के मामले पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई। सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव आयोग से कहा कि 65 लाख वोट हटाए गए हैं उन लोगों का डेटा क्यों सार्वजनिक नहीं किया गया। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि उन्हें सार्वजनिक कर दीजिए।
Published: 14 Aug 2025, 7:57 AM IST
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल कार्यालय ने ट्वीट किया, "चोसिटी किश्तवाड़ में बादलफटने की घटना से व्यथित हूँ। शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूँ। सिविल, पुलिस, सेना, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ अधिकारियों को बचाव और राहत अभियान को मजबूत करने और प्रभावितों को हर संभव सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया गया है।"
Published: 14 Aug 2025, 7:57 AM IST
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ के पाडेर इलाके में बादल फटने की खबर सामने आई है। इस घटना के कई लोगों के हताहत होने की आशंका है। प्रशासन तुरंत कार्रवाई में जुट गया है। इसके साथ ही नुकसान का आकलन किया जा रहा है और आवश्यक बचाव एवं चिकित्सा प्रबंधन व्यवस्था की जा रही है।
Published: 14 Aug 2025, 7:57 AM IST
दिल्ली में हो रही मूसलाधार बारिश जानलेवा बन चुकी है। राजधानी के कालकाजी इलाके में एक बड़ा पेड़ उखड़कर बाइक सवार पर गिर गया। इससे उसकी मौत हो गई। वहीं एक दूसरा युवक घायल हो गया। पेड़ के चपेट में एक गाड़ी भी आई है।
Published: 14 Aug 2025, 7:57 AM IST
सुप्रीम कोर्ट ने आवारा कुत्तों को सड़कों से हटाने और शेल्टर होम्स में रखने के फैसले को चुनौती देने वाली याचिका पर सुनवाई की। कोर्ट ने आपना आदेश सुरक्षित रखा है।
Published: 14 Aug 2025, 7:57 AM IST
अमेरिकी बाजारों में सकारात्मक रुख के बीच बृहस्पतिवार को शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी में तेजी रही। बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 154.07 अंक चढ़कर 80,693.98 अंक पर और एनएसई निफ्टी 45 अंक की बढ़त के साथ 24,664.35 अंक पर पहुंच गया।
सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से इन्फोसिस, सन फार्मा, एशियन पेंट्स, एचडीएफसी बैंक, मारुति और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) के शेयर लाभ में रहे। टाटा स्टील, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, एनटीपीसी और अदाणी पोर्ट्स के शेयर नुकसान में रहे। एशियाई बाजारों में चीन का शंघाई एसएसई फायदे में रहा जबकि हांगकांग का हैंगसेंग, कम्पोजिट, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और जापान का निक्की 225 नुकसान में रहे।
Published: 14 Aug 2025, 7:57 AM IST
दिल्ली-NCR के कई इलाकों में सुबह सुबह जमकर बारिश हुई है, जिससे जलभराव हो गया। भारी बारिश के कारण कई किलोमीटर लंबा जाम भी लगा है।
Published: 14 Aug 2025, 7:57 AM IST
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
Published: 14 Aug 2025, 7:57 AM IST