
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल (एलजी) मनोज सिन्हा ने गुरुवार शाम अनंतनाग में आतंकवादियों के खिलाफ ऑपरेशन में सर्वोच्च बलिदान देने वाले कर्नल मनप्रीत सिंह और मेजर आशीष धौंचक को पुष्पांजलि अर्पित की और श्रद्धांजलि दी।
उत्तर प्रदेश के हापुड़ में वकीलों के साथ पुलिस की मारपीट के विरोध में गुरुवार को पूरे प्रदेश में वकीलों ने प्रदर्शन किया। लखनऊ में प्रदर्शन के दौरान वकीलों की पुलिसकर्मियों से झड़प भी हुई। लखनऊ बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेश पांडेय, महामंत्री कुलदीप नारायण मिश्र, सेंट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सुनील कुमार द्विवेदी, महामंत्री ब्रजेश कुमार यादव समेत तमाम अधिवक्ताओं ने बैठक कर आगे की रणनीति तय की। इस दौरान राज्य सरकार के मुख्य स्थायी अधिवक्ता-तृतीय अखिलेश अवस्थी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।
एशिया कप में श्रीलंका और पाकिस्तान के बीच 'करो या मरो' मुकाबला जारी है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने श्रीलंका के सामने 253 रन का लक्ष्य रखा है। बारिश से बाधित 42 ओवर के मैच में पाक ने 7 विकेट गंवाकर 252 रनों का स्कोर बनाया।
जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में स्थानीय लोगों ने कल अनंतनाग में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ के दौरान अपनी जान गंवाने वाले पुलिस उपाधीक्षक हुमायूं भट, कर्नल मनप्रीत सिंह और मेजर आशीष धोनक, राइफलमैन रवि कुमार को श्रद्धांजलि देने के लिए कैंडल मार्च निकाला।
पीएम मोदी की विपक्षी गठबंधन पर स्तरहीन टिप्पणी पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने कहा कि जब कुछ होता है तो पीएम से राजनीतिक प्रतिक्रिया की उम्मीद की जाती है लेकिन उन्होंने जिन शब्दों का इस्तेमाल किया है उससे पता चलता है कि वह इंडिया (गठबंधन) से डरे हुए हैं...मुझे लगता है कि इंडिया गठबंधन के गठन के बाद बीजेपी थोड़ी चिंतित है।
दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने सुनील उर्फ टिल्लू ताजपुरिया गैंग एक प्रमुख सदस्य को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार सदस्य दिल्ली में एक हत्या के मामले में वांछित था।
गैंगस्टर की पहचान उत्तर प्रदेश के शामली जिले के मूल निवासी 24 वर्षीय सलमान के रूप में हुई है। सलमान कापसहेड़ा पुलिस स्टेशन में दर्ज एक सनसनीखेज हत्या के मामले में वांछित था। अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में सलमान को भी भगोड़ा घोषित किया गया था।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि लोगों को चिकित्सा के लिए अब मजबूरी में बिहार से बाहर जाने की जरूरत नहीं है। इसे ध्यान में रखते हुए पूरे प्रदेश में इस दिशा में तेजी से काम हो रहा है।
ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना पुलिस ने फर्जी एसटीएफ कर्मी बनकर लोगों से पैसे ऐंठने के मामले में एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान इटावा के दीपांशु उर्फ बंटी उर्फ अंकित के रूप में हुई है। आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा और दो हजार रुपये नगद बरामद किया गया है।
गाजियाबाद के कौशांबी में बना रेडिसन होटल फिर सुर्खियों में है। होटल के मालिक करन जैन को जान से मारने की धमकी मिली है। कुछ लड़के होटल में आए और उन्हें सातवीं मंजिल से नीचे फेंकने की धमकी दी।
होटल मालिक का आरोप है कि बीजेपी के राज्यसभा सांसद अनिल अग्रवाल ने उन्हें फोन करके धमकी देने वालों से बातचीत (मध्यस्थता) करने का दबाव बनाया। इस मामले में पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। बता दें कि करण जैन के भाई अमित जैन ने करोड़ों रुपए का कर्ज होने के चलते नवंबर 2022 में आत्महत्या कर ली थी।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि बीजेपी सरकार में किसानों को प्रताड़ित किया जा रहा है। कर्ज और महंगाई से तबाह किसानों के लिए भाजपा सरकार की गलत नीतियां जानलेवा साबित हो रही हैं।
उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के थाना कोतवाली शहर क्षेत्र के बुद्धा अस्पताल में गुरुवार को आग लगने की सूचना मिली। इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ। बिजनौर अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि आग लगने की सूचना दोपहर 1.10 बजे मिली, जिसके बाद दो से तीन दमकल गाड़ियों को घटनास्थल पर भेजा गया।
मुंबई एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टल गया है। लैंडिंग के दौरान एक प्राइवेट विमान रनवे से फिसला गया। इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है। बताया जा रहा है कि भारी बारिश की वजह से यह हादसा हुआ।
लिस कमिश्नरेट गाजियाबाद की क्राइम ब्रांच ने वाहन चोरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो शातिर वाहन चोर गिरफ्तार किए हैं। उनके कब्जे से चोरी की 8 गाड़ियां बरामद की गई है।
दिल्ली के करोल बाग इलाके में एक कपड़े की दुकान में लगी आग को बुझाने के दौरान तीन दमकलकर्मी घायल हो गए। दिल्ली अग्निशमन सेवा के एक अधिकारी ने गुरुवार को ये जानकारी दी।
डीएफएस के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, बुधवार रात 8.20 बजे आग लगने की सूचना मिली।
अधिकारी ने कहा, "कुल 15 फायर टेंडरों को कपड़े की दुकान में भेजा गया, जहां आग लगी थी।"
उत्तर प्रदेश में हापुड़ में वकीलों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में शुरु हुआ प्रदर्शन थमने का नाम नहीं ले रहा है। लखनऊ बागपत बदायूं प्रयागराज कानपुर सहित कई जिलों में सड़कों पर उतरे वकीलों ने सरकार और अधिकारियों का पुतला फूंका। इस दौरान कई जगहों पर वकीलों की पुलिस से झड़प भी हुई।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात पर हिमाचल प्रदेश कांग्रेस प्रमुख और सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा, "2024 के चुनाव के मद्देनजर पार्टी को मजबूत करने को लेकर बातचीत हुई है। हाल ही में हिमाचल में जो आपदा आई है उसे लेकर भी बातचीत हुई है। हम बार-बार केंद्र से आग्रह कर रहे हैं कि केंद्र हमारी मदद करे लेकिन PM नरेंद्र मोदी के संवेदना के 2 शब्द नहीं आए हैं। मुझे मौका मिलेगा तो मैं इस मुद्दे को संसद के सत्र में उठाऊंगी।"
संसद के विशेष सत्र पर NCP की कार्यकारी अध्यक्ष और लोकसभा सांसद सुप्रिया सुले ने कहा, "यह बहुत निराशाजनक है क्योंकि हम कुछ अच्छे काम, अच्छी चर्चा, अच्छी बहस और अच्छी नीतियों के साथ एक मजबूत राष्ट्र के निर्माण में योगदान देने के लिए दिल्ली जाते हैं। लेकिन दुर्भाग्य से इस सरकार के तहत दिल्ली में ऐसा होता नहीं दिख रहा है।"
जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में मुठभेड़ पर आम आदमी पार्टी सांसद संजय सिंह ने कहा, "संसद के विशेष सत्र के दौरान आम आदमी पार्टी के सांसद इस मुद्दे को वहां जरूर उठाएंगे।"
संसद के विशेष सत्र पर कांग्रेस के राज्यसभा सांसद के सी वेणुगोपाल ने कहा, "मुझे नहीं पता कि विशेष सत्र के एजेंडे में क्या है। इस सरकार का संसदीय एजेंडा बिल्कुल भी पारदर्शी नहीं है। भारत में संसदीय लोकतंत्र के इतिहास में ऐसा नहीं हुआ है। वे कोई एजेंडा नहीं देंगे, और हो हल्ला मचाने के बाद एक एजेंडा डालेंगे।"
बिहार के मुजफ्फरपुर में बागमती नदी पर मधुर पट्टी घाट के पास कई बच्चों को ले जा रही नाव पलट गई। 20 बच्चों को बचाया गया है।
जम्मू-कश्मीर के कोकेरनाग के गडोले के वन क्षेत्र में तलाशी अभियान जारी है। अभियान के दौरान गोलियों की आवाज़ सुनाई दी। इस ऑपरेशन के दौरान कर्नल मनप्रीत सिंह, मेजर आशीष और डीएसपी हुमायूं भट्ट वीरगति को प्राप्त हुए हैं।
केरल के कोझिकोड में निपाह वायरस का कहर बढ़ता जा रहा है। यहां 2 लोगों की मौत के बाद अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने 7 ग्राम पंचायतों को कंटेनमेंट जोन बना दिया है। निपाह वायरस का ‘बांग्लादेश वेरिएंट’ केरल के कोझिकोड जिले में तेजी से फैल रहा है। इसका 5वां केस सामने आया है। इसके बाद जिला प्रशासन ने अगले 2 दिन सभी शिक्षण संस्थानों को बंद कर दिया है।
अनंतनाग मुठभेड़ पर शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) की सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा, "कल जो हुआ है बहुत ही निंदनीय है। जवानों की शहादत हुई। उसी समय बीजेपी के हेडक्वार्टर में जश्न मनाया जा रहा था। भारत पाकिस्तान का मैच कुछ दिन पहले भी हुआ है। पाकिस्तान जब आतंकी माहौल बनाता है तो उनके साथ किसी प्रकार का संवाद नहीं होना चाहिए चाहे वे खेल के मैदान पर ही क्यों ना हो। भाजपा वे सरकार जो पहले कहती थी 56 इंच का सीना दिखाएंगे और बिना बुलावे के पाकिस्तान चल जाते हैं। शपथ ग्रहण पर उनके(पाकिस्तान) प्रधानमंत्री को बुलाया गया। अगर अब कोई मैच होता है तो हम उसका विरोध करेंगे।"
जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में कल आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ के दौरान कर्नल मनप्रीत सिंह, मेजर आशीष धोनक और डीएसपी हुमायूं भट्ट की मृत्यु पर जम्मू में डोगरा फ्रंट ने पाकिस्तान के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और नारे लगाए।
मेजर आशीष धोनक के चाचा दिलावर सिंह ने बताया, "वो अपने माता-पिता का अकेला बेटा था, उनकी 3 बहनें थीं। आशीष की एक 2.5 साल की बेटी भी है। वे अक्टूबर में घर आने वाले थे।"
अनंतनाग मुठभेड़ में वीर गति को प्राप्त कर्नल मनप्रीत सिंह के ससुर जगदेव सिंह ने बताया, "हमें इस बारे में कल शाम पता चला। उनके दो बच्चे हैं। अभी उनको सेना मेडल भी मिला था। बताया जा रहा है कि 4-5 बजे तक उनका शव मोहाली पहुंच जाएगा। अभी उनकी पत्नी कुछ बोलने की हालात में नहीं है।"
मौसम विभाग ने देश के कई हिस्सों मे बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। आईएमडी के मुताबिक, 14 सितंबर और 15 सितंबर को पूर्वी भारत के राज्यों में मॉनसून सक्रिय रहेगा। मध्य भारत में 14 से 17 सितंबर और पश्चिमी भारत में 15 से 17 सितंबर को मॉनसूनी बारिश की गतिविधियां देखने को मिलेंगी। इसके अलावा, राजस्थान और उत्तराखंड में भी बारिश होगी। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में 15 सितंबर से बारिश की तीव्रता बढ़ सकती है। रविवार तक दिल्ली में हर रोज बारिश का पूर्वानुमान है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 14 Sep 2023, 7:47 AM IST