
उत्तर प्रदेश के देवरिया में जमीन विवाद में दो पक्षों के बीच हुए संघर्ष में मारे गए पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रेम यादव के घर पर तहसीलदार द्वारा बुल्डोजर चलाने के आदेश पर इलाहाबाद हाईकोर्ट ने रोक लगा दी है।
आरएसएस द्वारा दायर एक रिट याचिका पर मद्रास उच्च न्यायालय की पीठ ने आरएसएस को 22 और 29 अक्टूबर को राज्य में रूट मार्च आयोजित करने की अनुमति दे दी है। अदालत ने राज्य सरकार को आरएसएस के मार्च के लिए पर्याप्त सुरक्षा प्रदान करने का भी निर्देश दिया।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को मिजोरम में कहा कि भारत जोड़ो यात्रा ने भारत की सोच का जश्न मनाया और बीजेपी ने मणिपुर में उस सोच को नष्ट कर दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मिजोरम में बीजेपी और एमएनएफ को ऐसा नहीं करने देगी।
मध्य प्रदेश कांग्रेस के नेता जीतू पटवारी ने कहा कि झूठ और शिवराज सिंह चौहान एक दूसरे के पर्यायवाची बन गए हैं। अगर आप गूगल पर सर्च करेंगे कि प्रदेश में कौन सा नेता सबसे ज्यादा झूठ बोलता है तो शिवराज सिंह चौहान का नाम आएगा। उन्होंने अपने काम के कारण यह हासिल किया है। सूची (चुनाव उम्मीदवारों की) आने के बाद, कांग्रेस पार्टी का कोई भी नेता नहीं बचा है।
यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग के प्रमुख ने सोमवार को कहा कि भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) का स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराने और लोकतांत्रिक तरीके से निर्वाचित प्रबंध समिति स्थापित करने के बाद उस पर से प्रतिबंध हटा लिया जायेगा। हालांकि उन्होंने इसके लिए कोई समय सीमा नहीं बताई।
इजराइल से भारतीय नागरिकों को निकालने के लिए ऑपरेशन अजय के तहत रविवार को दिल्ली से तेल अवीव के लिए रवाना हुई स्पाइसजेट की एक उड़ान में तकनीकी समस्या आ गई। एक सूत्र ने सोमवार को यह जानकारी दी।
श्री जगन्नाथ मंदिर के सभी चार दरवाजे और रत्न भंडार खोलने की मांग को लेकर विपक्षी कांग्रेस पार्टी ने सोमवार को ओडिशा के पुरी शहर में एक रैली आयोजित की। गुंडिचा मंदिर से श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन (एसजेटीए) के कार्यालय तक रैली में कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ताओं और शीर्ष नेताओं ने भाग लिया।
ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी (ओपीसीसी) के अध्यक्ष शरत पटनायक ने कहा कि पिछले 24 साल से राज्य में शासन कर रही राज्य सरकार भगवान जगन्नाथ के मंदिर के चारों दरवाजे नहीं खोल रही है। वे रत्न भंडार को उसकी मरम्मत और उसके अंदर मौजूद कीमती सामान के भंडारण के लिए नहीं खोल रहे हैं।
झारखंड के हाई स्कूलों के लिए नवनियुक्त 827 शिक्षकों को सोमवार को रांची में आयोजित एक सरकारी समारोह में सीएम हेमंत सोरेन की मौजूदगी में नियुक्ति पत्र सौंपा गया। इनमें से 24 शिक्षकों को सीएम ने खुद अपने हाथों से अपॉइंटमेंट लेटर प्रदान किया।
सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को कथित दिल्ली आबकारी नीति घोटाले में दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसौदिया की जमानत याचिका पर सुनवाई फिर से शुरू की। इस दौरान शीर्ष अदालत को बताया गया कि ईडी इस मामले में आम आदमी पार्टी (आप) को आरोपी बनाने पर विचार कर रहा है।
सार्वजनिक क्षेत्र की नौकरियों के निजीकरण की सरकार की नीति के विरोध में भीम आर्मी के एक कार्यकर्ता ने महाराष्ट्र भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता व कैबिनेट मंत्री चंद्रकांत पाटिल पर स्याही फेंक दी।
समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव सोमवार को देवरिया जिले के रुद्रपुर क्षेत्र के फतेहपुर गांव पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से कहा कि बीजेपी की नियत साफ दिखाई दे रही है, यह लोग देश को बर्बाद करना चाहते हैं। यही हाल रहा तो लोग अपना वोट नहीं डाल पाएंगे। जिस तरह से यह घटना हुई है। उत्तर प्रदेश में कहीं और नहीं दिखी, घटना के प्रति आम जनमानस में आक्रोश है।
महाराष्ट्र के अहमदनगर और नारायणपुर स्टेशनों के बीच दोपहर 3 बजे 8 डिब्बों वाली डेमू ट्रेन के 5 डिब्बों में आग लग गई। किसी के घायल होने या मौत की सूचना नहीं है। आग लगने पर सभी यात्री ट्रेन से उतर गए थे। जलते डिब्बों के अंदर कोई भी व्यक्ति नहीं फंसा। रेलवे अधिकारियों द्वारा अग्निशामकों को बुलाया गया।
देवरिया घटना पर समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश "जो सरकार शून्य सहिष्णुता की बात करती थी, उसे कई अधिकारियों को निलंबित करना पड़ा। यदि अधिकारियों को निलंबित करना पड़ा है तो सरकार ये बात स्वीकर कर रही है कि इस मामले में अधिकारियों की नाकामी रही है... देवरिया कांड शासन-प्रशासन और न्याय के लिए एक चुनौती है..."
दिल्ली NCR में आज सुबह से ही बादल छाए हुए हैं। आज शाम से दिल्ली में हल्की बारिश और आंधी तूफान होने की संभावना है... कल यानी मंगलवार को दिल्ली में बादल छाए रहेंगे
बिहार के वैशाली जिले के सराय थाना क्षेत्र में सोमवार को बेखौफ बदमाशों ने वाहन जांच के दौरान एक पुलिस जवान (कांस्टेबल) को गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई।
IOC ने 2028 लॉस एंजिल्स गेम्स में क्रिकेट और चार अन्य नए खेलों को शामिल करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी। IOC के दो सदस्यों ने इसका विरोध किया और एक ने मतदान में हिस्सा नहीं लिया।
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, "कुछ महीने पहले मैं मणिपुर गया था। मणिपुर के विचार को बीजेपी ने नष्ट कर दिया है। अब वह एक राज्य नहीं बल्कि दो राज्य हैं। लोगों की हत्याएं की गई हैं, महिलाओं से छेड़छाड़ की गई और बच्चों की हत्या कर दी गई लेकिन प्रधानमंत्री को वहां यात्रा करना महत्वपूर्ण नहीं लगा..."
WFI के पूर्व अध्यक्ष और भाजपा सांसद बृज भूषण शरण सिंह पहलवानों द्वारा दर्ज कथित यौन उत्पीड़न मामले की सुनवाई के लिए दिल्ली के राउज़ एवेन्यू कोर्ट पहुंचे।
मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस की पहली सूची जारी करने पर मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा, "मध्य प्रदेश की जनता को एहसास हो रहा है कि किस प्रकार उनके साथ खिलवाड़ हो रहा है और कैसे प्रदेश को चौपट बनाया गया है....बीजेपी अपनी चिंता करें हमारी चिंता न करें।"
कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार और कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल बेंगलुरु में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर पहुंचे।
उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में भूकंप आया है।यहां आज सुबह 9 बजकर 11 मिनट पर 4 की तीव्रता का भूकंप आया है।
गुजरात: जूनागढ़ जा रही राज्य परिवहन की एक बस कल रात लखतर तालुका के वाना गांव के पास पलट गई, इस हादसे में 40 से अधिक यात्री घायल हो गए।
इजराइल में हमास के हमलों से अब तक 1400 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं इजराइल के पलटवार से गाजा में 2400 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। जानकारी के अनुसार, मलबे में 1000 के करीब लोग दबे हुए हैं।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 16 Oct 2023, 7:58 AM IST