
मणिपुर में पिछले 24 घंटों के दौरान अलग-अलग घटनाओं में एक व्यक्ति और उसके बेटे सहित कम से कम चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, 61 वर्षीय ओइनम बमोलजाओ और उनके 35 वर्षीय बेटे ओइनम मैनिटोम्बा को गुरुवार को बिष्णुपुर जिले में संदिग्ध उग्रवादियों ने मार डाला। गांव के 54 वर्षीय स्वयंसेवक थियाम सोमेन को भी गुरुवार को उसी जिले में प्रतिद्वंद्वी समुदाय के सशस्त्र कैडरों ने गोली मार दी थी।
पुलिस ने कहा कि बुधवार रात कांगपोकपी जिले की सीमा से लगे इंफाल पश्चिम जिले के कांगचुप में दो युद्धरत समुदायों के बीच गोलीबारी में एक अन्य गांव के स्वयंसेवक ताखेललंबम मनोरंजन (26) की मौत हो गई और एक अन्य स्वयंसेवक, मंगशताबम वांगलेन गोली लगने से घायल हो गए। हिंसा की ताजा घटनाएं बुधवार देर रात मणिपुर के थौबल जिले में अज्ञात सशस्त्र हमलावरों द्वारा सुरक्षा बलों पर गोलीबारी के बाद हुईं, जिसमें बीएसएफ के तीन जवान गोली लगने से घायल हो गए।
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक व दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने ईडी के चौथे समन को गैरकानूनी और अमान्य बताया। गुरुवार को उन्हें ईडी के समक्ष पेश होना था। ईडी अभी तक मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को कई नोटिस भेज चुकी है। इस पर केजरीवाल का कहना है कि कानून की नजर में ईडी के चारों नोटिस गैरकानूनी और अमान्य हैं।
ट्रेन में सफर कर रहे एक बगैर टिकट के पैसेंजर को टीटीई ने बुरी तरीके से पीटा। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। लोगों ने टीटीई के खिलाफ कार्रवाई की बात की, जिसके बाद एक्शन लिया गया और टीटीई को सस्पेंड कर दिया गया।
मराठा आरक्षण मुद्दे पर रुख कड़ा करते हुए शिवबा संगठन के नेता मनोज जरांगे-पाटिल ने गुरुवार को महाराष्ट्र सरकार पर "अंतिम समय में वादे करके" समुदाय को धोखा देने की कोशिश का आरोप लगाया और दोहराया कि मराठा 20 जनवरी से मुंबई के लिए मार्च करेंगे।
गुजरात के वडोदरा की हरनी मोटनाथ झील में आज शाम बच्चों को ले जा रही एक नाव पलट गई। अब तक 10 लोगों को बचाया जा चुका है। सभी को शहर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गणतंत्र दिवस समारोह से पहले दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) ने शुक्रवार से सभी स्टेशनों पर कड़े सुरक्षा उपायों की घोषणा की और दोहरी जांच के कारण स्टेशनों पर पीक आवर्स के दौरान लंबी कतारें लगने की आशंका के बारे में आगाह किया।
दिल्ली की एक अदालत ने गुरुवार को 13 दिसंबर 2023 को संसद सुरक्षा उल्लंघन मामले में छह आरोपियों में से एक नीलम आजाद को जमानत देने से इनकार कर दिया। पटियाला हाउस कोर्ट की अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश हरदीप कौर ने मंगलवार को मामले में फैसला सुरक्षित रख लिया था।
दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को आज़ाद की जमानत याचिका का विरोध करते हुए कहा था कि सामग्री और दस्तावेजी साक्ष्य अपराध में उसकी संलिप्तता को दर्शाते हैं, जिससे वह जमानत पर रिहाई के लिए अयोग्य हो जाती है।
पुलिस ने तर्क दिया था कि आरोपी के खिलाफ उचित आधार हैं और चल रही जांच को देखते हुए जमानत नहीं दी जानी चाहिए।
तृणमूल कांग्रेस नेता महुआ मोइत्रा ने गुरुवार को दिल्ली उच्च न्यायालय में याचिका दायर कर सरकारी बंगला खाली करने के संपदा निदेशालय के नोटिस को चुनौती दी। यह नोटिस सांसद के तौर पर उन्हें आवंटित बंगले के बारे में है जिसका आवंटन लोकसभा से उनके निष्कासन के बाद रद्द कर दिया गया था।
ओडिशा के बरगढ़ जिले के बिरजाम गांव में बुधवार को जमीन पर सो रहे चार मजदूरों के ऊपर एक बोरवेल ड्रिलिंग कंपनी का ट्रक चढ़ गया, जिससे उनकी मौत हो गई। इस हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान अपने संबोधन में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, "हिंसा को असम से बेहतर कोई नहीं समझता है। एक समय हुआ करता था जब आप लोग बाहर नहीं निकल सकते थे। हिंसा थी, नफरत फैली हुई थी और लोगों की हत्या हो रही थी। याद रखिए कि उस समय कांग्रेस पार्टी खड़ी थी जिसने हिंसा को खत्म किया और असम के लोगों को जोड़ा। आज भाजपा और मुख्यमंत्री असम को बांटने का काम कर रहे हैं... आज देश में सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री असम के मुख्यमंत्री हैं।"
मध्य प्रदेश की व्यापारिक नगरी इंदौर में कोचिंग में पढ़ाई करते हुए एक छात्र बैठे-बैठे गिर गया और उसकी मौत हो गई। मौत की वजह कार्डियक अरेस्ट माना जा रहा है। इस घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है।
श्रीनगर में संभागीय आयुक्त विजय कुमार बिधूड़ी ने कहा, "26 जनवरी और 15 अगस्त हमारे लिए महत्वपूर्ण दिन होते हैं। पुन: हमने बख्शीश स्टेडियम को चुना है। पानी और टॉयलेट की व्यवस्था की गई है। इस बार कोई प्रतिबंध नहीं होंगे। जिस तरह से हमने 15 अगस्त मनाया था उसी तरह से हम 26 जनवरी भी मनाएंगे।"
पटना में कार्यपालक पदाधिकारी पर हुए हमले पर बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा, "कल ही हमारे संज्ञान में यह मामला आया और मैंने SSP को फोन कर सख्त से सख्त कार्रवाई करने को कहा... दोषी जो भी होगा उस पर कार्रवाई होगी। जिसकी भी गलती होगी उसे सज़ा मिलेगी..."
जम्मू कश्मीर के राजौरी जिले के नौशेरा में एलओसी पर बारूदी सुरंग में जबरदस्त विस्फोट हुआ है। इस विस्फोट में भारतीय सेना के 3 जवान घायल हो गए हैं।
कांग्रेस महासचिव (संचार) जयराम रमेश ने कहा, "भारत में मंदिर, मस्जिद, गिरिजाघर, बौद्ध विहार, जैन मंदिर भी है। हम सभी धर्मों का सम्मान करते हैं, सभी का जश्न मनाते हैं। 22 जनवरी का समारोह एक राजनैतिक समारोह है। इसलिए कांग्रेस पार्टी ने कहा कि हम इस स्थिति में नहीं हैं कि यह निमंत्रण स्वीकारें लेकिन इसका अर्थ यह नहीं है कि हम मंदिर, मस्जिद, गिरिजाघर नहीं जा सकते। हम धर्म विरोधी नहीं है, हम असली लोग हैं जो धर्म का पालन करते हैं क्योंकि धर्म का राजनीतिकरण करना धर्म को नीचे गिराता है, यह भाजपा, RSS करती है।"
हवाई हमलों को लेकर पाकिस्तान और ईरान के बीच तनाव पर रक्षा विशेषज्ञ क़मर आगा ने कहा, ''पाकिस्तान न केवल जम्मू-कश्मीर में बल्कि ईरान और विशेष रूप से ईरान के बलूचिस्तान प्रांत में आतंकवाद को बढ़ावा दे रहा है। पाकिस्तान लंबे समय से दूसरे देशों के मुद्दों में दखल देता रहा है. हम पाकिस्तान की हरकतों से अच्छी तरह वाकिफ हैं।”
आरजेडी सांसद मनोज झा ने कहा, "महात्मा गांधी से बड़ा हिंदु मेरी नजर में नहीं है, जिस व्यक्ति को गोली लगी लेकिन फिर भी वे 'हे राम' कहते हुए दुनिया से विदा हुए। उन्होंने कभी राजनीति और धर्म का घालमेल नहीं किया। वे जानते थे कि राजनीति में धार्मिकता धर्मांधता में तब्दील हो जाती है... आज इस देश में कई महीनों से रोजगार पर बात नहीं हो रही है। 2014 में PM मोदी रोजगार के वादे पर आए थे, राम मंदिर पर नहीं। वे जानते हैं वे असफल हुए तभी उन्होंने इससे अपनी असफलता को छुपाने की कोशिश की है।"
चंडीगढ़ मेयर चुनाव स्थगित करने पर आम आदमी पार्टी के नेता राघव चड्ढा ने कहा कि महापौर चुनाव में इंडिया गठबंधन को स्पष्ट बहुमत है। गठबंधन और बीजेपी के बीच यह पहली चुनावी लड़ाई है और इसमें गठबंधन की स्पष्ट जीत हुई है। 36 वोटों में से, इंडिया गठबंधन के पास 20 से अधिक वोट हैं, जबकि बीजेपी के पास 14 से 15 वोट हैं।
कांग्रेस महासचिव (संचार) जयराम रमेश ने कहा, "हम असम में 7 दिन रहेंगे। राज्य सरकार की ओर से खूब प्रयास किया जा रहा है कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा सफल न हो लेकिन हमें पूरा विश्वास है कि असम की महिलाएं, युवा और सभी लोग भारत जोड़ो न्याय यात्रा का संदेश सुनेंगे।"
कर्नाटक सरकार में मंत्री दिनेश गुंडू राव ने JDS-बीजेपी गठबंधन पर कहा, "कर्नाटक में कांग्रेस का स्पष्ट कहना है कि हम अपनी ताकत पर लोकसभा चुनाव लड़ेंगे। हमने देखा जब हमने JDS के साथ गठबंधन किया और लोकसभा चुनाव लड़ा तो क्या हुआ। वह बिल्कुल भी काम नहीं किया। BJP और JDS मिलकर जो करते हैं वह उनका काम है, हमारा नहीं।"
बिलकिस बानो मामले में 11 दोषियों में से तीन ने जेल अधिकारियों के सामने आत्मसमर्पण करने के लिए समय बढ़ाने की मांग करते हुए सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। दोषियों के वकील द्वारा तत्काल सुनवाई के लिए उनकी याचिका का उल्लेख करने के बाद सुप्रीम कोर्ट उनकी याचिका को सूचीबद्ध करने पर सहमत हुआ क्योंकि आत्मसमर्पण करने का समय 21 जनवरी को समाप्त हो रहा है।
असम में लोगों को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि मणिपुर में सिविल वॉर का माहौल बना हुआ। लेकिन प्रधानमंत्री मणिपुर नहीं गए। नागालैंड में उन्होंने बड़े वादे किए थे। लोग आज पूछ रहे हैं प्रधानमंत्री के वादे का क्या हुआ। शायद हिंदुस्तान की सबसे भ्रष्ट सरकार असम में चलती है।
ईरान द्वारा की गई एयरस्ट्राइक का पाकिस्तान ने जवाब दिया है। पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक, पाकिस्तान ने ईरान में कई आतंकवादी ठिकानों पर हमला किया है। यह हमला कब और कहां पर किया गया, इसे लेकर अभी तक कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक, ईरान में बीएलए आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाकर यह हमले किए गए हैं। पाकिस्तान दावा करता है कि ईरान के अंदर बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) बलूचिस्तान लिबरेशन फोर्स (BLF) जैसे बलूच अलगाववादी उग्रवादी समूह सक्रिय हैं, जो पाकिस्तान विरोधी गतिविधियों को अंजाम देते हैं।
दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में कड़ाके की सर्दी जारी है। कई राज्य कोहरे और शीतलहर की चपेट में हैं। दिल्ली में तापमान लगातार 4 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है। राजधानी में घने कोहरे और जीरो विजिबिलिटी के चलते कई फ्लाइट्स और ट्रेनें लेट चल रही हैं।
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और उत्तराखंड में आज बर्फबारी की संभावना है। राजस्थान, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, पंजाब और हरियाणा में कोल्ड वेव का अलर्ट जारी किया गया है। मध्य प्रदेश में सीवियर कोल्ड और बिहार में कोल्ड डे का अलर्ट है। मौसम विभाग के मुताबिक, फिलहाल ठंड और कोहरे से राहत के लिए और इंतजार करना पड़ेगा।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 18 Jan 2024, 7:54 AM IST