
ग्रेटर नोएडा के बिलासपुर कस्बे में शुक्रवार शाम एक बुजुर्ग की निर्मम हत्या कर दी गई। आरोपित ने बुजुर्ग को सिर पर तवे से वार कर घायल कर दिया। वारदात को अंजाम देकर आरोपित मौके से फरार हो गया। बताया जाता है कि पुरानी रंजिश के कारण बुजुर्ग की हत्या की गई है।
टाटा स्टील ने शुक्रवार को कहा कि वह इस साल के अंत तक ब्रिटेन में अपने संयंत्र में दो ब्लास्ट फर्नेस को बंद कर देगी, जिसके परिणामस्वरूप वेल्स में कंपनी के पोर्ट टैलबट संयंत्र में 2,800 लोगों की नौकरियां चली जाएंगी।
तटीय राज्य गोवा के एक सर्विस अपार्टमेंट में अपने चार वर्षीय बेटे की कथित तौर पर हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार, बेंगलुरु स्थित एआई कंपनी की 39 वर्षीय सीईओ को कोर्ट ने 13 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
आम आदमी पार्टी (आप) के अध्यक्ष और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को गोवा के लोगों से 'इंडिया' ब्लॉक के लिए वोट करने की अपील की।
अयोध्या में राम मंदिर 'प्राण प्रतिष्ठा' समारोह के मद्देनजर राजस्थान सरकार ने 22 जनवरी को राज्य के सभी बूचड़खानों और मांस और मछली की दुकानों को बंद करने का आदेश जारी किया है।
राजधानी शुक्रवार को भी शीतलहर की चपेट में रही और दिन में अधिकतम तापमान 14.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो मौसमी औसत से पांच डिग्री कम है, जबकि सुबह न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री सेल्सियस था, जो औसत से एक डिग्री कम है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने कहा कि शनिवार को न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है, जबकि घना से बहुत घना कोहरा और ठंड से गंभीर ठंड का दिन होने की संभावना है।
विभाग ने शुक्रवार को एक रेड अलर्ट भी जारी किया, जिसमें कहा गया कि अगले पांच दिन उत्तर भारत में घने से बहुत घने कोहरे की स्थिति बनी रहने की संभावना है, जबकि अगले तीन दिन क्षेत्र में ठंडे दिन से लेकर गंभीर ठंडे दिन की स्थिति बनी रहने की संभावना है।
बिहार के नवादा जिला के नगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार की शाम अपराधियों ने एक ब्यूटी पार्लर में घुस कर पार्लर की संचालिका की कई बार चाकू से गोदकर निर्मम तरीके से हत्या कर दी और फरार हो गए। पुलिस अब मामले की छानबीन में जुटी है।
सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को गुजरात उच्च न्यायालय द्वारा 2022 में मोरबी पुल ढहने की घटना के मुख्य आरोपी को जमानत देने के आदेश में हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया, जिसमें 135 लोगों की मौत हो गई थी।
शिवसेना (यूबीटी) विधायक आदित्य ठाकरे ने कहा कि ईडी, आईटी और सीबीआई एनडीए का हिस्सा हैं। महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष के फैसले ने बीजेपी की साजिश को उजागर कर दिया है इसलिए उन्होंने (ईडी) कार्रवाई शुरू कर दी है। सूरज चव्हाण को गिरफ्तार कर लिया गया है, किशोरी पेडनेकर और राजन साल्वी जैसे नेताओं पर दबाव डाला जा रहा है, उन्हें बीजेपी में शामिल होने के ऑफर मिलते रहते हैं। लेकिन ये लोग बहादुर हैं और उनके पास छिपाने के लिए कुछ नहीं है। जिनके पास छिपाने के लिए चीजें होती हैं वे वॉशिंग मशीन के पास जाते हैं।
एनसीआर में लग्जरी वाहन चोरी करने वाले गिरोह का नोएडा पुलिस ने भंडाफोड़ किया है और चार लोगों को गिरफ्तार कर लग्जरी गाड़ियां बरामद की है।
थाना सेक्टर-63 नोएडा पुलिस द्वारा एनसीआर व आस-पास के क्षेत्रों में रेकी कर लग्जरी कार चोरी करने वाले अन्तर्राज्यी गैंग के चार बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान वसीम, रहीस, मोइन और विक्रम के रूप में हुई है। पुलिस ने इन चारों को सेक्टर-63ए के गेट नंबर-1 चौकी क्षेत्र बहलोलपुर के पास से गिरफ्तार किया है।
नोएडा में दिनदहाड़े एयर इंडिया कर्मचारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्यारे बाइकों पर सवार होकर आए थे और जैसे ही एयर इंडिया का कर्मचारी जिम के बाहर निकाला और अपनी गाड़ी स्टार्ट कर रहा था, उसी वक्त उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दी।
गुजरात के वडोदरा में गुरुवार को हुए नाव हादसे में 14 मौतों को लेकर प्रशासन ने सख्ती बरती है। शुक्रवार को पुलिस ने इस मामले में 18 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया। वहीं, 6 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
एक आधिकारिक अधिसूचना में कहा गया कि ओडिशा विधानसभा का बजट सत्र 5 फरवरी से शुरू होगा। सप्ताह भर चलने वाला सत्र राज्यपाल रघुवर दास के अभिभाषण के साथ शुरू होगा और 13 फरवरी तक चलेगा। पांच कार्यदिवस वाले सत्र के दौरान राज्य के वित्त मंत्री बिक्रम केशरी अरुखा 8 फरवरी को वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए अंतरिम बजट पेश करेंगे।
लेखानुदान के लिए विनियोग विधेयक 9 फरवरी को पेश किया जाएगा। विधानसभा चुनाव से पहले 16वीं ओडिशा विधानसभा का यह आखिरी सत्र होगा।
आईएएनएस
बलात्कार और हत्या के दोषी हरियाणा में 20 साल की सजा काट रहे डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को चार साल में नौवीं बार शुक्रवार को 50 दिन की पैरोल दी गई। पैरोल के बाद वह उत्तर प्रदेश के बागपत में अपने संप्रदाय के डेरा में रहेगा।
जेल से उसकी आखिरी रिहाई नवंबर 2023 में 21 दिनों के लिए हुई थी। पिछले साल उसे तीन बार पैरोल दी गई थी। अब तक उसे 184 दिनों की पैरोल और फर्लो दी गई है।
बलात्कार और हत्या के मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद वह अगस्त 2017 से सुनारिया जेल में बंद है। हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश में उसके बड़ी संख्या में अनुयायी हैं। जेल मैनुअल के मुताबिक, एक दोषी एक साल में 70 दिन की पैरोल का हकदार है।
कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने राजीव गांधी युवा मित्रों को हटाने के आदेश के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे युवाओं से मुलाकात की। उन्होंने कहा, "मेरा आग्रह है कि अगर नौकरी बढ़ा नहीं सकते तो लोगों के रोज़गार खत्म न करें। जिन लोगों को नौकरी पर रखा गया था, उन्हें हटाया न जाए। अगर आपको योजना के नाम से परहेज है, उसपर चर्चा करें। लोगों से रोज़गार छीन लेना सरकार का ग़लत कदम है।"
नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता और जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला ने कहा, "भगवान राम क्या सिर्फ बीजेपी के हैं?... वे(बीजेपी) कौन हैं किसी को बुलाने वाले? वे क्यों निमंत्रण दे रहे हैं? क्या भगवान राम के मंदिर में जाने के लिए आपको निमंत्रण चाहिए? मैें उमरा के लिए जा रहा हूं। क्या मुझे वहां से चिट्ठी आनी चाहिए?..."
पश्चिम बंगाल कांग्रेस अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी ने कहा, "राम राज्य का मुख्य आधार होता है न्याय। राम का नाम सामने रखकर चुनावी रोटी सेंकने वाली पार्टियां देश में भेदभाव की राजनीति करती रहेंगी, ये उनके बयान में दिखता है। प्रधानमंत्री कह दें कि हमारे देश में हिंदू के अलावा कोई और नहीं रहेगा। उनके डबल इंजन सरकार के मुख्यमंत्री अगर कहे कि 'मियां यात्रा' मतलब मुस्लमान से नफरत करो। इनके बयान का मुख्य उद्देश्य यही है। राहुल गांधी की यात्रा में भीड़ उमड़ रही है इससे असम के मुख्यमंत्री बौखलाए हुए हैं जो एक जमाने में राहुल गांधी के दर्शन के लिए घंटों खड़े रहते थे।"
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने 'वन नेशन वन इलेक्शन' के लिए उच्च स्तरीय समिति के सचिव को पत्र लिखा है, उन्होंने अपने पत्र में कहा है कि कांग्रेस 'वन नेशन वन इलेक्शन' के विचार का कड़ा विरोध करती है।
दिल्ली के उत्तम नगर के हस्तसाल इलाके में एक सरकारी स्कूल की दीवार पर खालिस्तान समर्थक नारे लिखे मिले हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत ने कहा, "वे (पीएम नरेंद्र) महाराष्ट्र में बार-बार इसलिए नहीं आ रहे हैं कि उनका प्यार बार-बार यहां उमड़ रहा है या उत्तर प्रदेश से इन्हें प्यार है। उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र में लोकसभा की सीटें ज्यादा हैं इसलिए वे जा रहे हैं। 2024 के चुनाव में महाराष्ट्र एक निर्णायक भूमिका तय करेगा। यहां की सरकार नाकाम है वे भाजपा को वोट नहीं दिला सकती। इसलिए पीएम बार-बार आ रहे हैं। यहां शरद पवार, उद्धव ठाकरे और राहुल गांधी का जो गठबंधन है वे 40 से ज्यादा सीटें महाराष्ट्र में जीत रहे हैं।"
दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में सर्दी के बीच कोहरे की मार जारी है। राजधानी दिल्ली में ठंड से बचने के लिए लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं। वहीं, कोहरे की वजह से विजिबिलिटी कम हो गई है। इसका असर ट्रेनों और उड़ानों पर पड़ा है। दिल्ली आने वाली 22 ट्रेनें लेट चल रही हैं। वहीं आईजीआई एयरपोर्ट पर कई उड़ाने लेट चल रही है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 19 Jan 2024, 8:07 AM IST