
विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने कहा, "इस आतंकवादी हमले की गंभीरता को समझते हुए, सुरक्षा मामलों की कैबिनेट समिति (CCS) ने निम्नलिखित उपायों पर निर्णय लिया- 1960 की सिंधु जल संधि को तत्काल प्रभाव से स्थगित रखा जाएगा, जब तक कि पाकिस्तान विश्वसनीय और अपरिवर्तनीय रूप से सीमा पार आतंकवाद के लिए अपने समर्थन को त्याग नहीं देता।
2) एकीकृत चेकपोस्ट अटारी को तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया जाएगा। जो लोग वैध तरीके के साथ सीमा पार कर चुके हैं, वे 1 मई 2025 से पहले उस मार्ग से वापस आ सकते हैं।
3) पाकिस्तानी नागरिकों को SAARC वीजा छूट योजना के तहत भारत की यात्रा करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। पाकिस्तानी नागरिकों को अतीत में जारी किए गए किसी भी SPES वीजा को रद्द माना जाएगा। SPES वीजा के तहत वर्तमान में भारत में मौजूद किसी भी पाकिस्तानी नागरिक के पास भारत छोड़ने के लिए 48 घंटे हैं।
4) नई दिल्ली में पाकिस्तानी उच्चायोग में रक्षा, सैन्य, नौसेना और वायु सलाहकारों को अवांछित व्यक्ति घोषित किया जाता है। उनके पास भारत छोड़ने के लिए एक सप्ताह का समय है।
5) भारत इस्लामाबाद स्थित भारतीय उच्चायोग से अपने रक्षा, नौसेना और वायु सलाहकारों को वापस बुलाएगा। संबंधित उच्चायोगों में ये पद निरस्त माने जाएंगे।
पहलगाम आतंकी हमले को लेकर पीएम मोदी की अध्यक्षता में हुई सीसीएस की बैठक खत्म हो गई है। यह बैठक करीब ढाई घंटे तक चली।
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला श्रीनगर स्थित अपने आवास पर पहुंचे। वे यहां कैबिनेट की बैठक करेंगे।
पहलगाम आतंकवादी हमले पर अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा, "इस भयानक आतंकवादी हमले से प्रभावित लोगों के प्रति हमारी संवेदनाएं। राष्ट्रपति ट्रंप ने पहले ही प्रधानमंत्री मोदी से बात की है। हम सरकार और भारत के लोगों को जो भी सहायता और मदद दे सकते हैं, वह दे रहे हैं।"
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में CCS की बैठक शुरू हो गई। बैठक में गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, विदेश मंत्री एस जयशंकर और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण मौजूद हैं। सवाल यह है कि क्या पाकिस्तान को लेकर होगा कोई बड़ा फैसला!
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कल सर्वदलीय बैठक बुलाई है। पत्र में लिखा है, "पहलगाम में हुए हमले के बाद मैंने कल दोपहर सर्वदलीय बैठक बुलाई है। मैंने सभी प्रमुख राजनीतिक दलों, जम्मू-कश्मीर के सभी माननीय सांसदों और जम्मू-कश्मीर विधानसभा में विपक्ष के नेता को निमंत्रण पत्र भेजा है।"
पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए सैयद आदिल हुसैन शाह को अंतिम श्रद्धांजलि देने के बाद मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा, "हम इसकी निंदा करते हैं और इस सदमे से पीड़ित लोगों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हैं। हमारे मेहमान छुट्टियां मनाने के लिए बाहर से आए थे। दुर्भाग्य से, उन्हें ताबूतों में वापस घर भेज दिया गया है। जैसा कि मैंने सुना है, उसने (आदिल) हमले को रोकने की कोशिश की और शायद बंदूक छीनने की भी कोशिश की, और तभी उसे निशाना बनाया गया। हमें इस परिवार का ख्याल रखना है, हमें उनकी मदद करनी है और मैं उन्हें यह आश्वासन देने के लिए यहां हूं कि सरकार उनके साथ खड़ी है और हम उनके लिए जो कुछ भी कर सकते हैं, करेंगे।"
पहलगाम आतंकी हमले पर पर कांग्रेस सांसद और BCCI उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा, "कल जो हमला पहलगाम में हुआ है उसने हमारे दिमाग में एक सोच बना दी है कि अब आतंकवादियों को पूरी तरह समाप्त करने का वक्त आ गया है। हम कड़े शब्दों में इसकी निंदा करते हैं। देश को 140 करोड़ लोग एक जुट होकर आतंकवाद का सफाया करेंगे। जिस तरह से निर्दोष लोगों की हत्या की गई है उसकी जितनी कड़े शब्दों में निंदा की जाए कम है। कायरों की तरह आए और मार कर चले गए। ये भारत बर्दाशत नहीं करेगा। BCCI ने तय किया है कि आज के IPL मैच में ना DJ बजेगा ना आतिशबाजी होगी ना चीयर गर्ल्स होंगी, खिलाड़ी मौन होकर और काली पट्टी बांध कर श्रद्धांजलि देंगे।"
पहलगाम आतंकी हमले में जान गंवाने वाले नेवी अफसर विनय नरवाल का शव दिल्ली एयरपोर्ट लाया गया. इस दौरान उनकी पत्नी ने बिलखते हुए कहा कि हमें आप पर गर्व है
नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी लेफ्टिनेंट विनय नरवाल के पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि देंगे। वे अंतिम संस्कार के लिए करनाल रवाना होंगे। लेफ्टिनेंट विनय नरवाल कल पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले में शहीद हो गए थे।
पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद दिल्ली पुलिस ने दिल्ली में टूरिस्ट प्लेस की सुरक्षा बढ़ाई गई है। दिल्ली की कुतुब मीनार लाल किला जैसी ऐतिहासिक इमारतों की सुरक्षा बढ़ाई गई। दिल्ली के दूसरे पर्यटक स्थलों की भी पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है। दिल्ली की ऐतिहासिक इमारत को देखने के लिए देश-विदेश से पर्यटक हर साल दिल्ली आते हैं।
दिल्ली पुलिस ने दिल्ली के बड़े बाजारों जैसे चांदनी चौक, सदर बाजार, तीस हजारी कोर्ट, सिविल लाइन लाजपत नगर मार्केट, सरोजिनी नगर मार्केट, साउथ दिल्ली मार्केट, राजौरी गार्डन मार्केट की सुरक्षा बढ़ाई है।
AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि पहलगाम में जो कुछ हुआ उसकी कड़ी निंदा करते हैं और हमें उम्मीद है कि सरकार इन आतंकवादियों को सबक सिखाएगी, लेकिन ये इंटेलिजेंस फेलियर है।
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सऊदी अरब दौरा बीच में ही खत्म कर बुधवार सुबह दिल्ली लौट आए हैं। दिल्ली एयरपोर्ट पर ही NSA अजीत डोभाल, विदेश मंत्री एस। जयशंकर और विदेश सचिव ने पहलगाम अटैक को लेकर उनको ब्रीफिंग दी। अब थोड़ी देर में प्रधानमंत्री मोदी सुरक्षा मामलों की कैबिनेट समिति (CCS) की बैठक की अध्यक्षता करेंगे।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 23 Apr 2025, 7:53 AM IST