
भारत में कई यूजर्स को सोशल मीडिया ऐप ट्विटर के इस्तेमाल में परेशानी आ रही है। यूजर्स की शिकायत है कि करीब एक घंटे तक ट्विटर डाउन रहा है। कई यूजर ने दूसरे सोशल मीडिया के जरिये कंपनी के मालिक एलन मस्क से ही इस पर सीधा सवाल पूछ लिया है।
आईसीसी टी20 महिला वर्ल्ड कप 2023 से भारतीय टीम बाहर हो गई है। आज पहले सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया टीम ने भारत को 5 रन से हराकर फाइनल में जगह बना ली। ऑस्ट्रेलिया के 173 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए भारतीय टीम 8 विकेट पर 167 रन ही बना सकी।
कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने एक बयान जारी कर कहा कि पवन खेड़ा की गिरफ्तारी मनमानी और तानाशाही है और रायपुर में कांग्रेस के 85वें अधिवेशन को पटरी से उतारने का एक और कायरतापूर्ण प्रयास है। बीजेपी पूरी तरह से गुमराह है अगर उसे लगता है कि डराने-धमकाने के इस तरह के हथकंडे हमें उसके भ्रष्टाचार और कुशासन को उजागर करने से रोकेंगे।
अमेरिका ने भारतीय मूल के अजय बंगा को विश्व बैंक के नए अध्यक्ष के लिए नामित किया है। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने अजय बंगा को अमेरिका की तरफ से नामित किये जाने की घोषणा की है। अजय बंगा मास्टरकार्ड के पूर्व सीईओ हैं।
उत्तर प्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष और सपा मुखिया अखिलेश यादव ने बिना जातीय जनगणना कराए सबका साथ सबका विकास नारे को साकार कर सकती है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर बोल रहे थे।कहा कि बिना जाति जनगणना के सबका साथ सबका विकास नहीं हो सकता है। उन्होंने कहा कि सरकार को बताना चाहिए कि सरकार इससे पीछे क्यों हट रही है। उन्होंने कहा कि सपा ने पहले भी मांग की है और अब भी इसके पक्ष में हैं कि यूपी में जाति जनगणना की जानी चाहिए।
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने रिहाई के बाद कहा कि, "बिना FIR कॉपी, नोटिस दिए गैर कानूनी तरीके से मुझे गिरफ्तार किया गया। न्याय प्रणाली पर मेरी आस्था है जिसकी वजह से आज मेरी स्वतंत्रता की रक्षा हुई। संवैधानिक मुल्यों को बचाने का संघर्ष राहुल गांधी जिस निडरता से कर रहे हैं,उसमें मैं एड़ी-चोटी का ज़ोर लगाउंगा।"
उत्तरी दिल्ली में एक बस स्टैंड के पास एक व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। एक पुलिस अधिकारी ने गुरुवार को ये जानकारी दी। मृतक की पहचान यहां के बख्तावरपुर निवासी और बिहार के मुजफ्फरपुर के रहने वाले 47 वर्षीय राम प्रवेश पासवान के रूप में हुई है। पासवान मजदूरी करते थे और उनके परिवार में तीन बेटे और एक बेटी है।
जोशीमठ में भू-धंसाव के कारण दरारें पड़ने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शहर का मनोहरबाग वार्ड भू-धंसाव से सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है। यहां खेतों और आम रास्तों पर करीब 300 मीटर लंबी दरारें आई हैं। जिन्हें देखकर स्थानीय लोग हैरान हैं। यहां पर प्रशासन ने जिन जगहों पर पॉलिथीन डाली हुई थी वहां बड़े-बड़े गड्ढे बन रहे हैं। ये गड्ढे चार फीट से अधिक गहरे हैं। बुधवार को टीम दरारों और जगह-जगह पड़े गड्ढों की गहराई को नापने के लिए फीता लेकर पहुंची।
नोएडा पुलिस और बदमाश के बीच हुई है मुठभेड़ इस गढ़ में बाइक सवार बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार किया है पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक इस बदमाश पर लूट के एक दर्जन मामले दर्ज हैं। पुलिस इसके और भी पुराने अपराधिक इतिहास को खाना लेकर कोशिश कर रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक थाना सेक्टर 63 पुलिस और लुटेरे बदमाश के बीच छिजारसी सर्विस रोड ग्रीन बेल्ट के पास हुई मुठभेड में लुटेरा बदमाश सुरेश उर्फ चिंटू पुत्र गंगाराम निवासी दोतापुर बिजली घर के पास आगरा वर्तमान पता किराये का मकान बिलाल मस्जिद वाली गली छिजारसी गोली लगने से घायल व गिरफ्तार किया गया है।
कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि, "आज जो हुआ शायद पहले कभी नहीं हुआ होगा। चलती हुई प्लेन को रोककर पवन खेड़ा को उतारा गया, ये मोदी सरकार की गुंडागर्दी का सबूत है। कोई शब्द कहना धार्मिक भावना भड़काने का षडयंत्र कैसे हो सकता है?"
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि इनके नेतृत्व में संविधान और देश सुरक्षित नहीं है। जब हमारा यहां अधिवेशन हो रहा है तो कभी ED के छापे, कभी इनकम टैक्स के छापे पड़ रहे हैं। ये हमारे अधिवेशन को खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं।
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने पवन खेड़ा के मामले को लेकर रायपुर में प्रेस कॉनफ्रेंस कर कहा कि देश में बोलने की आजादी नहीं है, बल्कि बोलने के बाद की आजादी भी खतरे में है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार कांग्रेस महाधिवेशन को विफल करने की नाकाम कोशिश कर रही है। जयराम रमेश ने कहा कि पहले कांग्रेस नेताओं के घर पर छापा मारा जाता है और आज फिर पवन खेड़ा के साथ जो हुआ उससे साफ है कि मोदी सरकार हर कीमत पर कांग्रेस महाधिवेशन को डिरेल करना चाहती है। कांग्रेस नेता ने अडानी मामले को लेकर भी मोदी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि हमारे खिलाफ जांच करते हैं लेकिन अडानी के खिलाफ कोई एक्शन नहीं लिया जाता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अडानी मामले को लेकर पीएम मोदी से सवाल पूछती रहेगी। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार से कांग्रेस संसद से सड़क तक लड़ रही है। हमलोगों की आवाज सदन में दबाई जा रही है और सदन से बाहर भी। छापे मारकर कांग्रेस को डराने की कोशिश हो रही है, लेकिन हमलोग डरने वाले नहीं। अडानी के मामले को लेकर हम पीएम मोदी से सवाल पूछते रहेंगे।
SP प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार कहती है 1 ट्रिलियन डॉलर की इकोनॉमी हो,उसी सरकार में लॉ एंड ऑर्डर की यह हालत है दूसरा प्रशासन बुलडोजर लेकर जाए और मां-बेटी की जान चली जाए। जब मां-बेटी जल रही थीं तब प्रशासन भाग गया।प्रशासन को उस समय मदद करनी चाहिए थी आखिर कौन है जो बुलडोजर चलवा रहा है?।
पवन खेड़ा को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। पवन खेड़ा को सुप्रीम कोर्ट ने अंतरिम जमानत दी है और सुनवाई के दौरान यह भी कहा है कि उनके खिलाफ जितने भी मामले अलग-अलग जगहों पर दर्ज किए गए हैं उनकी सुनवाई एक साथ की जाएगी।
सुप्रीम कोर्ट ने असम, यूपी पुलिस को कांग्रेस नेता पवन खेड़ा की FIR को एक साथ करने की याचिका पर नोटिस जारी किया। SC ने सुनवाई की अगली तारीख तक याचिकाकर्ता को द्वारका कोर्ट से अंतरिम जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया। SC ने द्वारका कोर्ट को खेड़ा को अंतरिम राहत देने का निर्देश दिया।
मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में बुधवार की रात को बड़ा हादसा हो गया। एक अनियंत्रित बोलेरो वाहन ने बारातियों को रौंद दिया। इस हादसे में दो बारातियों की मौत हो गई है। वहीं तीन गंभीर रुप से घायल हुए है। घटना बुधवार की देर रात का है, खतोरा गांव में गुना के श्यामपुर से बारात आई थी। इस बारात के बीच में अचानक बोलेरो घुस आई। चारों तरफ अफरा-तफरी मच गई और उसने कई लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। यह हादसा तब हुआ जब बारात जा रही थी और बोलेरो पीछे से आकर घुस गई। इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई एवं तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जिला चिकित्सालय से ग्वालियर रेफर कराया गया है।
तमिलनाडु के कृष्णागिरी जिले में गुरुवार को एक सड़क दुर्घटना में तीन महीने के एक शिशु सहित पांच लोगों की मौत हो गई और सात अन्य घायल हो गए। दुर्घटना तब हुई, जब 12 लोगों को ले जा रहा एक ट्रैक्टर, कृषि कार्य के लिए सावलुर गांव से आंध्र प्रदेश के देवकोटा जा रहा था, बेंगलुरु जाने वाली यात्री बस से टकरा गया।
घायल व्यक्तियों में से कुछ को कृष्णागिरी सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। जबकि अन्य को कावेरीपट्टनम पीएचसी में भर्ती कराया गया है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि विपक्ष संसद में मुद्दे उठाए तो नोटिस दिया जाता है। महाधिवेशन के पहले छतीसगढ़ के हमारे नेताओं पर ईडी का रेड कराया जाता है। आज मीडिया चेयरमेन को जहाज़ से ज़बरदस्ती उतारकर गिरफ़्तार किया गया। भारत के लोकतंत्र को मोदी सरकार ने हिटलरशाही बना दिया। हम इस तानाशाही की घोर निंदा करते हैं।
असम पुलिस ने कांग्रेस के नेता पवन खेड़ा को गिरफ्तार किया है। उन्हें दिल्ली की एक अदालत में पेश किया जाएगा और ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाया जाएगा।
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा को दिल्ली हवाईअड्डे पर विमान में चढ़ने से रोके जाने पर छत्तीसगढ़ CM भूपेश बघेल ने कहा कि एक तरफ केंद्र सरकार राज्य में हमको परेशान कर रही है कि हम ठीक से आयोजन न कर पाएं, इसके लिए हमारे कार्यकर्ताओं के घर में छापेमारी की गई। 3 कार्यालय में कल फिर से छापेमारी की गई थी। दूसरी तरफ कांग्रेस के हमारे नेताओं को यहां आने से रोका जा रहा है। पवन खेड़ा को प्लेन से उतारा जाने का मतलब यह है कि भाजपा कांग्रेस के महाधिवेशन से डर गई है।
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि पहले ED ने रायपुर में छापामारी की, अब पवन खेड़ा को दिल्ली पुलिस द्वारा रायपुर के जहाज़ से उतारा गया है। तानाशाही का दूसरा नाम अमितशाही है। मोदी सरकार हमारे राष्ट्रीय महाअधिवेशन को बाधित करना चाहती है। हम डरने वाले नहीं हैं, देशवासियों के लिए संघर्ष करते रहेंगे।
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि मुझे कहा गया कि आपके सामान को लेकर कुछ समस्या है, जबकि मेरे पास केवल एक हैंडबैग है। जब फ्लाइट से नीचे आया तो बताया गया कि आप नहीं जा सकते हैं। फिर कहा गया- आपसे DCP मिलेंगे। मैं काफी देर से इंतजार कर रहा हूं। नियम, कानून और कारणों का कुछ अता-पता नहीं है।
रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि कांग्रेस के साथियों के साथ हम सब इंडिगो की उड़ान 6E204 से महाधिवेशन के लिए रायपुर जा रहे थे हमारे साथी पवन खेड़ा को प्लेन से उतार दिया और अब असम की पुलिस आई है। यह कैसी तानाशाही है? क़ानून व्यवस्था एक आदमी की मनमानी नहीं है हम सब सच के सिपाही हैं, सच के लिए लड़ेंगे।
प्रवर्तन निदेशालय ने एक्साइज घोटाले की चल रही जांच के सिलसिले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के PA को पूछताछ के लिए तलब किया है।
सिकंदराबाद रेलवे पुलिस को कल बम की धमकी मिलने के बाद एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया था, जिसमें कहा गया था कि बेल्लारी एक्सप्रेस में बम रखा गया है। ट्रेन की पूरी तरह से तलाशी ली गई और यह एक फर्जी कॉल निकली। मामला दर्ज़ किया गया है
दिल्ली मेयर शैली ओबरॉय ने कहा कि उन्होंने सदन का सम्मान नहीं किया, उन्होंने फिर से लोकतंत्र का सम्मान नहीं किया। यह शर्मनाक है। हम कल भी शांतिपूर्ण चुनाव की उम्मीद कर रहे हैं। हम क्रॉस वोटिंग से नहीं डरते, दिल्ली के लोगों ने हमें जनादेश दिया है। वे(BJP) चुनाव हार गए हैं,इसलिए वे डरे हुए हैं।
दिल्ली: बीजेपी पार्षदों ने MCD की स्थायी समिति के सदस्यों के चुनाव को लेकर सिविक सेंटर के बाहर विरोध प्रदर्शन किया।
भारी हंगामे के बीच MCD का सदन कल सुबह 10 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया है।
पंजाब: विजिलेंस ब्यूरो ने बठिंडा से AAP विधायक अमित रतन कोटफट्टा को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया है। विजिलेंस की टीम ने उसे रिश्वत लेते पकड़ा था। हाल ही में विधायक के करीबी रिशम गर्ग को विजिलेंस टीम ने 4 लाख रुपए रिश्वत लेते गिरफ्तार किया था।
अफगानिस्तान और तजाकिस्तान में गुरुवार (23 फरवरी) को भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 6.8 मापी गई। USGS के मुताबिक, तजाकिस्तान में सुबह 6:07 बजे रिक्टर पैमाने पर 6.8 तीव्रता का भूकंप आया। हालांकि, अब तक इसमें जानमाल के किसी नुकसान की कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 23 Feb 2023, 8:04 AM IST