
कल अपनी दो देशों की यात्रा समाप्त करने के बाद, ग्रीस से पीएम नरेंद्र मोदी पूर्व निर्धारित यात्रा के तहत सीधे कर्नाटक के बेंगलुरु जाएंगे। वह चंद्रयान-3 मिशन में शामिल इसरो टीम के वैज्ञानिकों से मुलाकात करेंगे।
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में गुरुवार को बचावकर्मियों ने 10वें दिन तलाशी अभियान में तीन और शव बरामद किए हैं। यहां पर भूस्खलन के कारण एक शिव मंदिर बह गया था। इसके मलबे के नीचे दर्जनों लोग दब गए थे।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने गुरुवार को लखनऊ पहुंचकर अपना पदभार ग्रहण कर लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि जिस ईडी, सीबीआई और बुलडोजर से डराया जाता है, मैं उस बुलडोजर को भी मोड़ देने का काम करूंगा।
बिहार में जदयू की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश का नाम नहीं होने को लेकर सफाई देते हुए जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने कहा कि वे बहुत दिनों से किसी बैठक में नहीं आ रहे थे।
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान-बॉम्बे को ग्रीन एनर्जी और सस्टेनेबिलिटी रिसर्च हब स्थापित करने के लिए एक अज्ञात पूर्व छात्र से 1.86 करोड़ डॉलर का दान मिला है, जो वैश्विक जलवायु परिवर्तन संकट का हल तलाशने में संस्थान की भूमिका को फिर से परिभाषित करेगा।
आज शाम दिल्ली के ओखला औद्योगिक क्षेत्र में एक निर्माणाधीन स्थल पर मिट्टी खुदाई के दौरान मिट्टी धंसने से 7-8 मजदूर दब गए। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है। डीसीपी (दक्षिणपूर्व) राजेश देव ने कहा कि यहां एक बेसमेंट खोदा जा रहा था और मजदूर यहां काम कर रहे थे। मिट्टी धंस गई और 7-8 लोग दब गए, जिनमें से दो की मौत हो गई। तीन अन्य घायल हो गए और तीन अन्य को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। हम सत्यापित कर रहे हैं कि क्या उनके पास कोई दस्तावेज था और खुदाई कैसे की जा रही थी।
भारत के विदेश सचिव विनय क्वात्रा ने बताया कि ब्रिक्स सम्मेलन में चीनी राष्ट्रपति जिनपिंग के साथ बातचीत में पीएम मोदी ने एलएसी पर अनसुलझे मुद्दों पर भारत की चिंताओं को उठाया। पीएम ने रेखांकित किया कि भारत-चीन संबंधों को सामान्य बनाने के लिए सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति बनाए रखना, एलएसी का सम्मान करना आवश्यक है। क्वात्रा ने कहा कि मोदी और शी ने संबंधित अधिकारियों को सैनिकों की शीघ्र वापसी और तनाव कम करने के प्रयासों को तेज करने का निर्देश देने पर सहमति व्यक्त की।
शतरंज के विश्व कप FIDE वर्ल्ड कप 2023 के फाइनल में हारकर उपविजेता रहे भारत के ग्रैंडमास्टर आर प्रगनानंद ने कहा कि मैं बिल्कुल शांत था, मुझे कुछ भी महसूस नहीं हो रहा था और मैं सिर्फ अपना सर्वश्रेष्ठ देना चाहता था। मैं बेहतर खेल सकता था, लेकिन यह ठीक है। मेरा मानना है कि किसी भी क्षेत्र में सफल होने के लिए परिवार का सहयोग बहुत जरूरी है। मेरे परिवार ने मेरा बहुत सहयोग किया है और मैं उनका बहुत आभारी हूं।
बिहार में जेडीयू की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश का नाम नहीं होने को लेकर सफाई देते हुए जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने कहा कि वे बहुत दिनों से किसी बैठक में नहीं आ रहे थे।
सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने पंजाब पुलिस के साथ एक संयुक्त अभियान में 360 ग्राम हेरोइन जब्त की है। हेरोइन को पंजाब के तरन तारन में ड्रोन से गिराया गया था।
उत्तर प्रदेश का नोएडा इस समय साइबर ठगी के साथ फर्जी कॉल सेंटर का बड़ा गढ़ बन गया है। इन फर्जी कॉल सेंटर को चलाने वाले देश के लोगों से ज्यादा विदेशियों को निशाना बनाते हैं। ऐसा ही एक फर्जी कॉल सेंटर नोएडा के फेस 1 थाना इलाके में चल रहा था, जिसका खुलासा पुलिस ने किया।
मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी के झटका लगा है। सतना जिले के रैगांव विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक जुगल किशोर बागरी के बेटे और बहू ने कमलनाथ के सामने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली। दरअसल, सतना जिले के रैगांव विधानसभा क्षेत्र से नाता रखने वाले देवराज बागरी और उनकी पत्नी वंदना बागरी ने भोपाल में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ की मौजूदगी में पार्टी का दामन थाम लिया।
भारतीय शतरंज के ग्रैंडमास्टर रमेशबाबू प्रज्ञानंद ने फिडे वर्ल्ड कप शतरंज टूर्नामेंट जीतने से चूक गए हैं। वर्ल्ड नंबर 1 मैग्नस कार्लसन ने उन्हें हराकर चेस वर्ल्ड कप पर एक बार फिर से क्जा जमा लिया है।
भारतीय पहलवानों को बड़ा झटका लगा। रेसलिंग की अंतरराष्ट्रीय संस्था यूनाईटेड वर्ल्ड रेसलिंग ने भारतीय रेसलिंग फेडरेशन को सस्पेंड कर दिया है। इसके भारतीय रेसलिंग संघ की सदस्यता रद्द हो गई। भारतीय रेसलर वर्ल्ड चैंपियनशिप और एशियन गेम्स की तैयारियों में लगे हुए हैं और ऐसे में ये खबर बुरी खबर है।
इसरो के पूर्व अध्यक्ष के सिवन ने कहा कि चंद्रयान-2 में हुई एक छोटी सी गलती के कारण हम सफलता हासिल नहीं कर सके। अन्यथा हम चार साल पहले ही ये सब कुछ हासिल कर सकते थे। अब हम बहुत खुश हैं कि हमने उस गलती से सीखा और इसे ठीक किया। 2019 में ही हमने चंद्रयान-3 को कॉन्फ़िगर किया और क्या सुधार करना है यह भी 2019 में ही तय किया गया था। कल हमने उस प्रयास का फल देखा।
हरियाणा के एक सरकारी स्कूल में सवालों का जवाब न देने पर प्रिंसिपल ने नौ साल के एक दलित लड़के की कथित तौर पर पिटाई कर दी। यह घटना बुधवार को हरियाणा के हिसार में हुई। पुलिस ने दोषी प्रिंसिपल पर एससी-एसटी एक्ट और किशोर न्याय अधिनियम (जेजे अधिनियम) के संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया है।
यह मामला तब सामने आया जब बच्चे ने गुरुवार को अपने माता-पिता को आपबीती सुनाई। इसके बाद परिवार के सदस्यों ने स्कूल प्रिंसिपल के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि उसके चाचा का बेटा तीसरी कक्षा का छात्र है और सरकारी स्कूल में पढ़ता है।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भुपेश बघेल ने कहा कि अगर ईडी को किसी को पकड़ना ही था तो देश के बाहर के लोगों को पकड़ना चाहिए था, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। आपने सिर्फ राजनीतिक एंगल देखा और अधिकारी किस में फंस सकते हैं। आने वाले दिनों में ईडी और भी कार्यकर्ताओं के यहां जाकर उन्हें परेशान करेगी ताकि वे काम ना कर पाएं।
चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग पर INSPACe के चेयरमैन पवन के. गोयनका ने कहा कि चंद्रयान के लैंडिंग से पहले बहुत घबराहट और चिंता थी क्योंकि हमारा चंद्रयान -2 चंद्रमा पर उतरने से चूक गया था। यह एक परिपूर्ण लैंडिंग थी और इस लैंडिंग के समय पूरा देश उत्साह से भर गया था।
नासिक के लासलगांव येओला बाजार के दो दिनों के लिए बंद होने पर कृषि उपज बाजार समिति (APMC) के अध्यक्ष किसन ढांगे ने कहा कि किसानों ने रास्ता रोका और कहा कि NAFED को 2410 रुपये रेट देना होगा। हमने उन्हें बताया कि NAFED ने नासिक जिले में खरीदारी भी शुरू नहीं की है। किसानों ने निर्णय लिया है कि जब तक 2410 रुपये रेट नहीं मिलेगा, तब तक बाजार बंद रहेगा। हम अपने मंत्री भुजबल से बात करेंगे और फिर कोई फैसला लेंगे।
इसरो प्रमुख एस सोमनाथ ने प्रज्ञान रोवर और इसकी कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रज्ञान रोवर के पास दो उपकरण हैं, दोनों चंद्रमा पर मौलिक संरचना के निष्कर्षों के साथ-साथ रसायनिक संरचनाओं से संबंधित हैं...इसके अलावा, यह सतह पर चक्कर लगाएगा। हम एक रोबोटिक पथ नियोजन अभ्यास भी करेंगे जो हमारे लिए भविष्य के अन्वेषणों के लिए महत्वपूर्ण है।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के साथ बैठक की। उन्होंने सचिवालय परिसर में 'मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना' के तहत महिला समूहों को उचित विपणन अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से उनके द्वारा बनाई गई राखी स्टॉल का भी निरीक्षण किया।
हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। भारी बारिश के बाद शिमला के इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में पानी घुस गया है।
जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले के डिब्बर इलाके में एक 21 वर्षीय युवक की तलाश में तवी नदी में सर्च ऑपरेशन जारी है। अतिरिक्त एसपी उधमपुर अनवर उल हक ने बताया, ''हमें शाम करीब 5 बजे इसकी जानकारी मिली। तुरंत एनडीआरएफ और पुलिस यहां पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। एनडीआरएफ ने अपनी बोट और गोताखोरों के जरिए सर्च ऑपरेशन चलाया लेकिन अभी युवक का पता नहीं चला है। सर्च ऑपरेशन जारी है।"
इसरो के तीसरे चंद्र मिशन चंद्रयान-3 की चंद्रमा की सतह पर सफल लैंडिंग के बाद श्री बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति ने केदारनाथ धाम में तिरंगा यात्रा निकाली और 'भारत माता की जय' के नारे लगाए।
बिहार में आज झमाझम बारिश के आसार हैं। बिजली चमकने, मेघ गर्जन और वज्रपात की भी संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, आज पटना समेत राज्य के 23 जिलों में भारी वर्षा की संभावना है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 24 Aug 2023, 7:52 AM IST