
कांग्रेस ने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की एक और सूची जारी कर दी है। इस लिस्ट में पार्टी ने कुल 14 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया है। लिस्ट में झारखंड की तीन, मध्य प्रदेश की तीन, तेलंगाना की चार और उत्तर प्रदेश की चार सीटों पर प्रत्याशियों के नाम का ऐलान किया गया है।
नोएडा के सेक्टर 32 में डंपिंग ग्राउंड में लगी आग बुधवार को 48 घंटे से ज्यादा का समय बीतने के बाद भी धधक रही है। फायर ब्रिगेड की 15 से ज्यादा गाड़ियां करीब सैकड़ों चक्कर लगाकर पानी का छिड़काव कर चुकी हैं, लेकिन अभी भी आग बुझने का नाम नहीं ले रही है।
ईडी ने दिल्ली शराब नीति मामले में आप के गोवा अध्यक्ष अमित पालेकर, रामाराव वाघ, दत्ता प्रसाद नाइक और भंडारी समाज के अध्यक्ष अशोक नाइक को समन भेजा और उन्हें कल जांच में शामिल होने को कहा।
उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिनवा ने बताया कि पहले चरण में उत्तर प्रदेश की आठ लोकसभा सीटों- सहारनपुर, कैराना, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, नगीना, मुरादाबाद, रामपुर और पीलीभीत में चुनाव होना है। आज नामांकन का आखिरी दिन था। इन 8 निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 155 उम्मीदवारों ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। कल इन पर्चों की जांच की जाएगी और वैध रूप से नामांकित उम्मीदवारों की सूची लगाई जाएगी और नाम वापस लेने की आखिरी तारीख 30 मार्च है। पहले चरण का मतदान 19 अप्रैल को होगा। उत्तर प्रदेश में कल दूसरे चरण के चुनाव की अधिसूचना जारी होगी।
रामपुर और मुरादाबाद सीट पर नामांकन को लेकर बुधवार को दिनभर भ्रम के हालात के बाद आखिरकार समाजवादी पार्टी ने शाम को रुचि वीरा और मुहिबउल्लाह नदवी को अपना अधिकृत उम्मीदवार घोषित कर दिया। मुरादाबाद से वर्तमान सपा सांसद एसटी हसन का पत्ता कट गया है।
आगामी चुनाव में मुरादाबाद लोकसभा सीट से रुचि वीरा को पार्टी उम्मीदवार बनाए जाने पर समाजवादी पार्टी के नेता एसटी हसन ने कहा कि आजम खान और अखिलेश यादव हमारे नेता हैं, इसलिए उन्होंने ऐसा कदम उठाने से पहले सोचा होगा। अगर पार्टी चाहेगी तो मैं अब भी चुनाव लड़ सकता हूं।
बीजेपी ने लोकसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की सातवीं सूची जारी कर दी है। पार्टी ने नवनीत राणा को महाराष्ट्र की अमरावती सीट से मैदान में उतारा है।
दिल्ली हाईकोर्ट ने ईडी द्वारा गिरफ्तारी और रिमांड को चुनौती देने वाली सीएम अरविंद केजरीवाल की याचिका पर प्रवर्तन निदेशालय को नोटिस जारी किया। हाईकोर्ट ने मुख्य याचिका के साथ-साथ याचिकाकर्ता की अंतरिम रिहाई की अर्जी पर 2 अप्रैल तक ईडी से जवाब मांगा है।
कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे के रनवे पर बुधवार को इंडिगो का एक विमान एयर इंडिया एक्सप्रेस के विमान से टकराने से बाल-बाल बच गया। हादसे के अंदेशे से विमान में सवार 169 यात्रियों की रूह कांप गई।
प्रवर्तन निदेशालय ने बुधवार को केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन की बेटी वीणा विजयन के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का एक मामला दर्ज किया है। ईडी ने उनकी आईटी फर्म और कोचीन स्थित खनन फर्म सीएमआरएल से जुड़े मामलों की जांच शुरू कर दी है।
आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर बीजेपी की आंतरिक बैठक पार्टी के विस्तार कार्यालय में चल रही है। बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, पार्टी प्रमुख जेपी नड्डा और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव संगठन बीएल संतोष मौजूद हैं
दिल्ली कांग्रेस प्रमुख अरविंदर सिंह लवली ने कहा कि जैसा कि हमने पहले कहा था, इंडिया एलायंस की रैली 31 मार्च को होगी। यह लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई है...लोकतंत्र को बचाने के लिए दिल्ली से आवाज उठेगी, जो हमारे प्रमुख नेताओं द्वारा समर्थित होगी। हम लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई में अपने सभी गठबंधन सहयोगियों के साथ मजबूती से खड़े हैं।
उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता हरीश रावत ने कहा, "हमारे कार्यकर्ताओं में बहुत उत्साह है, सब एकजुट होकर चुनाव लड़ रहे हैं, जीत कांग्रेस की होगी। इस(भाजपा का '400 पार' का नारा) नारे में उनका घमंड झलकता और लोकतंत्र में घमंड का कोई स्थान नहीं है।"
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की याचिका पर हाई कोर्ट में आज यानी बुधवार को सुनवाई हुई।सीएम केजरीवाल ने हाई कोर्ट में अपनी गिरफ्तारी को चुनौती दी है। सीएम केजरीवाल की याचिका पर दिल्ली हाईकोर्ट का आदेश शाम 4.30 से 4.45 के बीच आएगा।
आप नेता दीपक सिंगला के आवास पर ईडी की छापेमारी पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा का कहना है, "अब लोगों का ऐसी जांच एजेंसियों से भरोसा उठ गया है, हमने इन एजेंसियों पर जो भी सवाल उठाए थे, वे सभी सही साबित हुए हैं
बीजापुर जिले के चिकुरबत्ती-पुसबाका के पास वन क्षेत्र में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ के बाद छह नक्सलियों के शव बरामद किए गए। ऑपरेशन में डीआरजी, सीआरपीएफ 229, कोबरा की टीम शामिल थी
शिवसेना यूबीटी नेता अमोल कीर्तिकर को प्रवर्तन निदेशालय द्वारा समन पर संजय राउत ने कहा कि जैसे ही लोकसभा चुनाव के उम्मीदवार के रूप में उनके नाम की घोषणा की गई, उन्हें ईडी से समन मिला। यह सिर्फ डराने की कोशिश है, लेकिन हम डरेंगे नहीं
बिग बॉस 17 के विजेता मुनव्वर फारुकी और 13 अन्य को कल रात फोर्ट इलाके में हुक्का बार में छापेमारी के मामले में हिरासत में लिया गया और उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पूछताछ के बाद सभी आरोपियों को रिहा कर दिया गया।
आज लोकसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग के लिए नामांकन का आखिरी दिन है। नागपुर से केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, पीलीभीत से जितिन प्रसाद नामांकन करेंगे। पहले चरण का मतदान 19 अप्रैल को होगा।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 27 Mar 2024, 7:57 AM IST